विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Sonipat Demand Urea Increase After First Irrigation Of Wheat Farmers Need 1 5 Lakh Bags Stock Limited

सोनीपत : गेहूं की पहली सिंचाई के बाद बढ़ेगी यूरिया की मांग, किसानों को चाहिए डेढ़ लाख बैग, स्टॉक सीमित

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Fri, 27 Nov 2026 03:51 PM IST
सार

  • गोहाना उपमंडल में 90 प्रतिशत गेहूं की बुआई पूरी।

  • पहली सिंचाई के बाद किसानों को चाहिए डेढ़ लाख बैग यूरिया।

  • क्षेत्र में यूरिया का स्टॉक सीमित, बढ़ सकती है किसानों की परेशानी।

  • कृषि विभाग ने पछेती किस्मों के बीज लगाने की सलाह दी।

गेहूं की खेती
गेहूं की खेती - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के सोनीपत के गोहाना उपमंडल में धान की कटाई के साथ गेहूं की बुआई का काम भी तेजी से चल रहा है। अब तक करीब 90 प्रतिशत क्षेत्र में गेहूं की बुआई पूरी हो चुकी है। वहीं, कुछ किसानों ने गेहूं की पहली सिंचाई भी शुरू कर दी है। इसके बाद फसल की अच्छी बढ़वार के लिए यूरिया की जरूरत पड़ेगी। कृषि विभाग के अनुसार, पहली सिंचाई के समय किसानों को करीब डेढ़ लाख बैग यूरिया की आवश्यकता होगी। ऐसे में यूरिया का सीमित स्टॉक किसानों की परेशानी बढ़ा सकता है।

उपमंडल में करीब 1.50 लाख एकड़ क्षेत्र में गेहूं की खेती की जाती है। किसानों ने 10 नवंबर के बाद गेहूं की बुआई शुरू की थी। धान की कटाई पूरी होने के साथ ज्यादातर किसान गेहूं की बुआई कर चुके हैं। कृषि अधिकारियों के मुताबिक, गेहूं की बुआई के लिए 10 दिसंबर तक अनुकूल समय रहता है। हालांकि, अब सामान्य किस्मों के बजाय पछेती किस्मों की बुआई का समय बचा है।

पछेती किस्मों के बीज लगाने की सलाह
कृषि अधिकारियों ने अब गेहूं की बुआई करने वाले किसानों को पछेती किस्मों के बीज चुनने की सलाह दी है। किसान सुपर 252, एचडी 2851, एचडी 3059, डब्ल्यूएच 1124, डीबीडब्ल्यू 16, डीबीडब्ल्यू 71, डीबीडब्ल्यू 90, पीबीडब्ल्यू 373, पीबीडब्ल्यू 590 और आरएजे 3765 किस्मों का इस्तेमाल कर सकते हैं। अच्छी पैदावार के लिए किसानों को कृषि विभाग की सिफारिश के अनुसार ही बीज का चयन करना चाहिए।

पहली सिंचाई के बाद डेढ़ लाख बैग यूरिया की जरूरत
उपमंडल के कुछ इलाकों में गेहूं की पहली सिंचाई शुरू हो गई है। पहली सिंचाई के बाद फसल की बढ़वार के लिए यूरिया खाद की जरूरत होती है। कृषि विभाग के अनुसार, इस दौरान किसानों को करीब डेढ़ लाख बैग यूरिया की आवश्यकता होगी। वहीं, क्षेत्र में यूरिया का स्टॉक सीमित है। ऐसे में मांग के मुकाबले खाद की कम उपलब्धता किसानों के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है।

कृषि विभाग की सलाह
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, गोहाना के एसडीओ डॉ. राजेंद्र मेहरा ने बताया कि क्षेत्र में गेहूं की सीजन की सामान्य बुआई लगभग पूरी हो चुकी है। अब बुआई करने वाले किसान पछेती किस्मों का चयन करें। अच्छी पैदावार के लिए कृषि विभाग की ओर से सुझाई गई किस्मों के बीज ही इस्तेमाल करें।
विज्ञापन
विज्ञापन