2026-27 में दुनिया के चावल उत्पादन में गिरावट आने की संभावना है। वहीं, वैश्विक स्तर पर चावल की खपत लगातार बढ़ने की संभावना है। इससे दुनिया में चावल का उपलब्ध भंडार कम हो सकता है। इसके बावजूद अंतरराष्ट्रीय चावल व्यापार 2027 में बढ़कर रिकॉर्ड 6.1 करोड़ टन तक पहुंचने का अनुमान है। अंतरराष्ट्रीय अनाज परिषद (IGC) की ताजा ग्रेन मार्केट रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
भारत में उत्पादन घटने से वैश्विक अनुमान में कटौती
अंतरराष्ट्रीय अनाज परिषद ने अपनी अक्टूबर की रिपोर्ट के मुकाबले 2026-27 के लिए वैश्विक चावल उत्पादन का अनुमान 10 लाख टन घटा दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस कटौती की मुख्य वजह भारत के चावल उत्पादन के अनुमान में कमी है। इसके अलावा चावल निर्यात करने वाले प्रमुख देशों में कुल उत्पादन कम रहने की संभावना भी वैश्विक उत्पादन में गिरावट की वजह मानी गई है।
एशिया और अफ्रीका में बढ़ती आबादी से बढ़ेगी चावल की मांग
रिपोर्ट के मुताबिक, उप-सहारा अफ्रीका और एशिया में आबादी बढ़ने के साथ खाद्य पदार्थों की मांग भी बढ़ने की उम्मीद है। इससे वैश्विक चावल सप्लाई पर दबाव बढ़ सकता है और दुनिया में चावल का भंडार घट सकता है। लेकिन, IGC का अनुमान है कि भंडार में कमी के बाद भी यह हाल के सालों के औसत स्तर से ऊपर बना रहेगा।
2027 में चावल का अंतरराष्ट्रीय कारोबार 4% बढ़ने का अनुमान
अंतरराष्ट्रीय अनाज परिषद के मुताबिक, 2027 में दुनिया का चावल व्यापार बढ़कर रिकॉर्ड 6.1 करोड़ टन तक पहुंच सकता है। यह 2026 के अनुमान से 4% अधिक होगा। इस बढ़ोतरी में अफ्रीकी देशों की ओर से चावल के अधिक आयात की प्रमुख भूमिका रहने की उम्मीद है।
रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक चावल खपत का अनुमान घटाया गया है, लेकिन शुरुआती भंडार अधिक रहने के कारण विपणन वर्ष के आखिर में चावल का अनुमानित भंडार पिछले अनुमान से थोड़ा ज्यादा रह सकता है।
गेहूं और जौ के उत्पादन से कुल अनाज का अनुमान बढ़ा
चावल के अलावा IGC ने 2026-27 के लिए दुनिया में गेहूं और मोटे अनाज के कुल उत्पादन का अनुमान भी जारी किया है। परिषद ने अक्टूबर के अनुमान के मुकाबले इसमें 10 लाख टन की बढ़ोतरी की है। अब कुल वैश्विक अनाज उत्पादन 242.8 करोड़ टन रहने का अनुमान है।
रिपोर्ट के मुताबिक, गेहूं और जौ के उत्पादन के अनुमान में बढ़ोतरी से मक्का के उत्पादन के अनुमान में आई कमी की भरपाई हुई है। तुर्किये, ऑस्ट्रेलिया और अर्जेंटीना में उत्पादन के अनुमान में बढ़ोतरी की गई है, जबकि अमेरिका के लिए उत्पादन का अनुमान घटाया गया है। हालांकि, रिकॉर्ड उत्पादन के बावजूद 2026-27 में कुल अनाज उत्पादन पिछले विपणन वर्ष के रिकॉर्ड स्तर से 3% कम रहने का अनुमान है।
अनाज की खपत और अंतरराष्ट्रीय व्यापार में कमी का अनुमान
IGC ने वैश्विक अनाज खपत का अनुमान अक्टूबर की तुलना में 20 लाख टन घटाकर 244.4 करोड़ टन कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इसकी बड़ी वजह पशु आहार के लिए मक्के के इस्तेमाल में कमी का अनुमान है।
वहीं, दुनिया में विपणन वर्ष के आखिर तक अनाज का भंडार 62.6 करोड़ टन रहने का अनुमान है। यह पिछले महीने के अनुमान से 70 लाख टन अधिक है। रिपोर्ट के मुताबिक, भंडार के अनुमान में यह लगातार तीसरी मासिक बढ़ोतरी है। रूस और यूक्रेन में अनाज का भंडार असामान्य रूप से अधिक रहने का भी इसमें योगदान है।
इसके उलट, 2026-27 में वैश्विक अनाज व्यापार 44.9 करोड़ टन रहने का अनुमान है, जो पिछले साल के मुकाबले 4% कम है। परिषद के मुताबिक, गेहूं और जौ के निर्यात में कमी से अंतरराष्ट्रीय अनाज व्यापार प्रभावित हो सकता है।
सोयाबीन का उत्पादन और खपत दोनों रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचेंगे
रिपोर्ट के मुताबिक, 2026-27 में दुनिया का सोयाबीन उत्पादन 2% बढ़कर रिकॉर्ड 43.9 करोड़ टन पहुंचने का अनुमान है। इसमें अमेरिका में सोयाबीन की बड़ी फसल की प्रमुख भूमिका रहने की उम्मीद है।
वहीं, वैश्विक सोयाबीन खपत भी 2% बढ़कर 44.5 करोड़ टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकती है। खाद्य पदार्थों, पशु आहार और औद्योगिक इस्तेमाल के लिए सोयाबीन उत्पादों की बढ़ती मांग को इसकी मुख्य वजह बताया गया है। इसके साथ ही सोयाबीन की पेराई में बढ़ोतरी से भी खपत बढ़ने की उम्मीद है।
IGC के मुताबिक, सोयाबीन की खपत उत्पादन से अधिक रहने के कारण वैश्विक भंडार में और कमी आ सकती है। इसमें प्रमुख निर्यातक देशों के भंडार में कमी भी शामिल है। दूसरी ओर, 2027 में सोयाबीन का अंतरराष्ट्रीय व्यापार 2% बढ़कर रिकॉर्ड 19.1 करोड़ टन पहुंचने का अनुमान है। एशियाई देशों की बढ़ती मांग इस बढ़ोतरी की प्रमुख वजह होगी।
गेहूं और मक्के की कीमतों में 7% तक गिरावट
अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनाज और तिलहन की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई है। IGC के ग्रेन्स एंड ऑयलसीड्स इंडेक्स में रोजाना होने वाली रिपोर्टिंग के दौरान 4% की गिरावट आई और यह तीन महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया। गेहूं और मक्के की कीमतों में सबसे ज्यादा गिरावट रही, जबकि चावल की कीमतों में बढ़ोतरी ने इस गिरावट को कुछ हद तक संभाला।
रिपोर्ट के मुताबिक, गेहूं का मूल्य सूचकांक 7% गिर गया। दक्षिणी गोलार्ध के देशों में अच्छी फसल की उम्मीद, काला सागर क्षेत्र के संघर्ष को कम करने के लिए नए कूटनीतिक प्रयासों और विदेशी मुद्रा में उतार-चढ़ाव को इसकी वजह बताया गया है। वहीं, पांच सप्ताह के दौरान मक्के के मूल्य सूचकांक में भी 7% की गिरावट आई। अमेरिका में मक्के की अधिक उपलब्धता, निर्यात के लिए बढ़ती प्रतिस्पर्धा और दक्षिण अमेरिका में उत्पादन की अनुकूल संभावनाओं से कीमतों पर दबाव पड़ा।
चावल की कीमतों में करीब दो साल की सबसे ऊंची तेजी
गेहूं और मक्के के उलट चावल की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। IGC के मुताबिक, रिपोर्टिंग अवधि में चावल का मूल्य सूचकांक 8% बढ़कर करीब दो साल के उच्च स्तर पर पहुंच गया। इसकी प्रमुख वजह बाजार में चावल की सीमित उपलब्धता और अंतरराष्ट्रीय मांग में सुधार के संकेत हैं। वहीं, सोयाबीन का मूल्य सूचकांक 4% गिर गया। रिपोर्ट के अनुसार, बाजार की मांग और आपूर्ति से जुड़े कारकों के साथ अन्य बाहरी परिस्थितियों का भी इस गिरावट पर असर पड़ा