Home›Khabar Junction›
After Controversial Remark On Farmers Bjp Mp Janardan Mishra Seeks Apology Claims Speech Was Misrepresented
किसानों के ताश खेलने के बयान पर घिरे जनार्दन मिश्रा: रीवा सांसद बोले- 'किसान भाइयों को ठेस पहुंची तो माफ करें'
गांव जंक्शन डेस्क, रीवा
Published by: Umashankar Mishra
Updated Wed, 11 Nov 2026 04:06 PM IST
सार
रीवा के भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा की कथित टिप्पणी कि किसान साल में तीन महीने काम करते हैं और बाकी समय ताश, गुटखा व शराब में बिताते हैं, विवादों में घिर गई। बढ़ते सियासी घमासान बीच जनार्दन मिश्रा ने अब अपने बयान पर मांफी मांग ली है, और कहा है कि उनका किसानों को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था।
मध्य प्रदेश के रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा की एक कथित टिप्पणी ने ऐसा ही विवाद खड़ा कर दिया।
- फोटो : एआई
किसान की जिंदगी में शायद ही कोई ऐसा मौसम आता हो, जब वह अपनी फसल और खेती की चिंता से पूरी तरह मुक्त हो सके। ऐसे में जब किसी जनप्रतिनिधि की ओर से किसानों की मेहनत और जीवनशैली पर सवाल उठते हैं, तो बहस खेतों से निकलकर सियासत के मैदान में पहुंच जाती है।
मध्य प्रदेश के रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा की एक कथित टिप्पणी ने ऐसा ही विवाद खड़ा कर दिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने किसानों के बारे में कहा कि वे साल में केवल तीन महीने काम करते हैं और बाकी नौ महीने ताश खेलने, गुटखा खाने और शराब पीने में गुजारते हैं।
कांग्रेस ने इस बयान को अन्नदाताओं का अपमान बताते हुए सांसद से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की थी।
सियासी पारे को चढ़ता देख जनार्दन मिश्रा ने भी अपने बयान पर वीडियो जारी कर माफी मांग ली है। उन्होंने कहा कि किसानों को ठेस पहुंचाने का उनका कोई इरादा नहीं था। मिश्रा बोले- मैं खुद किसान परिवार से हूं, उनकी समस्याएं समझता हूं। उन्होंने भाषण को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया है।
तीन महीने काम, नौ महीने आराम की टिप्पणी पर विवाद
मामला सोमवार को रीवा संसदीय क्षेत्र के मऊगंज जिले में गोवर्धन पूजा के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम का बताया जा रहा है। कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसे कांग्रेस नेताओं ने साझा किया। वीडियो में मिश्रा कथित तौर पर आज के किसानों की जीवनशैली पर टिप्पणी करते सुनाई देते हैं।
वे कहते हैं कि आज के किसान पहले जैसे नहीं रहे और आरामदायक जीवन जीने के आदी हो गए हैं। इसी दौरान वे सवाल करते हैं कि यदि किसान साल में तीन महीने ही काम करते हैं, तो बाकी नौ महीने क्या करते हैं?
वीडियो में मंच के पास से किसी व्यक्ति के ताश खेलने की बात कहने के बाद सांसद कथित तौर पर कहते हैं, 'आज का किसान तीन महीने काम करता है और बाकी नौ महीने राजश्री (गुटखा), बोतल (शराब), गांजा पीने और जय भोले बोलने में गुजारता है।'
इस टिप्पणी के सामने आने के बाद किसानों के सम्मान और खेती की वास्तविक चुनौतियों को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई।
कांग्रेस बोली- खेत में उतरकर देखिए किसान की जिंदगी
सांसद की टिप्पणी पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव कुणाल चौधरी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बयान साझा करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करने वाली पार्टी के सांसद आखिर अन्नदाताओं के बारे में ऐसी भाषा कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं।
चौधरी ने मिश्रा को चुनौती दी कि किसानों को सीख देने से पहले वे एक दिन खेत में जाकर काम करें। उन्होंने सांसद से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी की। उनका कहना था कि अन्नदाता का अपमान पूरे देश का अपमान है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राहुल राज ने भी सांसद की टिप्पणी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि किसान अपनी मेहनत से उन लोगों का पेट भी भरता है, जो उसके काम को समझे बिना ऐसी बातें करते हैं।
खेत से लेकर बाजार तक, किसान की चिंता साल भर
राहुल राज ने कहा कि किसान केवल तीन महीने काम नहीं करता, बल्कि साल के बारहों महीने खेत, मौसम, कर्ज, खाद, बीज और फसल की चिंता में रहता है। खेती में काम का स्वरूप मौसम और फसल के चक्र के अनुसार बदल सकता है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि बाकी समय किसान के पास कोई काम नहीं होता।
बुवाई से पहले खेत तैयार करना, बीज और खाद जुटाना, सिंचाई का इंतजाम, फसल की देखभाल, कीट-रोगों से बचाव और कटाई के बाद उपज को बाजार तक पहुंचाना, खेती के ऐसे काम हैं जो पूरे साल किसान को व्यस्त रखते हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि किसानों को ताश खेलने, गांजा पीने या शराब पीने से जोड़कर देखना उनकी मेहनत और योगदान को नजरअंदाज करना है। उनके मुताबिक, किसान अपनी मेहनत से देश की अर्थव्यवस्था की नींव मजबूत करते हैं।
उन्होंने इस टिप्पणी को भाजपा की कथित किसान-विरोधी सोच का उदाहरण बताते हुए सवाल उठाए।
बयान से फिर चर्चा में आया किसान सम्मान का सवाल
यह विवाद एक बार फिर उस बड़े सवाल को सामने लाता है कि देश की खाद्य सुरक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले किसानों के श्रम और उनकी चुनौतियों को किस नजर से देखा जाता है। खेती में भले ही कुछ महीनों में काम अधिक दिखाई देता हो, लेकिन किसान की जिम्मेदारियां फसल चक्र के साथ खत्म नहीं होतीं।
फिलहाल सांसद जनार्दन मिश्रा की कथित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस ने माफी की मांग उठाई है। इस राजनीतिक विवाद के बीच किसानों की मेहनत, उनकी आजीविका और खेती की अनिश्चितताओं पर चर्चा भी तेज हो गई है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।