खेती-बाड़ी से जुड़े आंकड़े जुटाने के लिए सैटेलाइट तकनीक से जानकारी-डाटा जुटाने को सरकार व्यवस्था में एक नियमित जगह देने की जरूरत है। खेती से जुड़े आंकड़े जुटाने के लिए अब सैटेलाइट तकनीक और धरती के अवलोकन को नियमित सरकारी व्यवस्था का हिस्सा बनाने की जरूरत है। एशियाई विकास बैंक की एक नई रिपोर्ट में कहा गया है कि सैटेलाइट तस्वीरों, ड्रोन, मशीन लर्निंग और क्लाउड प्लेटफॉर्म की मदद से फसलों की सेहत, उनके विकास और प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान का आकलन पारंपरिक तरीकों के मुकाबले तेजी से किया जा सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सैटेलाइट से जुड़ी जानकारी से कृषि निगरानी में तेजी, ज्यादा क्षेत्र का कवरेज और भौगोलिक स्तर पर विस्तृत जानकारी हासिल की जा सकती है।
भारत में पहले से हो रहा है सैटेलाइट तकनीक का इस्तेमाल
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में कृषि निगरानी के लिए सैटेलाइट तकनीक का इस्तेमाल पहले से किया जा रहा है। इसके लिए फसल उत्पादन का पूर्वानुमान लगाने वाले कार्यक्रम फसल (FASAL) का उदाहरण दिया गया है। FASAL कार्यक्रम के तहत कई तरह के सैटेलाइट सेंसर से मिलने वाले आंकड़ों का इस्तेमाल फसल उत्पादन का अनुमान लगाने के लिए किया जाता है।
भारत में खेती से जुड़े निर्णय लेने में मदद के लिए खास प्रणाली
सरकार ने इसी व्यवस्था को आगे बढ़ाते हुए कृषि निर्णय सहायता प्रणाली भी शुरू की है। यह प्रणाली सैटेलाइट तस्वीरों और जमीनी जानकारी को एक छत के नीचे लाती है, जिसकी मदद से सरकार को तेज निर्णय लेने में मदद हो सकती है।
एशिया-प्रशांत क्षेत्र में 70 फीसदी से ज्यादा छोटे किसान
रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया और प्रशांत क्षेत्र में काम करने वाले कुल लोगों में करीब 29 फीसदी कृषि क्षेत्र से जुड़े हैं। वहीं, कई कम आय वाले देशों में यह हिस्सेदारी 40 फीसदी से अधिक है। इस क्षेत्र में दुनिया के 70 फीसदी से ज्यादा छोटे किसान रहते हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि सूखा, बाढ़ और चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं से फसलों की स्थिति प्रभावित हो रही है। इसके अलावा, खाद्य और उर्वरकों की ऊंची कीमतें तथा अल नीनो जैसी परिस्थितियां खाद्य सुरक्षा और ग्रामीण आजीविका के लिए चुनौती पैदा कर रही हैं।
पारंपरिक तरीके से आंकड़े जुटाने में ज्यादा समय, तकनीक से मजबूत होगी व्यवस्था
रिपोर्ट के मुताबिक, इस समय खेती-बाड़ी से जुड़े आंकड़े जुटाने के लिए किसानों की याददाश्त पर आधारित जानकारी, समय-समय पर होने वाले सर्वे और सरकारी विभागों की रिपोर्ट पर निर्भरता है। इन तरीकों में ज्यादा खर्च के बाद भी कई बार जमीनी स्तर पर पर्याप्त जानकारी नहीं मिल पाती। दूसरी तरफ आंकड़े सामने आने में होने वाली देरी खाद्य सप्लाई, व्यापार और आपातकालीन स्थिति में समय पर फैसला लेना मुश्किल हो सकता है।
रिपोर्ट इन चुनौतियों से निपटने के लिए सैटेलाइट की मदद से अवलोकन के मॉडल को आगे करती है। दूसरी तरफ यह रिपोर्ट मौजूदा आंकड़ा जुटाने के तरीके को पूरी तरह खत्म करने के बजाय इस तकनीक से उसे और मजबूत करनी की वकालत करती है।
सैटेलाइट तकनीक पारंपरिक सर्वे का विकल्प नहीं
एडीबी की रिपोर्ट में साफ किया गया है कि सैटेलाइट और ड्रोन से मिलने वाली जानकारी पारंपरिक सर्वे की जगह पूरी तरह नहीं ले सकती। रिपोर्ट के मुताबिक, सर्वे और सरकारी प्रशासनिक व्यवस्थाएं अब भी खेती से जुड़ी आर्थिक और सामाजिक जानकारी उपलब्ध कराती हैं, जिसे अंतरिक्ष से देखना संभव नहीं है।इसलिए अर्थ ऑब्जर्वेशन तकनीक को अलग से चलाए जाने वाले मैपिंग प्रोजेक्ट तक सीमित रखने के बजाय नियमित कृषि आंकड़े तैयार करने की प्रक्रिया में शामिल किया जाना चाहिए।
फसल नुकसान का पहले से अनुमान लगाने में मिलेगी मदद
रिपोर्ट में कृषि पूर्वानुमान को अर्थ ऑब्जर्वेशन तकनीक के इस्तेमाल का नया क्षेत्र बताया गया है। अब तक इन तकनीकों का इस्तेमाल मुख्य रूप से फसलों की मौजूदा स्थिति पर नजर रखने के लिए होता रहा है। लेकिन इनके जरिए भविष्य में पैदा होने वाली चुनौतियों का अनुमान लगाने की क्षमता भी विकसित की जा सकती है।
एडीबी के मुताबिक, सैटेलाइट से मिलने वाले पूर्वानुमान आधारित आंकड़ों को जलवायु संबंधी जानकारी और मशीन लर्निंग के साथ जोड़ने से फसलों पर पड़ने वाले तनाव और संभावित उत्पादन कमी की शुरुआती चेतावनी मिल सकती है। इससे कृषि उत्पादन में गिरावट की संभावना और खाद्य संकट जैसी परिस्थितियों का पहले से पता लगाने में मदद मिल सकती है।