Home›Khabar Junction›
Bijnor Farmers Cultivate Australian Beetroot Along Sugarcane Demand Jaggery Ranges Bhutan To Germany
बिजनौर : गन्ने के साथ अब ऑस्ट्रेलियन चुकंदर की खेती करेंगे किसान, गुड़ की मांग भूटान से जर्मनी तक
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Fri, 13 Nov 2026 12:22 PM IST
सार
बिजनौर के किसान इस सीजन में 2,000 बीघा में ऑस्ट्रेलियन चुकंदर उगाने की तैयारी कर रहे हैं। चुकंदर से बने गुड़ की भूटान, दुबई और जर्मनी में मांग बढ़ रही है।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में किसान अब गन्ने के साथ ऑस्ट्रेलियन चुकंदर की खेती का रकबा बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। एक किसान उत्पादक संगठन (FPO) ने इस सीजन में बिजनौर और उत्तराखंड के बाजपुर व काशीपुर में करीब 2,000 बीघा जमीन पर इसकी खेती कराने का लक्ष्य रखा है। पिछले साल चुकंदर की खेती से मिले अच्छे नतीजों और इससे बने गुड़ की बढ़ती मांग को देखते हुए किसान इसका रकबा बढ़ा रहे हैं। खास बात यह है कि चुकंदर से बने गुड़ की मांग अब विदेशों में भी बढ़ रही है। FPO को भूटान, दुबई और जर्मनी से इसके ऑर्डर मिले हैं। इनकी आपूर्ति अप्रैल में की जाएगी।
पिछले साल 1,000 बीघा में हुई थी खेती
बिजनौर के नहटौर क्षेत्र में किसानों ने पिछले साल क्रिएटिव फार्मिंग प्रोड्यूसर कंपनी के सहयोग से करीब 1,000 बीघा जमीन पर ऑस्ट्रेलियन चुकंदर की खेती की थी। FPO ने किसानों से करीब 1,000 टन चुकंदर 400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा था। यह कीमत उस समय गन्ने के प्रचलित भाव के बराबर थी।
इसके बाद चुकंदर से गुड़ और पशुओं के लिए साइलेज (हरा चारा सुरक्षित रखने की विधि से तैयार आहार) बनाया गया। पिछले साल मिले अच्छे परिणाम के बाद FPO ने इस बार बिजनौर और काशीपुर के किसानों को चुकंदर के बीज बांटे हैं। इसके लिए किसानों से 600 रुपये प्रति बीघा की दर से राशि ली गई है।
नहटौर में लगाई चुकंदर से गुड़ बनाने की यूनिट
चुकंदर की खेती और उससे बनने वाले उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए FPO ने नहटौर क्षेत्र के नवादा गांव में प्रसंस्करण इकाई भी स्थापित की है। यहां चुकंदर से गुड़ तैयार किया जाएगा। FPO के सदस्य वरुण कुमार के मुताबिक, यह खास तौर पर चुकंदर से गुड़ बनाने के लिए स्थापित की गई अपनी तरह की पहली इकाई है।
गन्ने से ज्यादा चीनी मिलने की संभावना
FPO के सीईओ विजेंद्र कुमार के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियन चुकंदर से 15 प्रतिशत तक चीनी की रिकवरी हो सकती है, जबकि गन्ने से अधिकतम 12 प्रतिशत तक चीनी मिलती है। चुकंदर की एक जड़ का वजन दो से पांच किलोग्राम तक होता है। इसकी पैदावार 70 से 100 क्विंटल प्रति बीघा तक हो सकती है।
गन्ने के साथ भी कर सकते हैं खेती
ऑस्ट्रेलियन चुकंदर की खेती का एक फायदा यह भी है कि किसान इसे गन्ने के साथ उगा सकते हैं। इसके अलावा मार्च में इसकी फसल की कटाई करने के बाद खेत में मक्का और दूसरी मौसमी फसलें भी लगा सकते हैं। इससे किसानों को एक ही खेत से अतिरिक्त आमदनी का मौका मिलेगा। बिजनौर में अब तक गन्ना, गेहूं, धान और चारा प्रमुख फसलें रही हैं। ऐसे में चुकंदर की खेती किसानों को फसल विविधीकरण का नया विकल्प दे सकती है।
मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह के मुताबिक, किसानों को दूसरी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए किसान उत्पादक संगठनों (FPO) की मदद ली जा रही है, ताकि किसानों को नई फसलों की खेती के साथ उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार भी मिल सके।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।