विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Stubble Burning Alone Not Responsible For Delhi Toxic Air Other Causes Should Also Be Discussed Sandhwan

पराली का विवाद : दिल्ली के प्रदूषण के लिए सिर्फ पंजाब के किसानों को जिम्मेदार ठहराना गलत- कुलतार सिंह संधवां

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Thu, 12 Nov 2026 04:13 PM IST
सार

पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने दिल्ली के वायु प्रदूषण के लिए पंजाब के किसानों को जिम्मेदार ठहराने का विरोध किया। उन्होंने वाहनों, निर्माण कार्यों और उद्योगों से होने वाले प्रदूषण पर भी ध्यान देने की बात कही।

फाइल फोटो
फाइल फोटो - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के लिए हर साल पंजाब के किसानों को जिम्मेदार ठहराने पर केंद्र सरकार और भाजपा नेताओं की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों की जांच किए किसानों पर आरोप लगाना गलत है। दिल्ली के प्रदूषण के लिए कई दूसरे कारण भी जिम्मेदार हैं, जिन पर ध्यान देने की जरूरत है।

संधवां ने वारा दराका गांव में एक किसान के खेत का दौरा करने के दौरान ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में वाहनों से निकलने वाला धुआं, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल, बढ़ती आबादी और औद्योगिक इकाइयों से होने वाला प्रदूषण भी वायु गुणवत्ता खराब होने के बड़े कारण हैं। ऐसे में दिल्ली के प्रदूषण के लिए केवल पंजाब के किसानों को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर देखें तो उनके क्षेत्र में पराली जलाने की घटनाएं बहुत कम हुई हैं। कई इलाकों में दूर से देखने पर भी पराली जलने की आग नजर नहीं आती। इसके बावजूद जब भी दिल्ली की हवा खराब होती है, पंजाब के किसानों पर आरोप लगाए जाने लगते हैं।

संधवां ने कहा कि पंजाब के किसान देश के खाद्यान्न भंडार भरने और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाते हैं। देश की आजादी की लड़ाई में भी पंजाब के लोगों ने बड़े बलिदान दिए हैं और आज भी देश के विकास में योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने भाजपा नेताओं से पंजाब और यहां के किसानों को बदनाम करना बंद करने की अपील की। संधवां ने कहा कि बिना आधार के आरोप लगाने के बजाय दिल्ली के प्रदूषण के सभी कारणों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए और उन्हें दूर करने के लिए कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के लिए पंजाब के किसानों की मेहनत और योगदान का सम्मान होना चाहिए, न कि हर साल उन्हें प्रदूषण के लिए जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन