विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Preparations Underway Sugarcane Farmers Up Election Gift Sugarcane Prices May Rise 30 Per Quintal

उत्तर प्रदेश : गन्ना किसानों को चुनावी तोहफा देने की तैयारी, ₹30 प्रति क्विंटल तक बढ़ सकता है गन्ने का दाम

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Sat, 28 Nov 2026 01:58 PM IST
सार

यूपी में योगी सरकार 2026-27 के पेराई सत्र के लिए गन्ने का SAP 20-30 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ा सकती है। जानें जल्दी पकने वाली और सामान्य किस्मों का संभावित नया रेट और किसानों की मांग।

गन्ना किसान
गन्ना किसान - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश सरकार आगामी विधानसभा चुनाव से पहले गन्ना किसानों को राहत देने की तैयारी कर रही है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य सरकार 2026-27 के पेराई सत्र के लिए गन्ने के राज्य परामर्शी मूल्य (SAP) में 20 से 30 रुपये प्रति क्विंटल तक बढ़ोतरी करने पर विचार कर रही है। अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो गन्ना किसानों को पहले के मुकाबले ज्यादा कीमत मिलेगी।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने गन्ना विकास विभाग के सूत्रों के हवाले से बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंजूरी के बाद राज्य मंत्रिमंडल इस प्रस्ताव पर फैसला ले सकता है। प्रस्ताव के मुताबिक, जल्दी पकने वाली गन्ने की किस्मों का भाव बढ़कर 420 से 430 रुपये प्रति क्विंटल हो सकता है। वहीं, सामान्य किस्मों का भाव 410 से 420 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच सकता है। इससे पहले राज्य सरकार ने 2025-26 के पेराई सत्र में गन्ने के एसएपी में 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की थी।

किसान 50 से 100 रुपये बढ़ाने की कर रहे मांग
किसान संगठनों का कहना है कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। खाद, बीज, मजदूरी और सिंचाई पर पहले के मुकाबले ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है। इसके अलावा गन्ने की फसल तैयार होने में लंबा समय लगता है और कई बार किसानों को भुगतान के लिए भी इंतजार करना पड़ता है। इन्हीं वजहों से किसान प्रतिनिधि गन्ने के दाम में 50 से 100 रुपये प्रति क्विंटल तक बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि मौजूदा लागत को देखते हुए प्रस्तावित बढ़ोतरी पर्याप्त नहीं होगी।

यूपी में 47 हजार हेक्टेयर घटा गन्ने का रकबा
गन्ना विकास विभाग के सर्वेक्षण के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में गन्ने की खेती का रकबा भी घटा है। पिछले साल जहां राज्य में 28.61 लाख हेक्टेयर में गन्ने की खेती हुई थी, वहीं 2026-27 में यह घटकर करीब 28.14 लाख हेक्टेयर रह गया है। यानी गन्ने की खेती का क्षेत्रफल लगभग 47 हजार हेक्टेयर कम हुआ है।

चीनी मिल मालिक कीमत बढ़ाने के पक्ष में नहीं
दूसरी ओर, चीनी मिल मालिक गन्ने के दाम में फिर से बढ़ोतरी का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि चीनी निकालने की दर (रिकवरी रेट) में हर साल करीब 0.5 फीसदी की गिरावट आ रही है। रिकवरी रेट का मतलब है कि एक क्विंटल गन्ने से कितनी मात्रा में चीनी तैयार होती है। रिकवरी कम होने पर मिलों को उतने ही गन्ने से कम चीनी मिलती है। इससे उनकी कमाई पर असर पड़ता है। मिल मालिकों का तर्क है कि चीनी उत्पादन कम होने के बावजूद उन्हें सरकार की ओर से तय गन्ने का पूरा एसएपी किसानों को देना पड़ता है। इससे मिलों पर आर्थिक दबाव बढ़ता है।

2027 के चुनाव से पहले गन्ना किसानों पर नजर
गन्ने के दाम में संभावित बढ़ोतरी को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गन्ने की खेती ग्रामीण अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा है। यहां बड़ी संख्या में किसान परिवारों की आमदनी गन्ने पर निर्भर है। वहीं, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस भी किसानों से जुड़े मुद्दों को उठाकर ग्रामीण मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही हैं।

सरकार का दावा- किसानों को 32 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान
राज्य सरकार ने गन्ना किसानों के भुगतान में देरी के आरोपों पर कहा है कि 2017 से अब तक किसानों को 32 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान किया जा चुका है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर तक चीनी मिलों ने 2025-26 के गन्ना बकाये का 95 फीसदी से ज्यादा भुगतान कर दिया था। उस समय मिलों पर 34,500 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी थी।
विज्ञापन
विज्ञापन