विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Production Increased Four Times Yet There Is No Softening In Sugar Inflation Prices Also Increased Compared

Sugar Market: चार गुना बढ़ा उत्पादन, फिर भी चीनी की महंगाई में नरमी नहीं, अक्तूबर के मुकाबले भी बढ़ गए दाम...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 13 Nov 2026 12:18 PM IST
सार

  • नए पेराई सीजन में उत्पादन शुरू होने के बाद चीनी की कीमतों में नरमी की उम्मीद थी
  • सीजन की शुरुआत में चार गुना अधिक चीनी उत्पादन हुआ, लेकिन कीमतों में करीब 30 प्रतिशत की तेजी बनी हुई है।
  • 11 नवंबर को दर्ज हुआ चीनी का औसत भाव अक्तूबर के मुकाबले ज्यादा है।
  • चालू सीजन में महाराष्ट्र उत्पादन के मोर्चे पर पहले पायदार पर है।

उत्पादन में बंपर उछाल, फिर भी चीनी की कीमतों में नरमी नही।
उत्पादन में बंपर उछाल, फिर भी चीनी की कीमतों में नरमी नही। - फोटो : प्रतीकात्मक
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नए गन्ना पेराई सीजन (2026-27) की शुरुआत बंपर चीनी उत्पादन के साथ हुई है। लेकिन, खुदरा बाजार में चीनी की कीमतें अभी भी ऊंची बनी हुई हैं। उपभोक्ता मामलों के विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 11 नवंबर घरेलू बाजार में चीनी का औसत दाम 60.53 रुपये प्रति किलो रहा। वहीं, बीते साल की इसी तारीख को चीनी का दाम 46.61 रुपये प्रति किलो था। दूसरे शब्दों में कहें तो एक साल के अंदर चीनी के खुदरा भाव में लगभग 30 प्रतिशत की बड़ी बढ़त हुई है। अक्तूबर में दर्ज 54.92 रुपये प्रति किलो के भाव के मुकाबले अभी भी कीमतें तेज बनी हुई हैं।

चार गुना बढ़ा शुरुआती चीनी उत्पादन
'इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के आंकड़ों के अनुसार, उत्पादन के मोर्चे पर शुरुआत काफी मजबूत रही है। 5 नवंबर तक देश भर में 12.85 लाख टन चीनी का उत्पादन हो चुका था। यह पिछले साल की इसी अवधि में हुए 3.20 लाख टन उत्पादन के मुकाबले लगभग चार गुना अधिक है। आंकड़ों के मुताबिक, 5 नवंबर तक देश भर में कुल 184 चीनी मिलों में पेराई का काम शुरू हो चुका था, जबकि पिछले साल इसी अवधि में केवल 154 मिलें ही चालू हो पाई थीं। इससे साफ है कि इस साल पेराई का सीजन समय से पहले शुरू हुआ है।

उत्पादन में महाराष्ट्र पहले पायदान पर
शुरुआती सीजन में चीनी के कुल उत्पादन में सबसे बड़ा हिस्सा महाराष्ट्र का रहा है। इस्मा (ISMA) के आंकड़ों के मुताबिक, 5 नवंबर तक महाराष्ट्र की 136 चीनी मिलों ने 10.78 लाख टन चीनी का उत्पादन कर लिया था। पिछले साल इसी अवधि के दौरान राज्य में 101 मिलों ने मिलकर सिर्फ 1.23 लाख टन चीनी बनाई थी।

इसके अलावा, महाराष्ट्र चीनी आयुक्तालय द्वारा 11 नवंबर तक जारी किए गए अलग आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब 143 मिलें चालू हो चुकी हैं। इन मिलों ने 176.99 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई करके कुल 15.022 लाख टन चीनी का उत्पादन पूरा कर लिया है। भारी उत्पादन के बाद भी खुदरा बाजार में चीनी के भाव का ऊंचे बने रहना चिंता की बात है।


विज्ञापन
विज्ञापन