बिहार के सहरसा जिले में गन्ने की खेती को फिर से बढ़ावा देने की तैयारी की जा रही है। पिछले कुछ वर्षों में यहां गन्ने की खेती का रकबा काफी घट गया है। अब बिहार गन्ना विकास बोर्ड ने इसे फिर से बढ़ाने की पहल शुरू की है। इसके तहत इस साल शरदकालीन गन्ने की खेती के लिए 200 एकड़ जमीन का लक्ष्य रखा गया है। किसानों को मुफ्त बीज, सब्सिडी और खेती की आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस योजना का उद्देश्य जिले में प्रस्तावित नई चीनी मिल के लिए पर्याप्त मात्रा में गन्ना उपलब्ध कराना भी है। विभाग की योजना सहरसा और आसपास के इलाकों में गन्ने की खेती का रकबा बढ़ाकर 15 से 20 हजार हेक्टेयर तक पहुंचाने की है।
नए किसानों को एक एकड़ तक मुफ्त मिलेगा गन्ने का बीज
योजना के तहत पहली बार गन्ने की खेती करने वाले किसानों को एक एकड़ तक के लिए मुफ्त बीज दिया जाएगा। इसके लिए खेत का सत्यापन किया जाएगा। वहीं, पहले से गन्ने की खेती कर रहे किसानों को उन्नत किस्मों का बीज 50 फीसदी सब्सिडी पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा किसानों को गन्ने की वैज्ञानिक और आधुनिक खेती का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य फसल की पैदावार और गुणवत्ता बढ़ाना है।
कृषि विज्ञान केंद्र में किसानों को दिया गया प्रशिक्षण
किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाला गन्ने का बीज तैयार करने के लिए कृषि विज्ञान केंद्र, पूसा में प्रशिक्षण दिया गया। इसमें किसानों को गन्ने की नर्सरी तैयार करने की जानकारी दी गई। साथ ही नर्सरी लगाने के लिए जरूरी सामग्री भी मुफ्त उपलब्ध कराई गई। प्रशिक्षण के बाद किसानों ने अपने खेतों में बताई गई तकनीक से गन्ने की नर्सरी तैयार करनी शुरू कर दी है।
10-20 एकड़ तक सिमट गई थी गन्ने की खेती
सहरसा जिले में पिछले कुछ वर्षों के दौरान गन्ने की खेती का रकबा घटकर महज 10 से 20 एकड़ रह गया था। अब विभाग इसे बढ़ाकर इस साल 200 एकड़ तक पहुंचाना चाहता है। सहरसा गन्ना विकास बोर्ड के सहायक निदेशक शुभम कुमार ने बताया कि कोसी क्षेत्र में गन्ने की खेती को दोबारा बढ़ावा देने के लिए काम किया जा रहा है। इसके लिए किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। आने वाले वर्षों में खेती का रकबा और बढ़ाने की योजना है।
कभी कोसी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर होती थी गन्ने की खेती
करीब दो दशक पहले कोसी क्षेत्र बिहार के प्रमुख गन्ना उत्पादक इलाकों में शामिल था। सहरसा जिले के अमरपुर, बलुआहा, सितानाबाद, नरियार, रहुआमनी, बिशनपुर, बेगाहा, बलवा हाट, सहुरिया और सुहथ जैसे गांवों में बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती होती थी।
उस समय सोनबरसा कचहरी रेलवे स्टेशन से रोजाना गन्ने से भरी रेलगाड़ियां हसनपुर चीनी मिल भेजी जाती थीं। मिल में गन्ना पहुंचाने के बाद किसानों को समय पर भुगतान भी मिल जाता था। इससे गन्ने की खेती किसानों के लिए नियमित आमदनी का अच्छा जरिया बनी हुई थी।
लेकिन हसनपुर चीनी मिल बंद होने के बाद धीरे-धीरे किसानों की गन्ने की खेती में रुचि कम होती गई। इसका असर खेती के रकबे पर पड़ा और उत्पादन लगातार घटता चला गया। अब जिले में नई चीनी मिल लगाने की प्रस्तावित योजना और गन्ना विकास विभाग के प्रयासों से इस फसल को फिर से बढ़ावा देने की उम्मीद है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।