पंजाब में चालू धान खरीद सीजन अपने लक्ष्य से आगे निकल गया है। दूसरी तरफ मंडियों में फर्जी खरीद के संदिग्ध मामले सामने आने लगे हैं। आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश सरकार ने 180 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य तय किया था, अब तक खरीद का असल आंकड़ा 183 लाख मीट्रिक टन को पार कर गया है। जानकारी के अनुसार, अबोहर और भुलत्थ मंडियों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियों की शिकायत सामने आई है, जिस पर प्रदेश सरकार ने दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया है और संबंधित फर्मों के भुगतानों पर रोक लगा दी है।
अबोहर में 11 हजार क्विंटल धान की संदिग्ध खरीद पर गिरी गाज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फाजिल्का जिले के अबोहर में दो फर्मों के माध्यम से लगभग 11,000 क्विंटल धान की खरीद में गंभीर गड़बड़ी पाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने मार्कफेड अबोहर के वरिष्ठ शाखा अधिकारी कुलदीप सिंह और अबोहर मार्केट कमेटी के सचिव अमनदीप सिंह कांग को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके अलावा, मामले की प्रारंभिक जांच के बाद सात आढ़ती फर्मों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जांच में खुली बिना पते और बिना दफ्तर वाली फर्मों की पोल
अधिकारियों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों के दौरान अबोहर मंडी में धान की खरीद में अचानक असामान्य उछाल देखा गया था, जिसके बाद जांच शुरू की गई। जांच के दौरान कुल 28 फर्मों के रिकॉर्ड की पड़ताल की गई। इनमें से दो संदिग्ध फर्में सितंबर 2026 में ही पंजीकृत की गई थीं। भौतिक सत्यापन के दौरान इन फर्मों का न तो कोई तय पता मिला, न ही कोई कार्यालय और न ही कोई पंजीकृत कर्मचारी मौजूद था। जांच रिपोर्ट में इन दोनों कागजी फर्मों और निलंबित अधिकारियों के बीच मिलीभगत होने के संकेत मिले हैं।
कागजों पर 21 किसानों की उपज दिखाई, मौके पर नहीं मिला धान
जांच दल के अनुसार, पांच अन्य आढ़ती फर्मों ने खरीद केंद्र पर 21 किसानों के धान की आवक दिखाई थी, लेकिन मौके पर भौतिक सत्यापन के दौरान वहां कोई फसल नहीं पाई गई। हालांकि, इन फर्मों को नए बारदाने (बोरे) जारी किए जा चुके थे। अधिकारियों को आशंका है कि राजस्थान सीमा से सटे होने के कारण दूसरे राज्यों से लाया गया धान या स्थानीय किसानों से औने-पौने दामों में खरीदा गया धान कागजों में चढ़ाकर समर्थन मूल्य पर खपाने की कोशिश की जा रही थी। इस खुलासे के बाद सरकार ने दोनों फर्मों के नाम पर दिखाई गई खरीद का भुगतान रोक दिया है और मंडी बोर्ड को आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
भुलत्थ में 22 हजार बोरियों के फर्जी परिवहन की जांच के आदेश
अबोहर के अलावा कपूरथला जिले के भुलत्थ से भी फर्जीवाड़े का एक दूसरा संदिग्ध मामला सामने आया है। एक शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मंडी से धान की 22,000 बोरियां ट्रकों में लादकर एक राइस मिल में उतारना कागजों में दर्ज किया गया है। लेकिन, मंडी से राइस मिल तक के पूरे रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर इस तरह के किसी भी वाहन या ढुलाई की तस्वीर दर्ज नहीं मिली। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सरकार ने पनसप (PUNSUP) के अधिकारियों को भुलत्थ शिकायत की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
तय लक्ष्य से अधिक आवक, सरकार ने केंद्र से मांगी 200 एलएमटी की सीमा
पंजाब सरकार के अनुसार, मंडियों में किसानों की भारी आवक को देखते हुए राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर खरीद लक्ष्य को 180 से बढ़ाकर 200 एलएमटी करने की मांग की है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के प्रमुख सचिव राहुल तिवारी ने बताया कि सरकार पंजाब के किसानों द्वारा मंडियों में लाए गए धान के एक-एक दाने की खरीद के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की फर्जी खरीद या अनियमितता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।