उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में औद्योगिक कॉरिडोर के लिए कृषि भूमि अधिग्रहण की आशंका से किसानों में नाराजगी है। शुक्रवार को बांसी तहसील के छितौनी न्याय पंचायत क्षेत्र के करीब 10 गांवों के किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि उनकी जानकारी और सहमति के बिना खेतों का सर्वे कराया जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि वे अपनी उपजाऊ जमीन किसी भी कीमत पर नहीं देना चाहते।
किसानों को आशंका है कि उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) की औद्योगिक परियोजना के लिए उनकी जमीन ली जा सकती है। किसानों का कहना है कि इन खेतों में साल में दो फसलें होती हैं और कई पीढ़ियों से उनके परिवार इसी जमीन के सहारे अपना गुजारा कर रहे हैं।
बिना जानकारी खेतों का सर्वे कराने का आरोप
किसानों के मुताबिक, गांव में लेखपाल ट्यूबवेल और बोरिंग आदि की जांच करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें पता चला कि क्षेत्र की जमीन का सर्वे कराया जा रहा है और इसे औद्योगिक कॉरिडोर के लिए लिया जा सकता है। किसानों का कहना है कि अभी तक प्रशासन की ओर से उन्हें इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
मनिकौरा नानकार ग्राम पंचायत के छितौनी गांव निवासी किसान केवल बहन चौधरी ने बताया कि छितौनी न्याय पंचायत के करीब 10 गांवों की जमीन यूपीसीडा की फैक्टरी और औद्योगिक कॉरिडोर के लिए ली जा सकती है। सर्वे की जानकारी मिलने के बाद से ग्रामीणों में चिंता और नाराजगी है।
जमीन गई तो खेती और रोजी-रोटी का संकट
किसानों का कहना है कि उनकी जमीन बेहद उपजाऊ है और साल में दो फसलें देती है। कई परिवारों के पास खेती के लिए यही एकमात्र जमीन है। अगर इसका अधिग्रहण हुआ तो उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। किसानों ने कहा कि वे औद्योगिक विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन इसके लिए उनकी आजीविका का आधार बनी कृषि भूमि का अधिग्रहण नहीं होना चाहिए।
किसानों ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में दिशा की बैठक के दौरान प्रभावित गांवों के किसान अपनी मांगों को लेकर पहुंच गए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई और जिलाधिकारी से मिलने की मांग की। किसानों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र देकर उपजाऊ कृषि भूमि को अधिग्रहण से बाहर रखने की मांग की। साथ ही औद्योगिक कॉरिडोर और फैक्टरी के लिए दूसरी जगह जमीन तलाशने की अपील की।किसानों का सुझाव है कि औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए बंजर, परती और अनुपयोगी सरकारी जमीन का इस्तेमाल किया जाए, ताकि किसानों की खेती और उनकी आजीविका पर असर न पड़े।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।