विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Foreign Buyers Pull Out Tea Prices Fall To 6 Per Kg 40 Of Orthodox Tea Remains Unsold

विदेशी खरीदारों ने खींचे हाथ : चाय के दाम ₹6 प्रति किलो तक गिरे, 40% ऑर्थोडॉक्स Tea नहीं बिकी

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 24 Oct 2026 08:56 AM IST
सार

कोच्चि की चाय नीलामी में कमजोर मांग के कारण कीमतें ₹6 प्रति किलो तक गिरीं। 40% ऑर्थोडॉक्स चाय नहीं बिकी। जानें पश्चिम एशिया तनाव, शिपिंग लागत और सीटीसी चाय के दाम पर असर।

चाय पत्ती
चाय पत्ती - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केरल के कोच्चि में चाय की नीलामी के दौरान कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। विदेशी और दूसरे राज्यों के खरीदारों की कमजोर मांग के कारण चाय की औसत कीमत करीब 6 रुपये प्रति किलो तक गिर गई। इसका असर बिक्री पर भी पड़ा और खासकर ऑर्थोडॉक्स चाय की बड़ी मात्रा बिना बिके रह गई।

नीलामी के 43वें दौर में बिक्री के लिए 1,28,928 किलो ऑर्थोडॉक्स लीफ चाय रखी गई थी। इसमें से करीब 40 प्रतिशत चाय नहीं बिक सकी। कारोबारियों के मुताबिक, उत्तर भारत में पूजा की छुट्टियों और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण खरीदारों ने खरीदारी में सावधानी बरती। ईरान पर अमेरिका के संभावित नए हमले की चर्चाओं से भी निर्यातक आक्रामक खरीदारी करने से बच रहे हैं।

मानसून से चाय की गुणवत्ता सुधरी, आवक बढ़ी
ऊंचाई वाले चाय उत्पादक क्षेत्रों में उत्तर-पूर्वी मानसून शुरू होने से फसल की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। इसके चलते नीलामी केंद्र पर चाय की आवक बढ़ी है। कारोबारियों के अनुसार, बाजार में ज्यादा चाय आने से भी कीमतों पर दबाव पड़ा है।

नीलामीकर्ता फोर्ब्स, इवर्ट एंड फिगिस के मुताबिक, पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से विदेशी खरीदार सतर्क हैं। इसके कारण कंटेनरों की कमी और माल ढुलाई की लागत में बढ़ोतरी हुई है। चाय की कई श्रेणियों के दाम 5 से 10 रुपये प्रति किलो तक गिर गए, जबकि बड़ी मात्रा में चाय बिक्री से वापस ले ली गई। हालांकि, स्वतंत्र देशों के राष्ट्रमंडल (सीआईएस) क्षेत्र के देशों को निर्यात करने वाले खरीदारों ने बाजार को कुछ समर्थन दिया।

उत्तर भारत की छुट्टियों से खरीदारी प्रभावित
टी ट्रेड एसोसिएशन ऑफ कोचीन के अनिल जॉर्ज जोसेफ के मुताबिक, उत्तर भारत में पूजा की छुट्टियों के कारण खरीदारों की भागीदारी सीमित रही। पश्चिम एशिया के खरीदार भी चुनिंदा किस्मों की खरीदारी कर रहे थे। खासकर पूरी पत्ती वाली ऑर्थोडॉक्स चाय की मांग कमजोर रही, जिसके चलते बड़ी मात्रा में चाय बिना बिके रह गई।

सीटीसी डस्ट चाय के दाम भी घटे
नीलामी में सीटीसी डस्ट चाय की कीमत पिछले सप्ताह के 156 रुपये प्रति किलो से घटकर 154 रुपये प्रति किलो रह गई। इस श्रेणी में 5,90,994 किलो चाय बिक्री के लिए रखी गई थी, जिसमें से 78 प्रतिशत की बिक्री हुई।

अच्छी गुणवत्ता वाली और बेहतर रंग देने वाली चाय के दाम 2 से 3 रुपये प्रति किलो घटे। वहीं, कम और मध्यम गुणवत्ता वाली चाय की कीमतों में 3 से 4 रुपये प्रति किलो की गिरावट आई। इन श्रेणियों में भी बड़ी मात्रा में चाय की बिक्री नहीं हो सकी। इस नीलामी में सीटीसी चाय की कुल बिकी मात्रा का 70 प्रतिशत हिस्सा ब्लेंडर्स यानी अलग-अलग किस्मों की चाय मिलाकर तैयार उत्पाद बनाने वाली कंपनियों ने खरीदा। निर्यातक भी बाजार में सक्रिय रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन