भारत के पोल्ट्री उद्योग के लिए बड़ी खबर है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल से देश की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन लॉन्च की है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान द्वारा विकसीत यह वैक्सीन बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी और 2.3.2.1a वैरिएंट के लिए दुनिया की पहली वैक्सीन है।
शिवराज सिंह चौहान ने वैक्सीन को आत्मनिर्भर भारत का उदाहरण बताते हुए वैज्ञानिकों की टीम को सराहा।
वैज्ञानिकों ने छुट्टियों में भी जारी रखा काम
शिवराज सिंह चौहान ने वैक्सीन विकसित करने में वैज्ञानिकों की मेहनत का जिक्र करते हुए कहा कि इस काम के दौरान टीम ने शनिवार और रविवार की छुट्टियां भी नहीं लीं। उन्होंने बताया कि वैक्सीन के विकास के दौरान वैज्ञानिकों को कई कड़े प्रोटोकॉल का पालन करना पड़ा। इन नियमों के तहत वैज्ञानिकों को घर में कोई पशु रखने की अनुमति नहीं थी। संस्थान से घर लौटने के बाद एक वैज्ञानिक को 120 लीटर पानी से नहाना पड़ता था। शिवराज ने वैज्ञानिकों के समर्पण और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सैनिकों जैसी प्रतिबद्धता के साथ काम किया और यह उपलब्धि हासिल की।
2006 में पहली बार सामने आया था बर्ड फ्लू
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि भारत में बर्ड फ्लू का पहला प्रकोप साल 2006 में महाराष्ट्र में सामने आया था। उस दौरान करीब 10 लाख मुर्गियों की मौत हुई थी। इसके बाद साल 2021 में बीमारी ने दोबारा दस्तक दी और करीब 9 लाख मुर्गियों की मौत हुई। उन्होंने बताया कि साल 2026 में तीसरे प्रकोप के दौरान करीब 2 लाख मुर्गियों की मौत हुई। उनके मुताबिक, साल 2006 से अब तक देश में बर्ड फ्लू के 500 से अधिक प्रकोप सामने आ चुके हैं।
पशु वैक्सीन के क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भरता की ओर
ICAR के महानिदेशक डॉ. एमएल जाट ने कहा कि पशु वैक्सीन के मामले में भारत लगभग आत्मनिर्भर है। उन्होंने बताया कि हाल ही में अफ्रीकी स्वाइन फीवर की रोकथाम के लिए भी भारत ने स्वदेशी वैक्सीन विकसित करने में सफलता हासिल की है। अब H5N1 वायरस के 2.3.2.1a वैरिएंट के खिलाफ वैक्सीन तैयार करना एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि दुनिया में अब तक इस खास क्लेड के खिलाफ वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी और भारत की यह वैक्सीन दुनिया की पहली वैक्सीन है। डॉ. जाट के मुताबिक, यह वैक्सीन केवल पोल्ट्री क्षेत्र के लिए ही नहीं, बल्कि मानव स्वास्थ्य के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।
क्या है बर्ड फ्लू और मुर्गीपालकों को कैसे होता है नुकसान?
बर्ड फ्लू को वैज्ञानिक भाषा में हाईली पैथोजेनिक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI) कहा जाता है। यह मुर्गियों और दूसरे पक्षियों को प्रभावित करने वाली गंभीर बीमारी है। इसके संक्रमण से बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत हो सकती है। बीमारी फैलने पर संक्रमित पक्षियों को मारना पड़ सकता है और उनके कारोबार पर भी रोक लगाई जा सकती है। इससे मुर्गीपालकों को आर्थिक नुकसान होता है। अंडे और चिकन के कारोबार के साथ किसानों की आजीविका भी प्रभावित होती है।
देश की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ सकता है असर
सरकारी जानकारी के मुताबिक, बर्ड फ्लू का बड़ा प्रकोप देश की अर्थव्यवस्था को भी प्रभावित कर सकता है। इसके कारण भारत की GDP वृद्धि दर में 1.5 फीसदी तक की कमी आने का अनुमान जताया गया है। बीमारी पर समय रहते नियंत्रण नहीं होने पर देश के 20 फीसदी से अधिक मुर्गीपालन क्षेत्र पर इसका खतरा हो सकता है। साल 2006 में बर्ड फ्लू के प्रकोप से देश को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। वहीं, मणिपुर में एक प्रकोप से राज्य की GDP के करीब 0.5 फीसदी के बराबर नुकसान हुआ था।
इंसानों में भी संक्रमण का खतरा
H5N1 वायरस कुछ परिस्थितियों में पक्षियों के अलावा दूसरे जानवरों और इंसानों को भी संक्रमित कर सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़ों के अनुसार, साल 2003 से अब तक भारत समेत 25 देशों में इंसानों में H5N1 संक्रमण के 1,003 मामले सामने आए हैं। इनमें 479 लोगों की मौत हुई है।
वैरिएंट 2.3.2.1a के खिलाफ वैक्सीन क्यों है अहम?
वैज्ञानिक अध्ययनों के मुताबिक, H5N1 वायरस का वैरिएंट 2.3.2.1a प्रकार मुर्गियों में बर्ड फ्लू के ज्यादातर प्रकोपों के लिए जिम्मेदार रहा है। हाल के वर्षों में इस वायरस का संक्रमण स्तनधारी जानवरों में भी पाया गया है। इसके अलावा इंसानों में संक्रमण के तीन मामले भी सामने आए हैं।