राजस्थान : किसानों के खाते में पहुंचे फसल बीमा के ₹345 करोड़, बीकानेर को सबसे ज्यादा 116 करोड़
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sat, 31 Oct 2026 01:25 PM IST
सार
राजस्थान में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों के खातों में 345 करोड़ रुपये भेजे गए। बीकानेर को सबसे ज्यादा 116 करोड़ रुपये मिले, जबकि सूखा प्रभावित पश्चिमी राजस्थान के किसानों के लिए 318 करोड़ रुपये के दावों का भुगतान कराया गया।
राजस्थान के किसानों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत प्रदेश के किसानों के बैंक खातों में 345 करोड़ रुपये की राशि भेजी है। यह पैसा प्राकृतिक आपदाओं और खराब मौसम के कारण फसल नुकसान झेलने वाले पात्र किसानों को दिया गया है। सरकार के मुताबिक, इस भुगतान का लाभ जयपुर, बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर, पाली, सिरोही, चूरू, जालोर और डूंगरपुर जिलों के किसानों को मिला है। त्योहार से पहले मिली इस राशि से किसानों को आर्थिक मदद मिलेगी।
पश्चिमी राजस्थान के किसानों को 318 करोड़ रुपये की राहत
कृषि आयुक्त के अनुसार, रबी 2025-26 में सूखे से प्रभावित पश्चिमी राजस्थान के किसानों के लिए 318 करोड़ रुपये के फसल बीमा दावों का भुगतान कराया गया है। यह राशि अधिसूचित बीमा कंपनियों, एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड और रिलायंस जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के माध्यम से किसानों के खातों में जमा कराई गई है। इससे सूखे के कारण फसल नुकसान झेल रहे किसानों को राहत मिली है।
बीकानेर के किसानों को सबसे ज्यादा रकम
फसल बीमा की राशि अलग-अलग जिलों के किसानों को उनके दावों के आधार पर दी गई है। इसमें बीकानेर जिले को सबसे ज्यादा 116 करोड़ रुपये मिले हैं। इसके अलावा बाड़मेर के किसानों के खातों में 53.60 करोड़ रुपये और जोधपुर में 48 करोड़ रुपये भेजे गए हैं।
जिलावार भुगतान का ब्योरा इस प्रकार है-
बीकानेर- 116 करोड़ रुपये
बाड़मेर- 53.60 करोड़ रुपये
जोधपुर- 48 करोड़ रुपये
जालोर- 43.58 करोड़ रुपये
पाली- 31 करोड़ रुपये
चूरू- 25.85 करोड़ रुपये
कृषि विभाग के अनुसार, यह राशि फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए दी गई है।
बीमा कंपनियों की आपत्ति खारिज होने के बाद जारी हुई रकम
राज्य स्तरीय शिकायत निराकरण समिति ने रिलायंस जनरल इंश्योरेंस कंपनी की आपत्तियों को खारिज कर दिया था। इसके बाद डूंगरपुर और जालोर जिलों के किसानों के लिए 17.60 करोड़ रुपये के बीमा दावों का भुगतान करने के निर्देश दिए गए।
कृषि विभाग के मुताबिक, जालोर जिले में खरीफ 2024 के लंबित बीमा दावों के 10.64 करोड़ रुपये किसानों के खातों में जमा कराए गए हैं। वहीं, डूंगरपुर जिले में खरीफ 2025 के 6.96 करोड़ रुपये के बीमा दावों का भुगतान भी कर दिया गया है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।