विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Slump In The Tractor Market Escorts Unveils A Plan To Tackle The Downturn Expects An Increase In Market Shar

ट्रैक्टर बाजार में सुस्ती : एस्कॉर्ट्स ने सामने रखा मंदी से निपटने का प्लान, मार्केट शेयर बढ़ने की उम्मीद...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Thu, 12 Nov 2026 04:23 PM IST
सार

  • ट्रैक्टर उद्योग को साल 2026-27 में मंदी का सामना करना पड़ सकता है। एस्कॉर्ट्स ने ट्रैक्टर बिक्री में मध्यम स्तर की गिरावट की बात मानी है। दूसरी तरफ महींद्रा ने बिक्री अनुमान में बढ़त को घटाकर शून्य कर दिया है
  • इस वातावरण के बाद भी  एस्कॉर्ट्स को अपनी बाजार हिस्सेदारी बढ़ती दिख रही है।
  • कंपनी ने नवंबर के मध्य से ट्रैक्टरों की कीमतें 3 से 3.5 प्रतिशत तक बढ़ाने का फैसला लिया है।

2026-27 में ट्रैक्टर उद्योग को मंदी का सामना करना पड़ सकता है।
2026-27 में ट्रैक्टर उद्योग को मंदी का सामना करना पड़ सकता है। - फोटो : AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

घरेलू बाजार में सुस्ती के बीच चालू वित्त वर्ष (20226-27) में एस्कॉर्ट्स कुबोटा को ट्रैक्टर बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ती दिखाई दे रही है। कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारीभरत मदान कहते हैं कि नए ट्रैक्टर मॉडल, डीलरों के नेटवर्क बढ़ने और उत्तर भारत में कंपनी की मजबूत पकड़ के दम पर इस मंदी का मुकाबला किया जाएगा। बता दें कि जापान की कुबोटा कंपनी एस्कॉर्ट्स कुबोटा का मालिकाना हक रखती है। 

7 महीनों की कुल घरेलू बिक्री में तेजी, मासिक आंकड़ों में गिरावट
कंपनी के अनुसार, इस साल जून से सितंबर के दौरान मानसूनी बारिश सामान्य से 12.6 प्रतिशत कम रही है, जो साल 2015 के बाद की सबसे बड़ी कमी है। कमजोर बारिश का सीधा असर प्रमुख कृषि बाजारों और खेती-किसानी के कामों पर पड़ा है। इसके चलते एस्कॉर्ट्स की घरेलू ट्रैक्टर बिक्री में सितंबर के महीने में 16.2 प्रतिशत और अक्टूबर में 10.9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। दूसरी तरफ अप्रैल से अक्टूबर के दौरान कंपनी की कुल बिक्री पिछले साल के मुकाबले 6.2 प्रतिशत अधिक बनी हुई है।

दूसरी तिमाही में ट्रैक्टर उद्योग की बिक्री गिरी, एस्कॉर्ट्स बढ़त में
अधिकारी भरत मदान के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में जहां पूरे ट्रैक्टर उद्योग की बिक्री में करीब 3 प्रतिशत की गिरावट आई, वहीं एस्कॉर्ट्स की बिक्री में 0.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इससे घरेलू बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी 48 आधार अंक बढ़कर लगभग 12.2 प्रतिशत पर पहुंच गई। उन्होंने बताया कि कम बारिश वाले पश्चिमी और दक्षिणी भारत के मुकाबले उत्तर भारत में ट्रैक्टरों की मांग बेहतर बनी हुई है, जहां कंपनी की बाजार में पहले से मजबूत पकड़ है।

मध्य नवंबर से कीमतों में बढ़ोतरी की योजना
कंपनी अपने पावरट्रैक, फार्मट्रैक और कुबोटा ब्रांडों के तहत नए मॉडल पेश कर रही है और आगे भी नए ट्रैक्टर उतारने और नए डीलर बनाने की तैयारी में है। भरत मदान के अनुसार, पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण सामान की लागत काफी बढ़ गई है, जिससे मुनाफा प्रभावित हुआ है। इस दबाव को कम करने के लिए कंपनी नवंबर के मध्य से विभिन्न मॉडलों के हिसाब से ट्रैक्टरों की कीमतों में 3 से 3.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि कंपनी का मुख्य मकसद बिक्री की संख्या (वॉल्यूम) को बचाए रखना है, इसलिए ज्यादा दाम बढ़ाकर मांग को झटका देने के बजाय कंपनी कुछ खर्च का बोझ खुद उठाने को तैयार है।

ट्रैक्टर उद्योग को मंदी का अंदेशा
ग्रामीण क्षेत्रों में दबाव को देखते हुए कंपनियों ने अपने बिक्री अनुमान घटा दिए हैं। एस्कॉर्ट्स ने पहले जहां उद्योग में मध्यम स्तर की बढ़त की उम्मीद जताई थी, वहीं अब उसने इसे घटाकर मामूली गिरावट के स्तर पर ला दिया है। इसी तरह प्रतिस्पर्धी कंपनी महिन्द्रा ने भी कमजोर बारिश और किसानों की घटती खरीद क्षमता का हवाला देते हुए अपने 5 प्रतिशत की बढ़त के अनुमान को घटाकर शून्य बढ़त कर दिया है।


विज्ञापन
विज्ञापन