कर्नाटक में गन्ना किसान महाराष्ट्र की तर्ज पर अपनी फसल का बेहतर दाम मांग रहे हैं। मुुधोल, बागलकोट और जमखंडी के किसानों ने चीनी मिलों से 4,200 से 4,250 रुपये प्रति टन तक गन्ने का भाव देने की मांग की है। किसानों का कहना है कि जब चीनी मिलों को मुनाफा होता है, तो उसका फायदा गन्ना किसानों को भी मिलना चाहिए।
द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, किसान महाराष्ट्र में तय किए गए भुगतान फॉर्मूले के आधार पर कीमत मांग रहे हैं। इस व्यवस्था के तहत चीनी मिलें पहली किस्त में 3,900 रुपये प्रति टन देंगी। इसके बाद 100 रुपये प्रति टन अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा। वहीं, थोक बाजार में चीनी का भाव 45 रुपये प्रति किलो से ऊपर जाने पर किसानों को 200 रुपये प्रति टन और दिए जाएंगे।
इस मांग को लेकर किसानों ने मुुधोल के संगोली रायन्ना सर्कल पर प्रदर्शन किया और चीनी मिलों के साथ राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसान नेता ईरप्पा हंचिनाल ने कहा कि किसानों की मांग उचित है और इसके पीछे पूरी गणना है। उन्होंने कहा कि जब चीनी मिलें मुनाफा कमाती हैं, तो किसानों को भी उसका हिस्सा मिलना चाहिए।
किसानों ने साफ किया है कि जब तक मिलें 4,200 से 4,250 रुपये प्रति टन देने का भरोसा नहीं देतीं, उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, विजयपुरा के गन्ना किसान बेलगावी में तय किए गए 3,600 रुपये प्रति टन के भाव और मुनाफा साझा करने वाले फॉर्मूले को पूरे कर्नाटक में लागू करने की मांग कर रहे हैं।
बेलगावी की चीनी मिलों ने घोषित किए गन्ने के भाव
बेलगावी में किसान नेताओं ने मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर उन चीनी मिलों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, जिन्होंने किसानों का पुराना बकाया भुगतान नहीं किया है। बेलगावी जिले की 29 चीनी मिलों में से 12 ने तय मुनाफा साझा करने वाले फॉर्मूले को लागू करने के लिए सर्कुलर जारी किए हैं। हालांकि, कुछ मिलों ने तय भाव से ज्यादा भुगतान देने की घोषणा भी की है।
बेदकिहाल की वेंकटेश्वर शुगर फैक्ट्री ने पहली किस्त में 3,900 रुपये प्रति टन देने का प्रस्ताव रखा है। चीनी का थोक भाव 45 रुपये प्रति किलो से ऊपर जाने पर कुल भुगतान 4,200 रुपये प्रति टन हो जाएगा। इसी तरह कागवाड़ की शिरगुप्पी शुगर्स ने पहली किस्त में 3,700 रुपये प्रति टन और बाद में 100 रुपये अतिरिक्त देने की बात कही है। चीनी का भाव तय सीमा से ऊपर जाने पर 200 रुपये प्रति टन और दिए जाएंगे।
गन्ने का भाव घोषित करने वाली अन्य मिलों में सतीश शुगर्स, बेलगावी शुगर्स, इनामदार शुगर्स, हर्षा शुगर्स, गुडागुंटी शुगर्स, गोकाक शुगर्स, श्री रेणुका शुगर्स, चिदानंद कोरे सहकारी चीनी मिल और ईआईडी पैरी की इकाई शामिल हैं। हालांकि, जिले की कई मिलों ने अभी तक अपना भाव घोषित नहीं किया है।
महाराष्ट्र की मिलों से मिल रही बेहतर कीमत का दबाव
कर्नाटक की चीनी मिलों पर बेहतर भाव देने का दबाव इसलिए भी बढ़ रहा है, क्योंकि महाराष्ट्र की सीमावर्ती मिलें किसानों को ज्यादा कीमत दे सकती हैं। चिक्कोडी, निप्पानी, रायबाग, कागवाड़, अथणी और हुक्केरी जैसे सीमावर्ती इलाकों के किसान अपना गन्ना महाराष्ट्र की मिलों को बेच सकते हैं।
कर्नाटक और महाराष्ट्र की चीनी मिलों के भाव में 300 से 600 रुपये प्रति टन तक का अंतर बताया जा रहा है। ऐसे में किसान बेहतर कीमत मिलने पर अपना गन्ना महाराष्ट्र भेज सकते हैं। किसान नेता चुनप्पा पुजेरी ने कहा कि गन्ने की आपूर्ति बनाए रखने के लिए चीनी मिलों को किसानों को ज्यादा भाव देना पड़ सकता है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।