न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी और गन्ने का भाव बढ़ाने समेत कई मांगों को लेकर किसानों ने सहारनपुर कमिश्नर कार्यालय पर रात-दिन का धरना शुरू कर दिया है। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर बृहस्पतिवार को मंडलभर से बड़ी संख्या में किसान और किसान संगठनों के कार्यकर्ता धरना स्थल पर पहुंचे। शाम करीब साढ़े चार बजे भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी धरने में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
गुरुवार दोपहर से ही किसानों का कमिश्नर कार्यालय पहुंचना शुरू हो गया था। किसानों ने धरने के लिए टेंट लगाए। बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पहुंचने से हसनपुर से विकास भवन जाने वाले मार्ग पर जाम लग गया। राकेश टिकैत के धरना स्थल पर पहुंचने पर किसानों ने नारे लगाकर उनका स्वागत किया।
राकेश टिकैत ने कहा कि 26 नवंबर 2020 को दिल्ली में शुरू हुए किसान आंदोलन की वर्षगांठ पर किसान एक रात घरों से बाहर आंदोलन स्थल पर बिताएंगे। इसी के तहत देश के अलग-अलग हिस्सों में धरना-प्रदर्शन किए जा रहे हैं। कुछ जगह एक दिन का कार्यक्रम रखा गया है, जबकि कई स्थानों पर किसान रातभर धरने पर बैठेंगे।
कमिश्नर को लेना होगा राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन
राकेश टिकैत ने कहा कि किसान शुक्रवार को कमिश्नर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। कमिश्नर को खुद धरना स्थल पर आकर ज्ञापन लेना होगा। जब तक कमिश्नर ज्ञापन लेने नहीं आएंगे, तब तक उनसे बातचीत नहीं होगी और किसान धरना खत्म नहीं करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा आंदोलन को 72 घंटे तक बढ़ाने का फैसला भी ले सकता है।
एमएसपी से कम कीमत पर फसल नहीं खरीद सकेगा व्यापारी
राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों की प्रमुख मांग देश में एमएसपी गारंटी कानून लागू करना है। कानून बनने से कोई भी व्यापारी किसानों की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम कीमत पर नहीं खरीद सकेगा। इसके अलावा गन्ने का भाव बढ़ाने, बिजली संशोधन विधेयक लागू नहीं करने, भूमि अधिग्रहण के लिए सर्किल रेट में कम से कम 100 प्रतिशत बढ़ोतरी करने और गन्ना भुगतान की समस्या दूर करने की मांग भी उठाई गई।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में गन्ने का भाव 430 रुपये प्रति क्विंटल है, जबकि उत्तर प्रदेश में किसानों को 400 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा है। प्रदेश में भी गन्ने का भाव बढ़ाया जाना चाहिए। आगे के आंदोलन की रणनीति किसान नेता आपसी बैठक में तय करेंगे।
धरने में जिला अध्यक्ष नरेश स्वामी, मुजफ्फरनगर जिला अध्यक्ष नवीन राठी, शामली जिला अध्यक्ष आशीष चौधरी, मंडल अध्यक्ष चौधरी अशोक कुमार, राष्ट्रीय सचिव ओमपाल मलिक, गुड्डू चौधरी, सुखबीर सिंह, भाग सिंह, मास्टर रघुवीर सिंह, संजय चौधरी, पाल सिंह, मूसा प्रधान, सुमित पचंदा, कमलेश और श्यामवीर सैनी समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।