Home›Khabar Junction›
Lieutenant Governor Directs Skuast K Provide Smart Irrigation Technology Farmers Within A Year
उपराज्यपाल ने SKUAST-K को दिया निर्देश : एक साल में किसानों तक पहुंचाएं स्मार्ट सिंचाई तकनीक
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Thu, 12 Nov 2026 03:15 PM IST
सार
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने एक साल में स्मार्ट सिंचाई तकनीक किसानों तक पहुंचाने और SKUAST-K से 100 कृषि स्टार्टअप शुरू करने का लक्ष्य दिया।
उपराज्यपाल ने SKUAST-K को दिया निर्देश
- फोटो : सोशल मीडिया
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कृषि में आधुनिक तकनीक का फायदा गांवों तक पहुंचाने पर जोर दिया है। उन्होंने शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (SKUAST-K) को निर्देश दिया कि विश्वविद्यालय में शुरू की गई स्मार्ट सिंचाई तकनीक को अगले एक साल के भीतर किसानों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि कृषि अनुसंधान का असली फायदा तभी है, जब छोटे और सीमांत किसानों की आमदनी बढ़े।
उपराज्यपाल ने SKUAST-K में चार नई सुविधाओं का उद्घाटन करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक और उपकरणों की सफलता तभी मानी जाएगी, जब उनका लाभ गांवों के छोटे किसानों तक पहुंचे। इससे किसानों की खेती की लागत कम करने और आमदनी बढ़ाने में मदद मिलनी चाहिए।
सौर ऊर्जा से चलेगी स्मार्ट सिंचाई व्यवस्था
इस मौके पर सौर ऊर्जा से चलने वाली इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) आधारित स्मार्ट सिंचाई और फर्टिगेशन प्रणाली शुरू की गई। इस तकनीक की मदद से फसलों को जरूरत के मुताबिक पानी और पोषक तत्व दिए जा सकेंगे। इससे सिंचाई और खाद के इस्तेमाल को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा।
मनोज सिन्हा ने विश्वविद्यालय से इस तकनीक को गांवों तक पहुंचाने और किसानों को इसके विकास से जोड़ने को कहा। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि सेंसर से मिलने वाले आंकड़ों को किसानों के लिए आसान कृषि सलाह में बदला जाए। ये सलाह स्थानीय भाषाओं में डिजिटल माध्यमों से किसानों तक पहुंचाई जाएं।
एक साल में 100 स्टार्टअप शुरू करने का लक्ष्य
उपराज्यपाल ने कृषि क्षेत्र में युवाओं को उद्यम शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को बीज परीक्षण, कोल्ड चेन प्रबंधन और मिट्टी की सेहत से जुड़ी सेवाओं में अपना कारोबार शुरू करने के लिए मदद दी जानी चाहिए।
उन्होंने अगले एक साल में SKUAST-K के परिसर से विद्यार्थियों के नेतृत्व वाले कम से कम 100 उद्यम और स्टार्टअप शुरू करने का लक्ष्य रखने को कहा। सिन्हा ने कृषि अनुसंधान केंद्रों, सहकारी समितियों, किसान उत्पादक संगठनों (FPO) और किसानों के बीच बेहतर तालमेल बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कृषि कार्यक्रमों में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।
कृषि क्षेत्र के लिए चार नई सुविधाओं का उद्घाटन
विश्वविद्यालय में जिन चार सुविधाओं का उद्घाटन किया गया, उनमें प्रोटोटाइप डिजाइन एंड डेवलपमेंट सेंटर, डायरेक्टरेट ऑफ इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर शामिल हैं।प्रोटोटाइप डिजाइन एंड डेवलपमेंट सेंटर में खेती के लिए नए उपकरण और तकनीक विकसित करने में मदद मिलेगी। वहीं, डायरेक्टरेट ऑफ इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप विद्यार्थियों को अपना कारोबार शुरू करने में सहयोग करेगा।
जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का जिक्र करते हुए उपराज्यपाल ने टिकाऊ खेती और पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र की तरक्की का आकलन किसानों की आमदनी, आर्थिक सुरक्षा और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों से होना चाहिए।
उन्होंने समग्र कृषि विकास कार्यक्रम (HADP) का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, इस कार्यक्रम की योजनाओं और किसान केंद्रित नीतियों से जम्मू-कश्मीर की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। इस अवसर पर SKUAST-K की उपलब्धियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। साथ ही मल्टी-टियर डेटा मैनेजमेंट एंड एक्रेडिटेशन वर्कफ्लो सिस्टम की शुरुआत भी की गई।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।