विज्ञापन
Home› Khabar Junction› New Zealand Challenges India S Claim By Citing Common Name As Gi Tag For Basmati

Basmati Rice: न्यूजीलैंड में बासमती को GI टैग दिलाना मुश्किल, ‘आम नाम’ बताकर भारत के दावे को दी चुनौती

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Fri, 27 Nov 2026 04:07 PM IST
सार

  • न्यूजीलैंड की रिपोर्ट में बासमती को आम इस्तेमाल वाला नाम बताया गया है।

  • भारत और न्यूजीलैंड 20 अप्रैल 2027 तक जीआई प्रावधानों की समीक्षा शुरू करेंगे।

  • न्यूजीलैंड हाईकोर्ट पहले ही बासमती को कई देशों में उगाई जाने वाली चावल की किस्म मान चुका है।

  • केन्या और यूरोपीय संघ में भी भारत को बासमती के जीआई टैग पर चुनौती मिल रही है।

बासमती चावल
बासमती चावल - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत के बासमती चावल को न्यूजीलैंड में भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग दिलाने की राह मुश्किल हो सकती है। न्यूजीलैंड सरकार की एक आधिकारिक रिपोर्ट में ‘बासमती’ को आम तौर पर इस्तेमाल होने वाला नाम बताया गया है। इसका मतलब है कि वहां बासमती नाम से बिकने वाले चावल को किसी एक खास भौगोलिक क्षेत्र से जोड़कर देखना आसान नहीं होगा। इससे भारत के जीआई टैग के दावे को चुनौती मिल सकती है।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) इस साल 20 अक्टूबर से लागू हुआ है। इस समझौते में दोनों देशों ने बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) से जुड़े अध्याय में जीआई के प्रावधानों की समीक्षा करने पर सहमति जताई है। न्यूजीलैंड के एक आधिकारिक दस्तावेज के मुताबिक, इस समीक्षा के दौरान भारत को बासमती जैसे अपने उत्पादों को जीआई सुरक्षा दिलाने के लिए समझौते में बदलाव का प्रस्ताव रखने का मौका मिलेगा।

छह महीने के भीतर शुरू होगी समीक्षा
भारत और न्यूजीलैंड ने एफटीए लागू होने के छह महीने के भीतर जीआई से जुड़े प्रावधानों की समीक्षा शुरू करने पर सहमति जताई है। इसके लिए 20 अप्रैल 2027 की समयसीमा तय की गई है। न्यूजीलैंड ने यूरोपीय संघ के साथ हुए समझौते के अनुरूप अगले 18 महीनों में अपने घरेलू जीआई कानून में बदलाव करने का भी वादा किया है। इससे शराब और स्पिरिट के अलावा भारत के अन्य उत्पादों को भी जीआई के तहत पंजीकरण कराने का रास्ता खुल सकता है। जीआई टैग मिलने से किसी खास क्षेत्र में पैदा होने वाले उत्पाद को अलग पहचान और बाजार में विशेष पहचान मिलती है। भारत चाहता है कि बासमती चावल को भी न्यूजीलैंड में ऐसी सुरक्षा मिले।

‘आम नाम’ मानने से कानूनी अड़चन
न्यूजीलैंड की नेशनल इंटरेस्ट एनालिसिस (एनआईए) रिपोर्ट में बासमती को आम इस्तेमाल वाला नाम बताया गया है। व्यापार विशेषज्ञों के मुताबिक, इसका भारत के कानूनी और कारोबारी दावे पर असर पड़ सकता है। न्यूजीलैंड के भौगोलिक संकेतक पंजीकरण कानून, 2006 के तहत किसी उत्पाद के ऐसे नाम को जीआई टैग नहीं दिया जा सकता, जिसे वहां उस उत्पाद के लिए आम नाम के रूप में इस्तेमाल किया जाता हो।

रिपोर्ट में कहा गया है कि न्यूजीलैंड में बासमती नाम का इस्तेमाल भारत के बाहर उगाए गए चावल के लिए भी होता है। ऐसे में वहां की कंपनियां और कारोबारी भारतीय बासमती को जीआई सुरक्षा देने के प्रस्ताव पर आपत्ति जता सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि न्यूजीलैंड सरकार यह जानने के लिए उपभोक्ता सर्वेक्षण भी करा सकती है कि वहां के लोग बासमती चावल को किस देश या क्षेत्र से जोड़कर देखते हैं।

दूसरे देशों में भी भारत को चुनौती
बिजनेस लाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, व्यापार विशेषज्ञों का कहना है कि भारत को बासमती चावल के लिए एशिया, अफ्रीका या यूरोप के कम से कम एक देश में जल्द जीआई सुरक्षा हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए। इससे न्यूजीलैंड में अपना दावा मजबूत करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, दूसरे देशों में भी भारत को इस मामले में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। केन्या ने भारत के दावे को खारिज किया है, जबकि यूरोपीय संघ में बासमती को जीआई टैग देने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।

न्यूजीलैंड हाईकोर्ट के फैसले से बढ़ी मुश्किल
पिछले साल अक्टूबर में न्यूजीलैंड हाईकोर्ट ने बासमती को आम नाम मानने के फैसले को बरकरार रखा था। भारतीय कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने न्यूजीलैंड में बासमती के लिए प्रमाणन ट्रेडमार्क हासिल करने की कोशिश की थी।

लेकिन वहां के पेटेंट रजिस्ट्रार ने ट्रेडमार्क कानून की धारा 62 का हवाला देते हुए आवेदन खारिज कर दिया था। इसके बाद एपीडा ने हाईकोर्ट में अपील की, लेकिन अदालत ने भी रजिस्ट्रार के फैसले को सही ठहराया। अदालत के मुताबिक, न्यूजीलैंड के उपभोक्ता और दुकानदार बासमती को लंबे दाने वाले खुशबूदार चावल की एक किस्म के रूप में पहचानते हैं। यह चावल भारत और पाकिस्तान समेत कई देशों में उगाया जाता है। इसलिए इसे केवल भारत से जुड़ा उत्पाद नहीं माना जा सकता।

व्यापार विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के कारोबारी भी भारतीय बासमती को जीआई टैग देने का विरोध कर सकते हैं। ऐसे में उपभोक्ता सर्वेक्षण की भूमिका अहम हो सकती है। ‘बासमती राइस : द नेचुरल हिस्ट्री जियोग्राफिकल इंडिकेशन’ पुस्तक के लेखक एस. चंद्रशेखरन के मुताबिक, एपीडा को भारतीय बासमती और उसके भौगोलिक क्षेत्र के बीच संबंध को मजबूत करने के लिए और सबूत जुटाने होंगे।

उन्होंने कहा कि पुराने साक्ष्यों की दोबारा समीक्षा करने से भारत का पक्ष मजबूत हो सकता है। देश के दीर्घकालिक हितों की रक्षा के लिए दूसरे देशों में भी बासमती के जीआई पंजीकरण की प्रक्रिया तेज करना जरूरी है।
विज्ञापन
विज्ञापन