विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Rice Market Government Warehouses Are Overflowing Yet Rice Is 12 5 More Expensive With Premium Varieties

Rice Market: सरकारी गोदाम लबालब, फिर भी चावल 12.5% महंगा, प्रीमियम किस्में ज्यादा महंगी हुईं; आगे क्या होगा?

गांव जंक्शन डेस्क, लखनऊ Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 27 Nov 2026 03:34 PM IST
सार

  • सरकारी गोदामों में बफर स्टॉक से चार गुना ज्यादा चावल, फिर भी कीमतों में 12.5% की बढ़ोतरी।
  • करीब एक दशक में पहली बार घट सकता है देश का चावल उत्पादन, दक्षिण भारत की प्रीमियम किस्मों पर ज्यादा असर।
  • सीरागा सांबा, सोना मसूरी और बीपीटी जैसी चावल की किस्मों के दाम एक साल में करीब दोगुने।
  • पोल्ट्री, पशु आहार और इथेनॉल उद्योग में टूटे चावल की मांग बढ़ने से कीमतों पर दबाव

चावल की कीमतों पर तेजी, खाद्य महंगाई दो साल के रिकॉर्ड पर।
चावल की कीमतों पर तेजी, खाद्य महंगाई दो साल के रिकॉर्ड पर। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में चावल का सरकारी भंडार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बावजूद इसकी कीमतों में बढ़ोतरी जारी है। अक्टूबर में चावल की राष्ट्रीय औसत कीमत पिछले साल के मुकाबले 12.5 फीसदी बढ़ गई। वहीं, दक्षिण भारत में खाई जाने वाली चावल की कुछ प्रमुख किस्मों के दाम पिछले एक साल में करीब दोगुने हो गए हैं। चावल की कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर खाद्य महंगाई पर भी पड़ा है, जो करीब दो साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। दूध, दाल, चीनी और सब्जियों जैसी दूसरी खाद्य वस्तुओं के महंगे होने से भी महंगाई का दबाव बढ़ा है।

एक दशक में पहली बार घट सकता है चावल का उत्पादन
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, भारत में चावल का उत्पादन करीब एक दशक में पहली बार घटने का अनुमान है। उत्पादन में यह गिरावट लगभग 20 वर्षों की सबसे बड़ी गिरावट हो सकती है। इस बार मानसून में एक दशक से ज्यादा समय की सबसे कम बारिश दर्ज की गई। इसका असर फसल के दाने पकने के महत्वपूर्ण चरण पर पड़ा, जिससे चावल की पैदावार प्रभावित हुई।

लेकिन, बारिश की कमी का असर सभी राज्यों में एक जैसा नहीं रहा। दक्षिण भारत के राज्यों में कम बारिश का प्रभाव ज्यादा देखने को मिला। इससे गैर-बासमती चावल की प्रीमियम किस्मों सीरागा सांबा, सोना मसूरी, एचएमटी और बीपीटी का उत्पादन प्रभावित हुआ। इन किस्मों की खपत दक्षिण भारत में बड़े पैमाने पर होती है। इनमें से कुछ किस्मों की कीमतें पिछले एक साल में करीब दोगुनी हो गई हैं। वहीं, देश के दूसरे हिस्सों में ज्यादा खाई जाने वाली चावल की किस्मों के दाम में अपेक्षाकृत कम बढ़ोतरी हुई है। दक्षिण भारत में इस्तेमाल होने वाली महंगी किस्मों के दाम बढ़ने का असर देश की औसत चावल कीमत पर भी पड़ा है।

टूटे चावल की मांग बढ़ने से भी कीमतों पर दबाव
चावल की कीमतों में बढ़ोतरी की एक और वजह टूटे चावल यानी ब्रोकन राइस की बढ़ती मांग है। पोल्ट्री और पशु आहार बनाने वाली कंपनियों, इथेनॉल उत्पादकों और खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के बीच इसकी मांग बढ़ी है। जानकारी के मुताबिक, मक्के का उत्पादन कम होने से उसकी कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। इसके अलावा, सरकार की ओर से इथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के इस्तेमाल पर पाबंदी लगाए जाने के बाद इन उद्योगों ने टूटे चावल का इस्तेमाल बढ़ाया है। इससे बाजार में इसकी उपलब्धता पर दबाव बढ़ा है।

रिकॉर्ड सरकारी भंडार के बावजूद कीमतें क्यों नहीं घट रहीं?
भारतीय खाद्य निगम और सरकारी एजेंसियों के पास चावल का भंडार रिकॉर्ड स्तर पर है। एक अक्टूबर को नए चावल सीजन की शुरुआत में सरकारी गोदामों में 5.547 करोड़ मीट्रिक टन चावल उपलब्ध था। यह निर्धारित बफर स्टॉक की जरूरत से चार गुना से भी ज्यादा है। हालांकि, चावल निर्यातक संघ के अध्यक्ष बीवी कृष्ण राव के मुताबिक, सरकारी भंडार में मुख्य रूप से सामान्य किस्मों का चावल है। इसे दक्षिण भारत में पसंद की जाने वाली प्रीमियम गैर-बासमती किस्मों के विकल्प के रूप में इस्तेमाल करना आसान नहीं है।

यही वजह है कि सरकारी गोदामों में पर्याप्त चावल होने के बावजूद उन किस्मों की कीमतों पर इसका खास असर नहीं पड़ रहा है, जिनकी मांग दक्षिण भारत में ज्यादा है। यानी सरकारी भंडार में चावल की कुल मात्रा पर्याप्त है, लेकिन उसकी किस्मों और उपभोक्ताओं की जरूरत के बीच अंतर बना हुआ है।

कीमतें घटाने के लिए सरकार के पास क्या विकल्प हैं?
चावल की घरेलू उपलब्धता बढ़ाने के लिए सरकार गैर-बासमती चावल के निर्यात पर 20 फीसदी शुल्क लगाने, न्यूनतम निर्यात मूल्य दोबारा लागू करने या 100 फीसदी टूटे चावल के निर्यात पर रोक लगाने जैसे कदमों पर विचार कर सकती है। भारत ने वर्ष 2022 में भी 100 फीसदी टूटे चावल के निर्यात पर रोक लगाई थी। भारत दुनिया का सबसे बड़ा चावल निर्यातक देश है और वैश्विक चावल व्यापार में इसकी हिस्सेदारी करीब 40 फीसदी है। ऐसे में निर्यात से जुड़े फैसलों का असर घरेलू बाजार के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार पर भी पड़ सकता है।

घरेलू बाजार में आपूर्ति बढ़ाने के लिए सरकार अपने भंडार से निजी खरीदारों को ज्यादा चावल बेच सकती है। इसी महीने सरकार ने खुले बाजार में चावल बिक्री का लक्ष्य दोगुना करके 50 लाख टन कर दिया है। इसके अलावा, सरकारी दुकानों के माध्यम से रियायती दरों पर चावल की आपूर्ति बढ़ाने का विकल्प भी मौजूद है।

निजी भंडार पर नियंत्रण बढ़ाने का विकल्प
चावल की कीमतों पर नियंत्रण के लिए सरकार निजी कारोबारियों के भंडार पर निगरानी भी बढ़ा सकती है। इसके लिए साप्ताहिक स्टॉक की जानकारी देने की व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है। इससे पहले दक्षिण भारत के पांच राज्यों को चावल पर स्टॉक सीमा लगाने की अनुमति दी गई थी। निजी भंडार पर सख्त निगरानी और नियमों के बेहतर पालन से जमाखोरी पर नियंत्रण करने में मदद मिल सकती है।

निर्यात को लेकर किस्मों के आधार पर पाबंदी 
जानकारी के मुताबिक, चावल की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी मुख्य रूप से गैर-बासमती की कुछ प्रीमियम किस्मों तक सीमित है। ऐसे में पूरे चावल बाजार पर एक जैसी पाबंदी लगाने के बजाय प्रभावित किस्मों के निर्यात को लेकर चुनिंदा कदम उठाना ज्यादा उपयोगी हो सकता है। लेकिन, गैर-बासमती चावल पर निर्यात शुल्क बढ़ाने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय चावल की प्रतिस्पर्धा कमजोर हो सकती है। इससे थाईलैंड, वियतनाम और पाकिस्तान जैसे दूसरे चावल निर्यातक देशों को फायदा मिलने की आशंका है। ये देश अब तक कम कीमत वाले भारतीय चावल से मुकाबला करने में चुनौती का सामना करते रहे हैं।


विज्ञापन
विज्ञापन