विज्ञापन
Home› Khabar Junction› India Fish Farming Production Reaches 19 8 Million Tonnes Seafood Exports Earn Rs 73 890 Crore

मछली पालन में भारत की बड़ी छलांग : उत्पादन पहुंचा 198 लाख टन, सीफूड निर्यात से कमाए 73890 करोड़ रुपये

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Fri, 27 Nov 2026 04:45 PM IST
सार

भारत में मछली उत्पादन 198 लाख टन पहुंचा और सीफूड निर्यात 73,890 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर रहा। जानें 34 मत्स्य क्लस्टर, आधुनिक तकनीक और मछली पालन में रोजगार के नए अवसरों के बारे में।

मछली पालन
मछली पालन - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत में मछली पालन और एक्वाकल्चर (जलीय कृषि) का क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश में मछली उत्पादन वर्ष 2024-25 में बढ़कर 198 लाख टन पहुंच गया है। वहीं, वित्त वर्ष 2025-26 में समुद्री उत्पादों (सीफूड) का निर्यात रिकॉर्ड 73,890.46 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इससे मछली पालन से जुड़े किसानों और मछुआरों के लिए रोजगार और कारोबार के नए अवसर बन रहे हैं।

केंद्रीय मत्स्य पालन विभाग के सचिव डॉ. अभिलक्ष लिखी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के नागपुर स्थित कॉलेज ऑफ फिशरी साइंस का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत की और देश में मत्स्य पालन, मछली उत्पादन, कारोबार और रोजगार की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी।

डॉ. लिखी ने बताया कि भारत दुनिया में मछली पालन का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक देश है। वैश्विक मछली उत्पादन में भारत की हिस्सेदारी करीब 8 प्रतिशत है। देश में अंतर्देशीय मत्स्य पालन और जलीय कृषि का उत्पादन भी बढ़कर 2024-25 में 153 लाख टन हो गया है। सीफूड का निर्यात 19.32 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच गया है। इस क्षेत्र से 3 करोड़ से अधिक मछुआरों और मछली पालकों की आजीविका जुड़ी हुई है।

देश में बनाए गए 34 विशेष मत्स्य पालन क्लस्टर
डॉ. लिखी ने बताया कि सरकार मछली पालन के कारोबार को बढ़ावा देने के लिए क्लस्टर आधारित विकास पर काम कर रही है। इसके तहत देशभर में 34 विशेष मत्स्य पालन और जलीय कृषि क्लस्टर बनाए गए हैं। इनमें टूना, झींगा, तिलापिया, ट्राउट, समुद्री शैवाल, मोती, सजावटी मछलियों और जलाशयों में मछली पालन जैसे क्षेत्रों पर ध्यान दिया जा रहा है।

इन क्लस्टर के जरिए मछली उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण, पैकेजिंग, बाजार और निर्यात तक की सुविधाएं एक साथ विकसित की जाएंगी। इससे मछली पालकों को तकनीक, बाजार और वित्तीय सहायता मिलने में आसानी होगी। इसके लिए नाबार्ड जैसी संस्थाओं और निजी कारोबारियों की भी मदद ली जाएगी।

आधुनिक तकनीक से बढ़ेगा मछली उत्पादन
उन्होंने कहा कि मछली पालन को अधिक उत्पादक और कम खर्चीला बनाने में आधुनिक तकनीक की अहम भूमिका है। इसके लिए सरकार प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) के तहत आरएएस (रीसर्कुलेटरी एक्वाकल्चर सिस्टम), बायोफ्लॉक, केज कल्चर और बेहतर मछली बीज उत्पादन जैसी तकनीकों को बढ़ावा दे रही है।

इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), मशीन लर्निंग और ड्रोन जैसी तकनीकों से पानी की गुणवत्ता, मछलियों की सेहत, भोजन देने और बीमारियों की निगरानी में मदद मिलेगी। इससे मछली पालन का काम अधिक आसान और प्रभावी हो सकेगा।

युवाओं और महिलाओं के लिए कारोबार के अवसर
डॉ. लिखी ने कहा कि मत्स्य पालन के क्षेत्र में युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार और उद्यम शुरू करने की काफी संभावनाएं हैं। सरकार प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना और प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना के जरिए स्टार्टअप, किसान उत्पादक संगठनों, सहकारी समितियों और स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित कर रही है।

उन्होंने मछली पालकों को संस्थागत कर्ज, बीमा और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में नेशनल फिशरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका भी बताई। इसके साथ ही ऑनलाइन बाजार से जुड़ने के लिए ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल बढ़ाने पर जोर दिया।

मछली की प्रोसेसिंग और कोल्ड स्टोरेज पर जोर
उन्होंने कहा कि मछली पालकों की आमदनी बढ़ाने के लिए केवल उत्पादन बढ़ाना काफी नहीं है। मछली को सुरक्षित रखने, उसकी प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और बाजार तक पहुंचाने की सुविधाएं भी मजबूत करनी होंगी। इसके लिए आधुनिक मछली मंडियों, फिश लैंडिंग सेंटर, कोल्ड स्टोरेज, परिवहन और प्रोसेसिंग यूनिट विकसित करने की जरूरत है। समुद्री शैवाल की खेती, सजावटी मछलियों, मोती उत्पादन और समुद्री जलीय कृषि जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार और कारोबार की संभावनाएं हैं।

19.69 करोड़ रुपये से बनेगा फिशरीज टेक्नोलॉजी कॉम्प्लेक्स
दौरे के दौरान डॉ. लिखी ने कॉलेज में मछली बीज इकाई, हैचरी, प्रदर्शनी और संग्रहालय का निरीक्षण किया। उन्होंने फिशरीज टेक्नोलॉजी कॉम्प्लेक्स का भी दौरा किया। इस कॉम्प्लेक्स को अंतर्देशीय मत्स्य पालन के लिए शोध, प्रशिक्षण, जांच और तकनीक के प्रदर्शन की एकीकृत सुविधा के रूप में विकसित किया जा रहा है।

इस परियोजना पर 19.69 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसका निर्माण केंद्र सरकार की मत्स्य पालन और जलीय कृषि अवसंरचना विकास निधि (FIDF) योजना के तहत किया जा रहा है। कार्यक्रम में देश के विभिन्न मत्स्य विज्ञान महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। विद्यार्थियों ने इंटर्नशिप और रोजगार के अवसरों की जानकारी देने के लिए एक साझा मंच बनाने की जरूरत भी उठाई। डॉ. लिखी ने उन्हें पारंपरिक नौकरियों के अलावा मत्स्य पालन और जलीय कृषि में उद्यम शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया।
विज्ञापन
विज्ञापन