विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Farmers To Get Increased Compensation Yeida To Spend Rs 565 Crore On Land Acquisition For Jewar Airport

किसानों को मिलेगा बढ़ा हुआ मुआवजा : जेवर एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण पर 565 करोड़ रुपये खर्च करेगी यीडा

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Fri, 27 Nov 2026 05:15 PM IST
सार

जेवर एयरपोर्ट के तीसरे और चौथे चरण के विस्तार के लिए यीडा 565 करोड़ रुपये खर्च करेगी। किसानों को अब 3,100 के बजाय 4,300 रुपये प्रति वर्गमीटर मुआवजा मिलेगा। जानें 14 गांवों के जमीन अधिग्रहण और आवंटियों को मिली राहत की पूरी जानकारी।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के बोर्ड की 94वीं बैठक में किसानों और भूखंड आवंटियों को राहत देने से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के तीसरे और चौथे चरण के विस्तार के लिए जमीन अधिग्रहण का मुआवजा बढ़ाने पर सहमति बनी है। इसके तहत किसानों को अब 3,100 रुपये के बजाय 4,300 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से मुआवजा दिया जाएगा। जमीन अधिग्रहण के लिए करीब 565 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया जाएगा।

बैठक में किसानों को अतिरिक्त मुआवजा देने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए, ताकि जमीन अधिग्रहण में देरी न हो। इसके साथ ही जेवर क्षेत्र के युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण देने का फैसला किया गया है। प्रशिक्षण के बाद उन्हें नोएडा एयरपोर्ट और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने की योजना है।

किसानों को मुआवजे में करीब 39 फीसदी की बढ़ोतरी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के तीसरे और चौथे चरण के विस्तार के लिए यीडा ने जमीन अधिग्रहण के मुआवजे की दर 3,100 रुपये से बढ़ाकर 4,300 रुपये प्रति वर्गमीटर कर दी है। यानी किसानों को अब करीब 39 फीसदी अधिक मुआवजा मिलेगा। इसके अलावा अधिग्रहित जमीन पर ब्याज का भुगतान भी किया जाएगा। किसानों को 7 फीसदी विकसित आबादी भूखंड देने का भी प्रावधान है। हालांकि, कुछ किसान संगठन इस बढ़ी हुई दर से संतुष्ट नहीं हैं। उनकी मांग है कि मुआवजा बढ़ाकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की दर यानी 6,415 रुपये प्रति वर्गमीटर के बराबर किया जाए।

14 गांवों की 1,888 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण
जेवर एयरपोर्ट के तीसरे और चौथे चरण के विस्तार के लिए कुल 2,053 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण प्रस्तावित है। इसमें से 1,888 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। इस प्रक्रिया से करीब 42,433 किसान और 14 गांव प्रभावित होंगे।

इन गांवों में नीमका शाहजहांपुर, थोरा, रामनेर, ख्वाजापुर, पारोही, जेवर बांगर, मुकीमपुर शिवारा, किशोरपुर, बनवारीबांस, साबुता, अहमदपुर चवरौली, दयानतपुर, रोही और बंकापुर शामिल हैं। इनमें थोरा और रामनेर गांव के करीब 17 हजार किसान शामिल हैं।

11,327 आवासीय भूखंड आवंटियों को राहत
यीडा ने आवासीय भूखंड लेने वाले 11,327 आवंटियों को भी राहत दी है। जिन लोगों ने लीज डीड करा ली थी, लेकिन किसी कारण से तय समय में मकान नहीं बना पाए, उन्हें अब 31 दिसंबर 2026 तक निर्माण पूरा करने का मौका दिया गया है। इस अवधि में उनसे विलंब शुल्क या जुर्माना नहीं लिया जाएगा।

यह राहत सेक्टर 16, 17, 18, 20 और 22डी में आवंटित भूखंडों के लिए दी गई है। प्राधिकरण के अनुसार, कोरोना महामारी और अन्य कारणों से कई आवंटी समय पर निर्माण नहीं कर पाए थे। इन सेक्टरों में सड़क, बिजली, पानी और सीवर जैसी बुनियादी सुविधाओं का काम भी अभी पूरी तरह पूरा नहीं हुआ है। इसी को देखते हुए आवंटियों को अतिरिक्त समय दिया गया है। पहले आवंटियों को 45 दिन के भीतर भवन का नक्शा पास कराना और अगले 60 दिनों में निर्माण शुरू करना जरूरी था। ऐसा नहीं करने पर आवंटन रद्द करने या जुर्माना लगाने का प्रावधान था।

बकाया जमा करने के लिए OTS योजना को मंजूरी
बोर्ड बैठक में बकाया भुगतान करने वाले आवंटियों के लिए एकमुश्त समाधान योजना (OTS) को भी मंजूरी दी गई। इसके तहत आवासीय, व्यावसायिक, संस्थागत, मिक्स यूज और 7 फीसदी आबादी भूखंडों के डिफॉल्टर आवंटियों को राहत मिलेगी। हालांकि, ग्रुप हाउसिंग और टाउनशिप परियोजनाओं को इस योजना से बाहर रखा गया है।

इसके अलावा यीडा के सेक्टरों में सड़क, सीवर और बिजली जैसी सुविधाओं को पूरा करने की समयसीमा तय करने का फैसला हुआ। टॉय पार्क, अपैरल पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क में भी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन