Home›Khabar Junction›
Agricultural Products Of North East Will Be Sold Abroad Apeda Will Make Different Export Strategies
Agriculture Export: विदेशों में बिकेंगे पूर्वोत्तर के कृषि उत्पाद, APEDA बनाएगा अलग-अलग निर्यात रणनीति
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Wed, 18 Nov 2026 09:23 AM IST
सार
APEDA पूर्वोत्तर के राज्यों से कृषि निर्यात बढ़ाने के लिए अलग-अलग रणनीति तैयार करेगा। अदरक, अनानास, कटहल, हल्दी और चाय जैसे उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहुंचाने की तैयारी है।
पूर्वोत्तर भारत के किसानों और कृषि कारोबार से जुड़े लोगों के लिए अच्छी खबर है। कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) पूर्वोत्तर राज्यों से कृषि उत्पादों का निर्यात बढ़ाने के लिए नई योजना तैयार कर रहा है। इसके तहत हर राज्य के लिए अलग-अलग कृषि निर्यात रणनीति बनाई जाएगी। इसका मकसद क्षेत्र के किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (FPO), स्टार्टअप और निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ना है।
APEDA इस योजना को संबंधित राज्य सरकारों और दूसरे हितधारकों के साथ मिलकर तैयार करेगा। इसके लिए प्राधिकरण ने अध्ययन कराने के वास्ते टेंडर भी जारी किया है। इस अध्ययन में हर राज्य की कृषि क्षमता, प्रमुख फसलों, बाजार की मांग और निर्यात से जुड़ी संभावनाओं का आकलन किया जाएगा।
APEDA ने पूर्वोत्तर के प्रत्येक राज्य के लिए पांच से छह संभावित कृषि उत्पादों की पहचान की है। इनमें चावल, अदरक, खट्टे फल, संतरा, अनानास, इलायची और कटहल शामिल हैं। इसके अलावा हल्दी और चाय जैसे जैविक उत्पादों के साथ फलों से बनने वाली वाइन को भी निर्यात के लिए बढ़ावा देने की योजना है।
किसानों से लेकर निर्यातकों तक को मिलेगा फायदा
इस पहल का उद्देश्य पूर्वोत्तर राज्यों की कृषि क्षमता का बेहतर इस्तेमाल करना और निर्यात में आने वाली बाधाओं को दूर करना है। इससे किसानों के साथ-साथ किसान उत्पादक संगठनों (FPO), स्टार्टअप, निर्यातकों, खाद्य जांच प्रयोगशालाओं और कृषि कारोबार से जुड़ी दूसरी संस्थाओं को भी मदद मिलेगी।
अध्ययन के दौरान केंद्र और राज्य सरकारों की मौजूदा योजनाओं की भी समीक्षा की जाएगी। इसमें कृषि, बागवानी, खाद्य प्रसंस्करण, परिवहन, भंडारण, छोटे उद्योगों, कर्ज और क्षेत्रीय विकास से जुड़ी योजनाओं को निर्यात प्रोत्साहन मिशन (EPM) और APEDA की पहल के साथ जोड़ने के तरीके तलाशे जाएंगे।
हर राज्य के खास उत्पादों की बनेगी निर्यात योजना
प्रस्तावित अध्ययन में प्रत्येक उत्पाद के उत्पादन, फसल के मौसम, किसानों को मिलने वाले दाम और बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध मात्रा का आकलन किया जाएगा। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि किन क्षेत्रों में कौन-से उत्पाद ज्यादा पैदा होते हैं और उनके निर्यात के लिए कहां भंडारण, परिवहन और दूसरी सुविधाओं की कमी है।
इसके अलावा हर उत्पाद की गुणवत्ता, अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता और विदेशों में उसकी मांग का अध्ययन किया जाएगा। दुनिया के बाजारों में उभरते नए अवसरों की पहचान कर निर्यात बढ़ाने के लिए छोटी और मध्यम अवधि की योजनाएं भी सुझाई जाएंगी।
इस पहल से पूर्वोत्तर के हर राज्य और कृषि उत्पाद के हिसाब से एक अलग रोडमैप तैयार होगा। इसके जरिए कृषि में निवेश बढ़ाने, उत्पादों की प्रोसेसिंग और उनकी कीमत बढ़ाने (वैल्यू एडिशन) के साथ निर्यात के लिए मजबूत सप्लाई चेन तैयार करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।