केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने चीनी बाजार की समीक्षा की है। गुरुवार को आयोजित हुई इस बैठक में केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को बाजार पर सख्त निगरानी रखने और समय रहते कदम उठाने के निर्देश दिए है, जिससे आम लोगों के लिए पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे और कीमतों में स्थिरता रहे। लेकिन, इस बैठक से कोई नीतिगत फैसला निकलकर सामने नहीं आया है।
चीनी की घरेलू सप्लाई और उपलब्धता का लिया जायजा
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने खाद्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए घरेलू चीनी बाजार का गहराई से आकलन किया। उन्होंने देश भर में चीनी की सप्लाई और उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बाजार पर लगातार नजर रखने पर खास जोर दिया।
आवश्यक वस्तुओं के भाव और बफर स्टॉक की समीक्षा
उपभोक्ता मामले विभाग के सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित एक अलग बैठक में केंद्रीय मंत्री ने देशभर में दूसरी जरूरी खाद्य वस्तुओं की उपलब्धता और उनके खुदरा मूल्यों की समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान मौजूदा स्टॉक की स्थिति और सप्लाई चेन की तैयारियों का भी जायजा लिया ताकि किसी भी समय बफर स्टॉक की कमी न पड़े।
मूल्य स्थिरता कोष से समय पर स्टॉक जारी करने के निर्देश
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को मंडियों और बाजारों पर कड़ी निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 'मूल्य स्थिरता कोष' (प्राइस स्टेबिलाइजेशन फंड) के तहत रखे गए बफर स्टॉक को जरूरत पड़ने पर समय पर बाजार में उतारा जाए। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि खुदरा कीमतों में अचानक कोई उछाल न आए और आम उपभोक्ताओं को उचित दरों पर जरूरी वस्तुएं मिलती रहें।