विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Sugarcane Farmers Get Major Relief 27 84 Crore To Be Repaid By Selling Sugar Mill Land Cabinet Minister Assur

गन्ना किसानों को बड़ी राहत: चीनी मिल की जमीन बेचकर चुकाए जाएंगे ₹27.84 करोड़, कैबिनेट मंत्री ने दिया भरोसा

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Fri, 27 Nov 2026 04:37 PM IST
सार

  • मिल की 10 कनाल जमीन बेचकर 27.84 करोड़ रुपये का बकाया चुकाने की तैयारी।

  • बिजली बिक्री से मिलने वाली रकम भी किसानों के खातों में जमा होगी।

  • 2025-26 सीजन की 18.93 करोड़ रुपये की सब्सिडी का भुगतान 10 दिन बाद शुरू होने का भरोसा।

  • किसान चाहते हैं कि सरकार मिल को अपने नियंत्रण में लेकर इसका संचालन सुनिश्चित करे।

गन्ना किसान
गन्ना किसान - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब सरकार ने गोल्डन संधार शुगर मिल पर किसानों के बकाया 27.84 करोड़ रुपये का भुगतान मिल की जमीन बेचकर करने का भरोसा दिया है। शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन (दोहा) के अध्यक्ष मनजीत सिंह राय के नेतृत्व में किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ में पंजाब के कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां से मुलाकात की। इस दौरान गन्ना किसानों के बकाया भुगतान का मुद्दा उठाया गया।

मनजीत सिंह राय ने बताया कि सरकार मिल परिसर में मौजूद 10 कनाल जमीन बेचकर बकाया राशि जुटाएगी। इसके लिए कपूरथला के उपायुक्त (डीसी) को प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा चीनी मिल में पैदा होने वाली बिजली की बिक्री से मिलने वाली रकम भी सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा कराई जाएगी, ताकि उनका बकाया चुकाया जा सके।

बैठक में गन्ना पेराई सीजन 2025-26 के लिए राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली 68.50 रुपये प्रति क्विंटल सब्सिडी के तहत बकाया 18.93 करोड़ रुपये का मुद्दा भी उठाया गया। राय के मुताबिक, मंत्री ने भरोसा दिया कि 10 दिन बाद किसानों के बैंक खातों में भुगतान पहुंचना शुरू हो जाएगा।

किसान नेताओं ने मांग की कि पंजाब सरकार गोल्डन संधार शुगर मिल को अपने नियंत्रण में ले और मौजूदा पेराई सीजन 2026-27 में इसका संचालन सुनिश्चित करे। राय ने बताया कि सरकार के प्रतिनिधियों ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई है।

उन्होंने बैठक को सकारात्मक बताते हुए कहा कि सरकार ने बकाया भुगतान और मिल को दोबारा सुचारु रूप से चलाने को लेकर भरोसा दिया है। यूनियन जल्द ही बैठक कर सरकार के आश्वासनों पर चर्चा करेगी और आगे की रणनीति तय करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन