विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Mp Mandis Buzz Post Diwali Soybean Crosses 10 000 And Chana Surpasses 21 000 In Muhurat Auctions

MP: दिवाली के बाद मंडियों में रौनक, मुहूर्त नीलामी में सोयाबीन ₹10,000-चना ₹21,000 पार, दूसरी फसलों का हाल...

गांव जंक्शन डेस्क, धार Published by: Devesh Saraswat Updated Thu, 12 Nov 2026 05:02 PM IST
सार

  • त्योहारों की छुट्टी के बाद मध्य प्रदेश की मंडियों में शुभ मुहूर्त के साथ फसलों की नीलामी शुरू हुई।
  • धार मंडी में नई सोयाबीन की पहली बोली 10,001 रुपये प्रति क्विंटल लगी।
  • उज्जैन मंडी में चना 21,011 रुपये और गेहूं 4,200 रुपये प्रति क्विंटल बिका।
  • हरदा मंडी में पहले दिन 400 ट्रॉलियों से करीब 15 हजार बोरा उपज पहुंची।
  • शुजालपुर मंडी में डॉलर चना 10,151 रुपये और सोयाबीन 8,325 रुपये प्रति क्विंटल के ऊंचे भाव पर बिका।

मध्य प्रदेश की मंडियों में त्योहारों की छुट्टी के बाद रौनक देखने को मिली है।
मध्य प्रदेश की मंडियों में त्योहारों की छुट्टी के बाद रौनक देखने को मिली है। - फोटो : AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मध्य प्रदेश में त्योहारों के कारण कई दिनों तक बंद रहने के बाद गुरुवार को मंडियों में फसलों की खरीद-बिक्री दोबारा शुरू हो गई। मंडियों के खुलते ही नए कारोबारी सत्र के लिए पारंपरिक शुभ मुहूर्त की बोलियां लगाई गईं। धार मंडी में मुहूर्त के सौदे के दौरान बैलगाड़ी में लाई गई नई सोयाबीन की फसल 10,001 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बिकी।

धार मंडी में लगभग सात दिन के अवकाश के बाद कारोबार शुरू हुआ। मंडी प्रशासन के अनुसार, पहले दिन करीब 300 वाहन उपज लेकर पहुंचे। यहां जिलाधिकारी राजीवरंजन मीना की मौजूदगी में मुहूर्त की पहली बोली लगाई गई, जिसमें नया सोयाबीन 10,001 रुपये प्रति क्विंटल बिका। मंडी प्रशासन को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में आवक और बढ़ेगी। वहीं सीहोर कृषि उपज मंडी में भी नए सीजन का आगाज शुभ मुहूर्त के साथ हुआ, जहां हनुमान ट्रेडिंग कंपनी ने 8,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से सोयाबीन की पहली खरीदी की।

उज्जैन मंडी में चने और गेहूं के रिकॉर्ड दाम
उज्जैन स्थित कृषि उपज मंडी में फसलों की बिक्री काफी ऊंचे दामों पर दर्ज की गई। यहां किसान मनोज नाथूलाल के चने की फसल को महावीर ट्रेडिंग कंपनी ने 21,011 रुपये प्रति क्विंटल की उच्चतम दर पर खरीदा। इसके अलावा, व्यापारी अग्रवाल ने किसान शांतिलाल तुलसीराम से 9,000 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर सोयाबीन खरीदा। मंडी में गेहूं की बिक्री भी 4,200 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर हुई, जिसे अंबिका फर्म ने किसान संतोष सिंह बाबूसिंह पवसा से खरीदा।

हरदा में 400 ट्रॉलियों से पहुंची उपज
हरदा जिला मुख्यालय की कृषि उपज मंडी में नौ दिनों के इंतजार के बाद गुरुवार को फसलों की नीलामी शुरू हुई। पहले दिन करीब 400 ट्रॉलियों के माध्यम से 15 हजार बोरा उपज मंडी पहुंची। मंडी में दर्ज आंकड़ों के अनुसार, सोयाबीन 7,201 रुपये प्रति क्विंटल के उच्चतम भाव पर बिका। इसके अलावा अन्य उपजों में उड़द 8,811 रुपये, डॉलर चना 9,311 रुपये, मूंग 8,311 रुपये, मक्का 2,951 रुपये और गेहूं 2,850 रुपये प्रति क्विंटल के उच्चतम स्तर पर बिका।

शुजालपुर मंडी में काबुली चना और सोयाबीन में उछाल
शुजालपुर कृषि उपज मंडी में मुहूर्त नीलामी के दौरान फसलों के भाव में आम दिनों के मुकाबले 200 से 400 रुपये प्रति क्विंटल तक की बढ़ोतरी देखी गई। यहां काबुली चना 10,151 रुपये और सोयाबीन 8,325 रुपये प्रति क्विंटल के उच्चतम भाव पर बिका। सौदों के अनुसार, ग्राम बेरछावड़ी के किसान जितेंद्र का 20 क्विंटल डॉलर चना आनंद कुमार-अजयकुमार फर्म ने 10,151 रुपये प्रति क्विंटल में खरीदा। ग्राम जामनेर के किसान अनवर का आठ क्विंटल सोयाबीन पंखिल ट्रेडर्स ने 8,325 रुपये प्रति क्विंटल में लिया। इसके साथ ही ग्राम बमौरा जागीर के किसान निर्मल का एक क्विंटल गेहूं भारत ट्रेडर्स ने 4,501 रुपये और ग्राम धतुरिया के किसान अम्बा राम का 10 क्विंटल चना जैनबंधु ट्रेडर्स ने 7,291 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर खरीदा।

शुजालपुर में सोयाबीन की बंपर आवक, मॉडल भाव का हाल
शुजालपुर मंडी प्रबंधन के अनुसार, गुरुवार को 228 अनुबंध पत्रों के माध्यम से कुल 2,833.60 क्विंटल कृषि उपज की आवक दर्ज की गई। इसमें सबसे ज्यादा 1,518.5 क्विंटल सोयाबीन और 789 क्विंटल काबुली चना पहुंचा। इसके अलावा 479.5 क्विंटल गेहूं, 34.1 क्विंटल चना, 9.5 क्विंटल मसूर और तीन क्विंटल मूंग की आवक हुई। मंडी के मॉडल भाव की बात करें तो गेहूं 2,811 रुपये, सोयाबीन 7,180 रुपये, चना 6,511 रुपये, मूंग 7,000 रुपये, मसूर 5,710 रुपये और काबुली चना 9,621 रुपये प्रति क्विंटल रहा। वहीं अधिकतम भाव में मूंग 7,000 रुपये और मसूर 6,301 रुपये प्रति क्विंटल तक बिकी।


विज्ञापन
विज्ञापन