विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Rain Hail Snowfall Elsewhere Weather To Change From Uttar Pradesh To South India

कहीं बारिश-ओले तो कहीं बर्फबारी : यूपी से दक्षिण भारत तक बदलेगा मौसम, ओडिशा के 20 जिलों में रेड अलर्ट

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 24 Oct 2026 08:09 AM IST
सार

24 अक्टूबर को यूपी में बारिश और ओलावृष्टि, ओडिशा के 20 जिलों में रेड अलर्ट और दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना है। जानें दिल्ली, बिहार, राजस्थान और पहाड़ी राज्यों के मौसम का ताजा पूर्वानुमान।

बारिश का अलर्ट
बारिश का अलर्ट - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि उत्तर और पूर्वी भारत में सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग ने 24 अक्टूबर के लिए कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की आशंका जताई है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसके और मजबूत होकर डीप डिप्रेशन में बदलने की आशंका है। इसका असर देश के कुछ हिस्सों के मौसम पर पड़ सकता है।

दिल्ली में बादल छाए रहेंगे, बारिश की संभावना नहीं
दिल्ली में मानसून की विदाई के बाद सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है। वहीं, प्रदूषण का स्तर भी बढ़ रहा है। आज राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अगले दिन भी आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।

यूपी में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में सुबह और शाम के समय हल्की ठंड पड़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है। बारिश और ओले पड़ने से तापमान में गिरावट आ सकती है।

वहीं, 28 अक्टूबर से पूर्वी यूपी में मौसम बदलने और बारिश का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है। बिहार में भी सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक राज्य में भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

राजस्थान में बारिश, मध्य प्रदेश में गिरेगा तापमान
राजस्थान में नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदल सकता है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मध्य प्रदेश में अगले चार दिनों तक आंधी या बारिश का अलर्ट नहीं है। हालांकि, तापमान में गिरावट आने का अनुमान है। झारखंड में शनिवार को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है, जबकि पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ओडिशा के 20 जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और लक्षद्वीप में भी आज भारी बारिश हो सकती है। कर्नाटक में मध्यम बारिश और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 27 और 28 अक्टूबर को अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी के आसार
उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। राज्य के 3,500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश के कुछ जिलों में आज और कल बारिश या बर्फबारी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में भी बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी जाती है।
विज्ञापन
विज्ञापन