विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Rajasthan Illegal Seed Trade Racket Busted Three Quintals Of Suspicious Mustard Seeds And Empty Packaging Fr

Rajasthan:अवैध बीज कारोबार का भंडाफोड़, तीन क्विंटल संदिग्ध सरसों बीज और बड़ी कंपनियों की खाली पैकेजिंग जब्त

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Mon, 12 Oct 2026 04:35 PM IST
सार

  • राजस्थान के घोराणा की ढाणी में अवैध गोदाम से तीन क्विंटल संदिग्ध सरसों के बीज जब्त किए गए।
  • कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी कंपनियों की खाली पैकेजिंग सामग्री और पैकिंग मशीनें बरामद हुईं।
  • आरोपी बिना लाइसेंस ‘फार्मेक्सा केमिकल’ के नाम से कारोबार चला रहा था।
  • आवश्यक वस्तु अधिनियम और बीज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गोदाम सील कर दिया गया।
  • जब्त बीजों के नमूने राज्य बीज परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।

राजस्थान में अवैध बीजों की बड़ी खेप बरामद हुई।
राजस्थान में अवैध बीजों की बड़ी खेप बरामद हुई। - फोटो : AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान में कृषि विभाग और पुलिस ने मिलकर अवैध बीजों की बड़े खेप बरामद की है। मामला घोराणा की ढाणी स्थित एक अवैध गोदाम का है, जहां कार्यवाई में कुल तीन क्विंटल संदिग्ध सरसों के बीज और बड़ी कंपनियों की खाली पैकेजिंग सामग्री बरामद हुई है। कृषि अधिकारी की शिकायत पर उद्योग नगर थाना पुलिस ने बिना लाइसेंस संचालित इस फर्म के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और बीज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

बिना लाइसेंस चल रहा था कारोबार, भारी मात्रा में सामग्री जब्त
कृषि विभाग की जयपुर और सीकर टीम ने यह संयुक्त कार्रवाई की है। अधिकारियों ने बताया कि टीम ने आरोपी सुनील कुमार सैनी की गाड़ी से 10 कट्टों में भरा तीन क्विंटल सरसों का बीज जब्त किया। पूछताछ में जब अधिकारियों ने कारोबार से जुड़े लाइसेंस और खरीद-बिक्री के बिल मांगे, तो आरोपी कोई भी वैध कागज पेश नहीं कर सका।

अधिकारियों के अनुसार, आरोपी यह फर्म 'फार्मेक्सा केमिकल' के नाम से चला रहा था। जब गोदाम की गहनता से तलाशी ली गई, तो वहां कोरटेवा एग्री साइंसेज सीड्स प्राइवेट लिमिटेड के 179 खाली रैपर, आइपीएल डीएपी के 492 खाली बैग और कंचन काला सोना ब्रांड के 591 कटे हुए कट्टे मिले। मौके से दो पैकिंग मशीनें और कट्टे सिलने की एक मशीन भी बरामद की गई है।

ताला तोड़कर घुसी पुलिस, वीडियो रिकॉर्डिंग कर की तलाशी
उद्योग नगर थाने के उपनिरीक्षक आशुतोष मिश्रा के अनुसार, मुखबिर से मिली पक्की सूचना के बाद पुलिस बल और कृषि विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। परिसर के बाहर 'जोधपुर भोजनालय' का बोर्ड लगा था और मुख्य गेट पर ताला जड़ा हुआ था। जब आरोपी सुनील कुमार ताला खोलने से मना कर दिया, तो पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में पंचनामा बनाया। पुलिस के अनुसार, पूरी वीडियोग्राफी करवाते हुए ताला तोड़कर गोदाम के अंदर प्रवेश किया गया।

अधिकारियों का कहना है कि गोदाम के अंदर मिली पैकिंग मशीनों और कटे-फटे कट्टों से यह साफ इशारा मिलता है कि वहां नामी कंपनियों के नाम पर नकली या साधारण बीज पैक करके बेचने का गोरखधंधा चल रहा था।

प्रयोगशाला भेजे गए बीज के नमूने, गोदाम सील
कृषि अधिकारी शंकर लाल की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए सरसों के बीज के नमूनों को जांच के लिए 'राज्य बीज परीक्षण प्रयोगशाला' भेज दिया गया है।

पूरी जब्त सामग्री को ग्राम सेवा सहकारी समिति पिपराली के व्यवस्थापक ओमप्रकाश की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। तलाशी और सामान जब्त करने के बाद गवाहों के सामने गोदाम को दोबारा सील कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस और कृषि विभाग की टीम बीज की गुणवत्ता और पैकिंग सामग्री के नेटवर्क को लेकर आगे की जांच कर रही है।


विज्ञापन
विज्ञापन