Home›Khabar Junction›
Saffron Production In Kashmir Increased By 15 After Farmers Were Disappointed By Poor Harvest Last Year
Saffron: कश्मीर में केसर की पैदावार 15% बढ़ी, पिछले साल खराब फसल से किसानों को मिली थी निराशा
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Wed, 11 Nov 2026 03:49 PM IST
सार
कश्मीर में इस साल केसर की पैदावार 15 फीसदी से ज्यादा बढ़ी है। पिछले साल खराब फसल के बाद पंपोर और बडगाम के किसानों को राहत मिली है, हालांकि जलवायु परिवर्तन की चुनौती बरकरार है।
कश्मीर में केसर की खेती करने वाले किसानों के लिए इस साल राहत की खबर है। पिछले साल बेहद कम पैदावार के बाद इस बार केसर का उत्पादन 15 फीसदी से अधिक बढ़ा है। हालांकि, मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण किसानों की चिंता अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। दक्षिण कश्मीर के पंपोर और बडगाम जिले के कुछ इलाकों में केसर की कटाई करीब दो सप्ताह पहले शुरू हुई थी। अब कटाई का सीजन समाप्ति की ओर है। किसानों का कहना है कि पिछले सीजन के मुकाबले इस बार पैदावार में सुधार हुआ है।
पंपोर के गुटलीबाग गांव के केसर किसान इरशाद अहमद ने बिजनेस लाइन को बताया, "इस साल केसर की पैदावार पिछले साल के मुकाबले 15 फीसदी से अधिक रही है।" उन्होंने कहा कि मौसम में उतार-चढ़ाव के बावजूद उत्पादन में सुधार हुआ है। इससे पिछले कई वर्षों से घटती पैदावार का सामना कर रहे किसानों को कुछ राहत मिली है।
दरअसल, पिछले साल कश्मीर में केसर की फसल बेहद खराब रही थी। किसानों के मुताबिक, उस दौरान उत्पादन सामान्य पैदावार के मुकाबले घटकर करीब 5 फीसदी रह गया था। इससे कश्मीर में केसर की खेती के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई थी। भारत में होने वाले कुल केसर उत्पादन में कश्मीर की हिस्सेदारी करीब 97 फीसदी है। एक अन्य केसर किसान अली मोहम्मद ने कहा कि पिछले कई वर्षों से जलवायु परिवर्तन के कारण केसर के उत्पादन में भारी गिरावट आई है। इस साल भी मौसम की अनिश्चितता ने किसानों की चिंता बढ़ाई थी।
जनवरी में बर्फबारी कम हुई। इसके बाद अगस्त और सितंबर के पहले दो सप्ताह तक लंबे समय तक बारिश नहीं हुई। इससे खेतों में मिट्टी की नमी कम हो गई। किसानों को आशंका थी कि इसका असर केसर के कंदों के विकास और पौधों की बढ़वार पर पड़ सकता है। हालांकि, सितंबर के तीसरे सप्ताह में हल्की बारिश होने से किसानों को कुछ उम्मीद जगी। इससे खेतों में नमी बढ़ी और फूल आने व कटाई के मौसम से पहले फसल को राहत मिली।
केसर की खेती में मौसम और मिट्टी की नमी की अहम भूमिका होती है। समय पर बारिश और अनुकूल तापमान से इसकी पैदावार बेहतर होती है। वहीं, बर्फबारी में कमी और तापमान में उतार-चढ़ाव से पौधों की बढ़वार और फूल आने की प्रक्रिया प्रभावित होती है। इस साल उत्पादन में हुआ सुधार किसानों के लिए उम्मीद की किरण है, लेकिन उनका कहना है कि केवल एक अच्छे सीजन से खेती की लंबे समय से चली आ रही समस्याएं दूर नहीं होंगी। इसके लिए मौसम की अनुकूल परिस्थितियों के साथ जलवायु परिवर्तन के असर से निपटने के उपाय भी जरूरी हैं।
कश्मीर में केसर की खेती करीब 20,000 से 25,000 परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है। खासकर पंपोर और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में परिवार इस खेती पर निर्भर हैं। कश्मीर में सामान्य तौर पर हर साल करीब 13 से 14 टन केसर का उत्पादन होता है। इस वजह से यह क्षेत्र देश का प्रमुख केसर उत्पादक इलाका है। किसान अली मोहम्मद ने कहा, "इस साल उत्पादन में सुधार से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन केसर की खेती के सामने मौजूद चुनौतियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। हमें उम्मीद है कि आने वाले सीजन भी बेहतर रहेंगे।"
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।