झारखंड के किसानों के कृषि उत्पादों को दूसरे राज्यों के बाजारों से जोड़ने के प्रयास अब तेज हो गए हैं। सरजोम्बा किसान उत्पादक संगठन और किसान उत्पादक कंपनी के माध्यम से रांची के शकरकंद की आपूर्ति पटना और दिल्ली के खरीदारों तक की गई है।
5 दिनों में 4.5 मीट्रिक टन की खेप पहुंची पटना
जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर को एग्री अर्जुन के माध्यम से सरजोम्बा एफपीओ से जुड़ी शकरकंद की एक खेप पटना भेजी गई। इसी दिन पटना के लिए 3 मीट्रिक टन अतिरिक्त शकरकंद की आपूर्ति भी की गई। पांच दिनों के भीतर पटना भेजी गई दो खेपों की कुल मात्रा 4.5 मीट्रिक टन रही।
दिल्ली के खरीदार से भी सीधा संपर्क
दूसरी तरफ, सरजोम्बा एफपीसी ने दिल्ली के खरीदार शबरी एआई को 1.5 मीट्रिक टन शकरकंद की आपूर्ति की है। इस व्यापार के लिए खरीदार से संपर्क स्थापित करने में सेतु सेल के सदस्यों ने सहयोग किया। सामूहिक बिक्री की इस व्यवस्था से किसानों की स्थानीय बाजारों पर निर्भरता कम हो रही है। बड़ी मात्रा में उत्पादों की आपूर्ति होने से किसानों को अपने उत्पाद बेचने के अतिरिक्त विकल्प और सीधे व्यावसायिक संबंध मिल रहे हैं।