विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Rabi Sowing Fertiliser Sales Fall 9 In October Dap Sales Rise 7

अक्टूबर में खाद बिक्री 9% घटी : लेकिन DAP खरीद में 7% की तेजी; सरकारी अनुमान पर उठे सवाल, रबी बुवाई का हाल...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 20 Nov 2026 02:31 PM IST
सार

  • रबी फसलों की बुवाई के बीच अक्टूबर में खाद की बिक्री में 9 फीसदी की गिरावट आई है
  • इस महीने में डीएपी की बिक्री 7 प्रतिशत बढ़ी है, वहीं, यूरिया की बिक्री में मामूली गिरावट दर्ज की गई है
  • कुल खाद बिक्री में आई गिरावट का बड़ा कारण कॉम्प्लेक्स खाद रही है
  • 13 नवंबर तक गेहूं और सरसों का रकबा पीछे चल रहा था, आगमी हफ्तों में इसमें तेजी की उम्मीद है
  • किसानों के पास डीएपी और यूरिया का स्टॉक होने से आगामी बुवाई के लिए खाद के मोर्चे पर चुनौती दिखाई नहीं देती।

अक्तूबर में खाद की बिक्री 9 प्रतिशत लुढ़की, सरकारी अनुमान पर उठे सवाल।
अक्तूबर में खाद की बिक्री 9 प्रतिशत लुढ़की, सरकारी अनुमान पर उठे सवाल। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रबी फसलों की बुवाई में तेजी आने की उम्मीद के बीच अक्टूबर में खाद की बिक्री के आंकड़े सामने आए हैं। पिछले साल के मुकाबले अक्टूबर में डीएपी की बिक्री 7 फीसदी बढ़ी है, जबकि यूरिया की बिक्री में मामूली गिरावट आई है। दूसरी तरफ, खाद की कुल बिक्री में 9 फीसदी की कमी दर्ज की गई है। किसानों के पास डीएपी और यूरिया का पर्याप्त स्टॉक होने से आने वाले हफ्तों में गेहूं और सरसों की बुवाई में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

अक्टूबर में कुल खाद की बिक्री 9% घटी, कॉम्प्लेक्स खाद बनी वजह
आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में देश में कुल 47.69 लाख टन खाद की बिक्री हुई, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह आंकड़ा 52.45 लाख टन था। इस तरह खाद की कुल बिक्री में 9 फीसदी की गिरावट आई है।

इस गिरावट की अहम वजह कॉम्प्लेक्स खाद की बिक्री में बड़ी कमी आना रहा है। पिछले साल अक्टूबर में 12.7 लाख टन कॉम्प्लेक्स खाद की बिक्री हुई थी, जो इस साल घटकर 7.15 लाख टन रह गई। यानी इसकी बिक्री में 44 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं, एमओपी)की बिक्री भी 6% घटकर 1.99 लाख टन रह गई, जबकि पिछले साल अक्टूबर में इसकी 2.11 लाख टन बिक्री हुई थी।

डीएपी की बिक्री बढ़ी, यूरिया में मामूली गिरावट
अक्टूबर में डीएपी की बिक्री बढ़कर 15.3 लाख टन हो गई, जबकि पिछले साल इसी महीने में 14.3 लाख टन डीएपी बिकी थी। इस तरह इसकी बिक्री में 7% की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, यूरिया की बिक्री लगभग पिछले साल के बराबर रही। अक्टूबर में 23.25 लाख टन यूरिया की बिक्री हुई, जबकि पिछले साल इसी महीने में 23.34 लाख टन यूरिया बिकी थी। यानी इसकी बिक्री में सिर्फ 9 हजार टन की कमी आई है।

सरकार के अनुमान से कम रही खाद की बिक्री
सरकार ने अक्टूबर में रबी सीजन के लिए यूरिया की मांग 38.24 लाख टन रहने का अनुमान लगाया था। इसी तरह डीएपी की मांग 19.01 लाख टन, एमओपी की 3.33 लाख टन और कॉम्प्लेक्स खाद की मांग 18.51 लाख टन आंकी गई थी।

लेकिनृ, असल बिक्री इन अनुमानों से काफी कम रही। एक उद्योग से जुड़े सूत्र ने इस अंतर पर सवाल उठाते हुए कहा कि या तो सरकार की ओर से खाद की मांग का अनुमान वास्तविक जरूरत से काफी ज्यादा लगाया गया है या फिर खाद की बिक्री को सीमित किया जा रहा है।

13 नवंबर तक गेहूं और सरसों की बुवाई का रकबा घटा
कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 13 नवंबर तक देश में कुल रबी फसलों की बुवाई का रकबा 178.25 लाख हेक्टेयर रहा। पिछले साल इसी अवधि में 201.04 लाख हेक्टेयर में बुवाई हो चुकी थी। इस तरह कुल रकबे में 11% की गिरावट दर्ज की गई।

प्रमुख रबी फसलों में सरसों की बुवाई का रकबा पिछले साल के मुकाबले 8% घटकर 59.31 लाख हेक्टेयर रह गया। वहीं, गेहूं का रकबा 15% गिरकर 50.07 लाख हेक्टेयर रहा। दलहनी फसल चना की बुवाई में भी कमी दर्ज की गई। 13 नवंबर तक चने का रकबा 22% घटकर 31.13 लाख हेक्टेयर रह गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में इससे अधिक क्षेत्र में बुवाई हो चुकी थी।

रबी सीजन में 17.77 करोड़ टन खाद्यान्न उत्पादन का लक्ष्य
सरकार ने चालू रबी सीजन में कुल 17.772 करोड़ टन खाद्यान्न उत्पादन का लक्ष्य रखा है। इसमें 12.1 करोड़ टन गेहूं, 1.72 करोड़ टन दलहन और 2.23 करोड़ टन मोटे अनाज और पोषक अनाज का उत्पादन शामिल है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए समय पर बुवाई और किसानों को खाद की उपलब्धता दो अहम बातें हैं। ऐसे में आने वाले हफ्तों में फसल बुवाई की रफ्तार रबी सीजन के उत्पादन लक्ष्य के लिहाज से अहम होगी।


विज्ञापन
विज्ञापन