विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Study The Scope Of Drought Will Increase In Odisha A Big Jump Is Possible In The Number Of Affected People

ओडिशा में सूखे की मार होगी और गहरी : वर्ष 2062 तक 78% तक बढ़ सकती है प्रभावित आबादी, अध्ययन में खुलासा

गांव जंक्शन डेस्क, भुवनेश्वर Published by: Devesh Saraswat Updated Thu, 12 Nov 2026 02:33 PM IST
सार

  • ओडिशा में जलवायु परिवर्तन और बढ़ती आबादी से सूखे का खतरा तेजी से बढ़ने का अनुमान।
  • 2025 से 2062 के बीच सामान्य सूखे से प्रभावित आबादी 72 से 78 प्रतिशत तक बढ़ सकती है।
  • गंभीर सूखे की चपेट में आने वाली आबादी में 86 से 103 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की आशंका।
  • ओडिशा का सूखे के प्रति अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्र 18.2 से बढ़कर 40.1 प्रतिशत हो सकता है।
  • शोध में खेती-बाड़ी के लिए सूखे का मुकाबला करने वाली फसल किस्मों को बढ़ावा देने की वकालत की गई है।

एक अध्ययन में आगामी दशकों के दौरान ओडिशा सूखे से काफी अधिक संवेदनशील होता दिख रहा है।
एक अध्ययन में आगामी दशकों के दौरान ओडिशा सूखे से काफी अधिक संवेदनशील होता दिख रहा है। - फोटो : AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ओडिशा में खेती-किसानी के लिए चुनौती बढ़ सकती है। एक अध्ययन के अनुसार, आगामी दशकों में यहां सूखे का दायरा और उससे प्रभावित होने वाले लोगों की संख्या में भारी बढ़त हो सकती है। फकीर मोहन विश्वविद्यालय के नए अध्ययन के अनुसार, जलवायु परिवर्तन और बढ़ती आबादी के मिले-जुले असर से सदी के मध्य तक प्रदेश में सूखे का खतरा बहुत तेजी से बढ़ सकता है। अध्ययन के अनुसार, साल 2025 से 2062 के बीच सामान्य सूखे से प्रभावित होने वाले लोगों की संख्या में 72 से 78 प्रतिशत और गंभीर सूखे की चपेट में आने वाली आबादी में 86 से करीब 103 प्रतिशत तक का इजाफा दर्ज किया जा सकता है।

बहुत ज्यादा संवेदनशील इलाकों का दायरा दोगुने से ज्यादा होने का अनुमान
शोधकर्ताओं के अनुसार, सूखे के जोखिम को बढ़ाने में बढ़ती आबादी एक बहुत बड़ी वजह बन रही है, खासकर घनी आबादी वाले और शहरी इलाकों में इसका असर ज्यादा देखा जा सकता है। वहीं, शोधकर्ता राजकुमार गुरिया के मुताबिक, ऐतिहासिक तौर पर ओडिशा का 18.2 प्रतिशत भौगोलिक क्षेत्र बहुत अधिक सूखे के खतरे में रहा है, लेकिन सदी के मध्य तक यह बढ़कर 40.1 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। अध्ययन में पाया गया है कि पश्चिमी उबड़-खाबड़ इलाके, पश्चिमी मध्य मैदानी भाग और पूर्वी घाट के पहाड़ी क्षेत्र सबसे ज्यादा सूखा प्रभावित कृषि क्षेत्र बने रहेंगे।

दक्षिण-पश्चिमी हिस्से को ज्यादा खतरा 
शोधकर्ताओं द्वारा तैयार किए गए नए मॉडल के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी ओडिशा सूखे के प्रति सबसे अधिक संवेदनशील बना रहेगा। कोरापुट, रायगड़ा और कालाहांडी जैसे जिले इस संकट के मुख्य केंद्र (सुपर हब) के रूप में सामने आए हैं, जहां से सूखे का असर अन्य हिस्सों में तेजी से फैल सकता है। वहीं बौध, अनुगुल और नयागढ़ ऐसे जिले पाए गए हैं जो अलग-अलग इलाकों के बीच सूखे के प्रभाव को बढ़ाने का काम कर सकते हैं। इसके अलावा भविष्य में क्योंझर और मयूरभंज जैसे उत्तरी जिलों में भी सूखे का दायरा फैलने की आशंका जताई गई है। आबादी के जमावड़े और मौसम के जोखिम के कारण कटक, खोरधा, पुरी, अनुगुल, बौध, बलांगीर, सुवर्णपुर और नयागढ़ को गंभीर हॉटस्पॉट माना गया है।

सूखे से मुकाबला करने वाली किस्मों को बढ़ावा देना होगा
अध्ययन में बताया गया है कि आने वाले समय में गंभीर सूखा सदी के मध्य तक बेहद तेज हो सकता है। इस संभावित संकट से बचने के लिए शोधकर्ताओं ने तुरंत ठोस कदम उठाने की जरूरत पर बल दिया है। उनके अनुसार, किसानों को सूखे का मुकाबला करने वाली मजबूत फसल किस्मों को अपनाना होगा। इसके साथ ही भूजल स्तर को सुधारने के लिए वाटरशेड आधारित जल संरक्षण, पानी का बेहतर और उचित प्रबंधन तथा मौसम की सटीक जानकारी देने वाली पूर्व चेतावनी प्रणालियों (अर्ली-वार्निंग सिस्टम) को मजबूत करना बेहद जरूरी है।


विज्ञापन
विज्ञापन