विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Record Stockpiles Of Rice In Warehouses Why Prices Still Rising Prices Double In South India

गोदामों में चावल का रिकॉर्ड भंडार: फिर भी क्यों बढ़ रहे दाम? दक्षिण भारत में कीमतें दोगुनी

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 28 Nov 2026 12:24 PM IST
सार

देश में रिकॉर्ड चावल भंडार के बावजूद कीमतें बढ़ रही हैं। दक्षिण भारत में कई किस्मों के दाम दोगुने हुए। जानिए उत्पादन में गिरावट और टूटे चावल की बढ़ती मांग का असर।

चावल
चावल - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में चावल का सरकारी भंडार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बावजूद इसकी कीमतें बढ़ रही हैं। खासकर दक्षिण भारत में पसंद की जाने वाली चावल की कुछ किस्में पिछले एक साल में करीब दोगुनी महंगी हो गई हैं। इसके चलते अक्तूबर में देशभर में चावल की औसत कीमत एक साल पहले के मुकाबले 12.5 फीसदी बढ़ गई। चावल के दाम बढ़ने से खाद्य महंगाई भी करीब दो साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। चावल के साथ दूध, दाल, चीनी और सब्जियों की कीमतें भी बढ़ रही हैं। इससे आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ रहा है। वहीं, सरकार के लिए खाद्य वस्तुओं की कीमतों को काबू में रखना चुनौती बन गया है।

चावल उत्पादन घटने की आशंका से बढ़े दाम
चावल की कीमतें बढ़ने की एक बड़ी वजह इस साल उत्पादन में कमी आने की आशंका है। माना जा रहा है कि करीब एक दशक बाद देश में चावल उत्पादन घट सकता है। यह गिरावट पिछले करीब 20 वर्षों में सबसे बड़ी हो सकती है।

इस साल मानसून के दौरान एक दशक से ज्यादा समय में सबसे कम बारिश हुई। इसका असर धान की फसल पर पड़ा। खासकर दाना पकने के अहम समय पर पर्याप्त बारिश नहीं होने से उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।

इसके अलावा टूटे चावल की मांग बढ़ने से भी बाजार में कीमतों पर दबाव बढ़ा है। मक्का की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने और सरकार की ओर से इथेनॉल बनाने में चीनी के इस्तेमाल पर रोक लगाए जाने के बाद कई उद्योग टूटे चावल का इस्तेमाल करने लगे हैं। इससे टूटे चावल की मांग बढ़ी है और इसकी उपलब्धता को लेकर प्रतिस्पर्धा तेज हो गई है।

रिकॉर्ड भंडार होने के बाद भी क्यों महंगा है चावल?
भारत ने 1 अक्तूबर को नए चावल सीजन की शुरुआत 55.47 मिलियन मीट्रिक टन यानी करीब 5.55 करोड़ टन के रिकॉर्ड भंडार के साथ की थी। यह सरकार की तय जरूरत से चार गुना से भी ज्यादा है। इसके बावजूद चावल की कीमतें बढ़ रही हैं।

राइस एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बीवी कृष्ण राव के मुताबिक, सरकारी भंडार में ज्यादातर सामान्य किस्म का चावल है। दक्षिण भारत के उपभोक्ता जिन प्रीमियम गैर-बासमती किस्मों को पसंद करते हैं, उनकी जगह सरकारी भंडार वाला सामान्य चावल आसानी से नहीं ले सकता। यही वजह है कि रिकॉर्ड भंडार के बावजूद कुछ खास किस्मों की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं।

कीमतें घटाने के लिए सरकार उठा सकती है ये कदम
चावल की बढ़ती कीमतों पर काबू पाने के लिए सरकार गैर-बासमती चावल के निर्यात पर 20 फीसदी शुल्क लगा सकती है। इसके अलावा न्यूनतम निर्यात मूल्य (फ्लोर प्राइस) दोबारा लागू करने या पूरी तरह टूटे चावल के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं। भारत दुनिया का सबसे बड़ा चावल निर्यातक देश है। वैश्विक चावल कारोबार में भारत की हिस्सेदारी करीब 40 फीसदी है। ऐसे में निर्यात पर पाबंदी लगाने से घरेलू बाजार में चावल की उपलब्धता बढ़ सकती है।

निर्यात पर रोक से कीमतों में कितनी आएगी कमी?
चावल की कीमतों में बढ़ोतरी फिलहाल कुछ खास प्रीमियम गैर-बासमती किस्मों तक सीमित है। ऐसे में सरकार को सभी किस्मों के निर्यात पर रोक लगाने के बजाय चुनिंदा किस्मों पर कदम उठाने की जरूरत पड़ सकती है।

इससे घरेलू बाजार में कीमतों को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और भारत के बड़े चावल निर्यात कारोबार पर भी ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। हालांकि, निर्यात शुल्क बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय चावल की प्रतिस्पर्धा कमजोर हो सकती है। इसलिए सरकार के सामने घरेलू उपभोक्ताओं को सस्ता चावल उपलब्ध कराने और निर्यात कारोबार के हितों के बीच संतुलन बनाने की चुनौती है।
विज्ञापन
विज्ञापन