विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Milk Production Has Increased Over 5 Years But The Growth Rate Has Steadily Declined Exports Of Dairy Produc

5 सालों में दूध उत्पादन बढ़ा : लेकिन लगातार घटी वृद्धि दर; डेयरी उत्पादों का निर्यात लुढ़का, आयात में हुई बढ़त

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 27 Nov 2026 03:52 PM IST
सार

  • बीते पांच सालों के दौरान दूध उत्पादन में बढ़ोतरी की दर लगातार घटी है, 2025-26 में 2.40% बढ़ा उत्पादन
  • सुस्त पड़ी बढ़तोरी की दर के बाद भी प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता का विस्तार हुआ है
  • डेयरी उत्पदों का निर्यात घटा है, जबकि आायत में तेजी देखने को मिली है। 
  • कुल दूध उत्पादन में गायों की हिस्सेदारी 53.63% और भैंसों की 43.02% रही।

बीते पांच सालों में लगातार घटी दूध उत्पादन में बढ़ोतरी की दर, डेयरी उत्पादों के आयात में तेजी।
बीते पांच सालों में लगातार घटी दूध उत्पादन में बढ़ोतरी की दर, डेयरी उत्पादों के आयात में तेजी। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बीते सालों में देश की दूध उत्पादन रफ्तार में सुस्ती देखने को मिली है। आंकड़ों के अनुसार, साल 2025-26 में दूध उत्पादन 2.40 फीसदी बढ़कर 25.381 करोड़ टन पहुंच गया। बीते पांच सालों में यह सबसे कम सालाना बढ़त रही। बेसिक एनिमल हसबेंडरी स्टैटिस्टिक्स 2026 के मुताबिक, साल 2024-25 में देश का दूध उत्पादन 24.787 करोड़ टन था, जो 2025-26 में बढ़कर 25.381 करोड़ टन हो गया। रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि उत्पादन में लगातार बढ़ोतरी के बावजूद इसकी सालाना वृद्धि दर पिछले पांच वर्षों से घट रही है।

पांच साल में लगातार घटी दूध उत्पादन की वृद्धि दर
रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2021-22 में देश के दूध उत्पादन की सालाना वृद्धि दर 5.77 फीसदी थी। यह 2022-23 में घटकर 3.83 फीसदी, 2023-24 में 3.78 फीसदी और 2024-25 में 3.58 फीसदी रह गई। वर्ष 2025-26 में इसमें और गिरावट आई और वृद्धि दर 2.40 फीसदी पर पहुंच गई।

साल 2020-21 से 2025-26 के बीच दूध उत्पादन की चक्रवृद्धि सालाना वृद्धि दर (CAGR) 3.87 फीसदी रही। हालांकि, लंबे समय में भारत का दूध उत्पादन काफी बढ़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 1950-51 में देश में 1.70 करोड़ टन दूध का उत्पादन होता था, जो 2025-26 में बढ़कर 25.381 करोड़ टन हो गया। इस दौरान देश की अनुमानित आबादी 35.9 करोड़ से बढ़कर 141.3 करोड़ हो गई।

प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता बढ़कर 492 ग्राम हुई

दूध उत्पादन में कम बढ़त के बाद भी देश में प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता बढ़ी है। रिपोर्ट के अनुसार, साल 2025-26 में यह 492 ग्राम प्रतिदिन रही, जबकि 2024-25 में 485 ग्राम और 2021-22 में 446 ग्राम थी।

दूध उत्पादन में गायों की हिस्सेदारी 53.63 फीसदी

देश में दूध उत्पादन का सबसे बड़ा हिस्सा गायों से मिलता है। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2025-26 में कुल दूध उत्पादन में गायों की हिस्सेदारी 53.63 फीसदी रही। वहीं, भैंसों से 43.02 फीसदी दूध मिला। इस तरह गाय और भैंस मिलकर देश के कुल दूध उत्पादन में 96 फीसदी से अधिक योगदान देती हैं।

देशी और विदेशी नस्लों की दूध देने की क्षमता में बड़ा अंतर
रिपोर्ट के अनुसार, अलग-अलग नस्लों के पशुओं की औसत दैनिक दूध देने की क्षमता में काफी अंतर है। वर्ष 2025-26 में विदेशी और संकर नस्ल की गायों से औसतन 9.23 किलोग्राम दूध प्रतिदिन मिला। इसमें विदेशी नस्ल की गायों का औसत 11.18 किलोग्राम और संकर नस्ल की गायों का 9.13 किलोग्राम रहा।

इसके मुकाबले देशी और गैर-वर्णित नस्ल की गायों से औसतन 3.90 किलोग्राम दूध प्रतिदिन मिला। देशी नस्लों का औसत 4.31 किलोग्राम और गैर-वर्णित नस्लों का 3.50 किलोग्राम रहा। हालांकि, देशी और गैर-वर्णित गायों की औसत उत्पादकता 2021-22 के 3.37 किलोग्राम से बढ़कर 2025-26 में 3.90 किलोग्राम हो गई।

भैंसों से औसतन 6.54 किलोग्राम दूध प्रतिदिन मिला, जबकि पिछले साल यह 6.48 किलोग्राम था। देशी भैंसों का औसत 6.99 किलोग्राम और गैर-वर्णित भैंसों का 5.61 किलोग्राम रहा।

राज्यों के स्तर पर विदेशी और हाइब्रिड नस्ल की गायों की औसत दूध उत्पादकता में पंजाब 14.10 किलोग्राम प्रतिदिन के साथ पहले स्थान पर रहा। हरियाणा में यह 11.16 किलोग्राम और आंध्र प्रदेश में 11.04 किलोग्राम रही। वहीं, देशी और गैर-वर्णित गायों की उत्पादकता में भी पंजाब 9.49 किलोग्राम के साथ पहले स्थान पर रहा। इसके बाद हरियाणा 7.40 किलोग्राम और राजस्थान 6.40 किलोग्राम पर रहे।

डेयरी उत्पादों का निर्यात घटा, आयात बढ़ा
दुनिया में सबसे ज्यादा दूध उत्पादन करने के बावजूद भारत के डेयरी उत्पादों के निर्यात में साल 2025-26 के दौरान गिरावट दर्ज की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, डेयरी उत्पादों का निर्यात 14.11 फीसदी घटकर 3,591.69 करोड़ रुपये रह गया, जो 2024-25 में 4,181.72 करोड़ रुपये था। कुल पशुधन निर्यात में डेयरी उत्पादों की हिस्सेदारी 4.38 फीसदी रही।

निर्यात में गिरावट की प्रमुख वजह मक्खन और अन्य दूध वसा के निर्यात में कमी रही। इनका निर्यात 3,221.89 करोड़ रुपये से घटकर 2,518.25 करोड़ रुपये रह गया। लेकिन, कुछ डेयरी उत्पादों के निर्यात में बढ़ोतरी हुई। मट्ठा और उससे बने उत्पादों का निर्यात करीब 84 फीसदी बढ़कर 32.12 करोड़ रुपये हो गया। पनीर और दही का निर्यात 494.90 करोड़ रुपये से बढ़कर 542.17 करोड़ रुपये और चीनी या दूसरी मिठास वाले गैर-सांद्रित दूध और क्रीम का निर्यात 146.34 करोड़ रुपये से बढ़कर 189.98 करोड़ रुपये हो गया।

दूसरी तरफ डेयरी उत्पादों का आयात 356.35 करोड़ रुपये से बढ़कर 655.10 करोड़ रुपये हो गया। इसमें मट्ठा उत्पादों का सबसे बड़ा योगदान रहा। इनका आयात 65.5 फीसदी बढ़कर 344.85 करोड़ रुपये हो गया। पनीर और दही का आयात भी 91.83 करोड़ रुपये से बढ़कर 183.95 करोड़ रुपये हो गया।

दूध उत्पादन के आंकड़े जुटाने के लिए 64 हजार से ज्यादा गांवों का सर्वे

BAHS की 27वीं रिपोर्ट मार्च 2025 से फरवरी 2026 के बीच जुटाए गए आंकड़ों पर आधारित है। इसके लिए ई-लिवस्टॉक इंटीग्रेटेड सैंपल सर्वे (eLISS) का इस्तेमाल किया गया, जिसे ICAR-भारतीय कृषि सांख्यिकी अनुसंधान संस्थान (ICAR-IASRI) ने विकसित किया है।

इस सर्वे में साल को तीन चार महीने के मौसमों में बांटा गया। इनमें मार्च से जून तक गर्मी, जुलाई से अक्टूबर तक बारिश और नवंबर से फरवरी तक सर्दी का मौसम शामिल है। वर्ष 2025-26 में इस सर्वे के तहत 64,572 गांवों और शहरी वार्डों को शामिल किया गया। इनमें 44,888 गांव और 19,684 शहरी वार्ड थे। सर्वे में देशभर के 1,05,34,192 परिवारों, उद्यमों और बूचड़खानों से आंकड़े जुटाए गए। 
 


विज्ञापन
विज्ञापन