विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Rain And Storms In The Mountains Colder Weather Ahead For The Plains A Three Day Spell Of Rain Expected Acro

पहाड़ों में बारिश-आंधी, मैदानी इलाकों में बढ़ेगी ठंड : कई राज्यों में तीन दिन बारिश का दौर, आपके राज्य का हाल?

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 13 Nov 2026 09:53 AM IST
सार

  • पश्चिमी विक्षोभ के असर से 13 नवंबर से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना।
  • हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 15 नवंबर तक कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार।
  • पंजाब और पश्चिमी राजस्थान में भी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान।
  • उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, दिल्ली और झारखंड में अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना

देश के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट।
देश के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर भारत के कई राज्यों में 13 नवंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी अगले तीन दिनों तक कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश के साथ तेज हवाओं की चेतावनी
IMD के अनुसार, 13 नवंबर को जम्मू-कश्मी और लद्दाख में बारिश होने की संभावना है। वहीं, 14 और 15 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है। इस दौरान 13 और 14 नवंबर को कुछ जगहों पर गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तीन दिन बारिश के आसार
IMD के अनुसार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 13 से 15 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 13 और 14 नवंबर को गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, 13 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है। IMD ने इन राज्यों के लिए 15 नवंबर तक बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

पंजाब और पश्चिमी राजस्थान में भी बदल सकता है मौसम
IMD के अनुसार, 13 नवंबर को पंजाब में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में 14 और 15 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 14 नवंबर को गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हालांकि, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पूर्वी राजस्थान में अगले सात दिनों के दौरान बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

मैदानी इलाकों के मौसम का हाल
दूसरी तरफ, उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में 13 से 19 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसी तरह बिहार, झारखंड, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी इस दौरान बारिश का अनुमान नहीं है। पूर्वी राजस्थान में भी अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क रह सकता है। यानी फिलहाल उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश की कोई खास गतिविधि देखने को नहीं मिलेगी।

12 नवंबर को कई राज्यों में सामान्य से कम रहा न्यूनतम तापमान
IMD के अनुसार, 12 नवंबर को देश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। छत्तीसगढ़ के अनेक स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा। वहीं, उत्तर आंतरिक कर्नाटक के अधिकांश स्थानों पर तापमान सामान्य से 3.1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ स्थानों पर भी न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी कम रहा। विभाग के मुताबिक, भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस मंडी में दर्ज किया गया।


विज्ञापन
विज्ञापन