विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Black Pepper Prices Break Records Reaching 773 Per Kg Expected To Reach 800 Soon

Black Pepper Price: काली मिर्च के दाम ने तोड़े रिकॉर्ड, 773 रुपये किलो पहुंचा भाव, जल्द ₹800 होने का अनुमान

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Wed, 18 Nov 2026 09:07 AM IST
सार

काली मिर्च की कीमत रिकॉर्ड 773 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। घरेलू बाजार में कम आपूर्ति और सर्दियों में बढ़ती मांग के चलते जल्द भाव 800 रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।

काली मिर्च
काली मिर्च - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में काली मिर्च की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। मांग के मुकाबले बाजार में कम आपूर्ति होने से काली मिर्च का भाव रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। बिना साफ की गई (अनगार्बल्ड) काली मिर्च की कीमत 753 रुपये प्रति किलो और साफ की गई (गार्बल्ड) काली मिर्च का भाव 773 रुपये प्रति किलो हो गया है। कारोबारियों के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह में कीमतों में 13 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। बाजार में मौजूदा हालात को देखते हुए जल्द ही काली मिर्च का भाव 800 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने का अनुमान है।

बिजनेस लाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, कारोबारियों का कहना है कि साल 2027 में काली मिर्च का उत्पादन घटकर करीब 80 हजार टन रह सकता है। बागान मालिकों, उत्पादकों और किसानों से मिल रहे कम उत्पादन के संकेतों ने भी बाजार में तेजी को बढ़ावा दिया है।

इंडियन पेपर एंड स्पाइसेज ट्रेड एसोसिएशन के किशोर शामजी के मुताबिक, सर्दियों की शुरुआत के साथ मसाला बनाने वाली कंपनियों और देश के दूसरे हिस्सों में काली मिर्च की मांग बढ़ गई है। मांग में तेजी और बाजार में सीमित उपलब्धता के कारण कीमतों में लगातार उछाल आ रहा है।

श्रीलंका से बढ़ रहा काली मिर्च का आयात
घरेलू बाजार में काली मिर्च की कमी को देखते हुए श्रीलंका से इसका आयात बढ़ रहा है। आयातक घरेलू बाजार में कच्चे माल की कमी का फायदा उठाने के लिए बड़ी मात्रा में श्रीलंकाई काली मिर्च ला रहे हैं। श्रीलंका में काली मिर्च की कीमत भी बढ़कर 7,350 डॉलर प्रति टन हो गई है, जो पहले 7,050 डॉलर प्रति टन थी।

घरेलू बाजार में लगातार बढ़ती कीमतों को देखते हुए किसान, व्यापारी, बिचौलिए और दूसरे कारोबारी अपना स्टॉक रोककर रख रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कीमतें और बढ़ सकती हैं। इसके चलते कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों के मंडी बाजारों में काली मिर्च की उपलब्धता कम हो गई है।

वहीं, सबरीमाला तीर्थयात्रा का मौसम शुरू होने के साथ इडुक्की, कोट्टायम और पथानामथिट्टा में स्थानीय व्यापारी काली मिर्च की खुदरा बिक्री बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए सड़कों के किनारे अस्थायी दुकानें और स्टॉल लगाए जा रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में घटे दाम, बढ़ सकती है आपूर्ति
एक तरफ भारतीय बाजार में काली मिर्च की कीमतें बढ़ रही हैं, वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में कुछ प्रमुख उत्पादक देशों में इसके दाम घटे हैं। वियतनाम में काली मिर्च की कीमत 6,250 डॉलर से घटकर 6,175 डॉलर प्रति टन रह गई है। वहीं, ब्राजील में भाव 6,100 डॉलर से गिरकर 5,900 डॉलर प्रति टन पर आ गया है। ब्राजील में काली मिर्च की नई फसल की कटाई जारी है। ऐसे में बाजार में नई उपज आने से आपूर्ति बढ़ सकती है और कीमतों पर दबाव पड़ सकता है।

किशोर शामजी के मुताबिक, फिलहाल काली मिर्च का बाजार अहम मोड़ पर है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि त्योहारों की मांग खत्म होने के बाद भी क्या सर्दियों में मसाला उद्योग की बढ़ती मांग कीमतों को और ऊपर ले जाएगी या अंतरराष्ट्रीय बाजार से बढ़ने वाली आपूर्ति तेजी पर लगाम लगाएगी?
विज्ञापन
विज्ञापन