Home›Khabar Junction›
Pm Ujjwala Yojana Clean Fuel Cleans Air Ujjwala Yojana Reduces Pm2 5 Pollution By 15
PM Ujjwala Yojana: स्वच्छ ईंधन से साफ हुई हवा... उज्ज्वला योजना से PM2.5 प्रदूषण में 15% की कमी
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Sat, 28 Nov 2026 01:30 PM IST
सार
उज्ज्वला योजना से घरेलू PM2.5 प्रदूषण में 15 फीसदी की कमी आई है। CEEW की स्टडी में LPG सिलेंडर पर 200 रुपये अतिरिक्त सब्सिडी और स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने का सुझाव दिया गया है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) से देश में वायु प्रदूषण कम करने में मदद मिली है। ऊर्जा, पर्यावरण और जल परिषद (CEEW) की एक नई स्टडी के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में इस योजना के कारण घरों से निकलने वाले PM2.5 प्रदूषण में करीब 15 फीसदी की कमी आई। योजना के तहत करीब 10.57 करोड़ परिवारों को रियायती दर पर एलपीजी सिलेंडर दिए जा रहे हैं।
स्टडी के अनुसार, उज्ज्वला योजना की वजह से वित्त वर्ष 2025-26 में घरों से निकलने वाले PM2.5 के करीब 8.34 लाख टन उत्सर्जन को रोकने में मदद मिली। PM2.5 हवा में मौजूद बेहद छोटे कण होते हैं, जिनका आकार 2.5 माइक्रोमीटर या इससे कम होता है। ये सांस के जरिए शरीर में पहुंचकर स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
CEEW के मुताबिक, देश के सबसे प्रदूषित इलाकों में शामिल गंगा के मैदानी क्षेत्रों में खाना पकाने के लिए लकड़ी, उपले और दूसरे ठोस ईंधन जलाना प्रदूषण की सबसे बड़ी वजह है। यहां PM2.5 प्रदूषण में खाना पकाने की हिस्सेदारी 36 से 49 फीसदी तक है।
यह स्टडी ऐसे समय आई है, जब सर्दियों में दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे गंगा के मैदानी क्षेत्र में प्रदूषण बढ़ रहा है। दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के पहले और दूसरे चरण के प्रतिबंध लागू हैं। प्रदूषण की चर्चा में अक्सर पराली जलाने और दिवाली के पटाखों को जिम्मेदार बताया जाता है, लेकिन CEEW का कहना है कि सबसे प्रदूषित इलाकों में घरों में ईंधन जलाना PM2.5 प्रदूषण का सबसे बड़ा स्रोत है।
यह समस्या पूरे साल बनी रहती है और सर्दियों में और बढ़ जाती है। इसकी वजह यह है कि इस मौसम में खाना पकाने के साथ घरों को गर्म रखने के लिए भी ईंधन जलाया जाता है। प्रदूषित हवा राज्यों की सीमाएं नहीं मानती, इसलिए केवल शहरों के स्तर पर किए गए उपायों से इस समस्या का समाधान नहीं हो सकता।
स्टडी में कहा गया है कि घरों में इस्तेमाल होने वाली कुल ऊर्जा का करीब 80 फीसदी हिस्सा खाना पकाने में खर्च होता है। ऐसे में लकड़ी और उपलों जैसे प्रदूषण फैलाने वाले ईंधन की जगह एलपीजी, बिजली और बायोगैस जैसे स्वच्छ विकल्प अपनाने से घरेलू प्रदूषण में बड़ी कमी लाई जा सकती है।
CEEW के फेलो अभिषेक कर ने कहा कि उज्ज्वला योजना का देश की हवा को साफ करने में कितना योगदान रहा है, अब इसका आंकड़ा सामने है। हालांकि, अभी भी कई परिवार एलपीजी के साथ लकड़ी और दूसरे पारंपरिक ईंधन का इस्तेमाल करते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह अगला गैस सिलेंडर भरवाने का खर्च उठाने में परेशानी है।
उन्होंने सुझाव दिया कि सर्दियों में, जब प्रदूषण सबसे ज्यादा होता है, तब परिवारों को एलपीजी सिलेंडर भरवाने के लिए अतिरिक्त सब्सिडी दी जानी चाहिए। इसके अलावा जहां संभव हो, वहां बिजली से खाना पकाने और बायोगैस को बढ़ावा देना चाहिए। इससे परिवारों की एक ही तरह के ईंधन पर निर्भरता कम होगी।
यूपी, बिहार और झारखंड में अब भी लकड़ी-उपलों का इस्तेमाल
CEEW की स्टडी के मुताबिक, उज्ज्वला योजना के तहत 10.5 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को एलपीजी कनेक्शन मिल चुके हैं, लेकिन गंगा के मैदानी इलाकों में इसका असर सभी राज्यों में एक जैसा नहीं है। सरकारी सर्वे के 2023-24 के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में 90 फीसदी परिवार खाना पकाने के लिए मुख्य रूप से एलपीजी का इस्तेमाल करते हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में यह आंकड़ा 61 फीसदी, बिहार में 47 फीसदी और झारखंड में सिर्फ 40 फीसदी है।
उत्तर प्रदेश और झारखंड के ग्रामीण परिवारों पर CEEW के अपने सर्वे में भी यह बात सामने आई कि क्रमशः 44 फीसदी और 66 फीसदी परिवार अब भी केवल लकड़ी, उपले और दूसरे ठोस ईंधन से खाना पकाते हैं। स्टडी के अनुसार, परिवारों के लिए एलपीजी सिलेंडर भरवाने का खर्च सबसे बड़ी परेशानी है। इसके बाद घर तक सिलेंडर की नियमित डिलीवरी नहीं पहुंचना दूसरी बड़ी समस्या है।
शहरों में रहने वाले प्रवासी मजदूरों तक उज्ज्वला योजना का लाभ पहुंचाने में भी कमी है। देश के 10 शहरों में किए गए सर्वे में एलपीजी इस्तेमाल करने वाले प्रवासी मजदूरों में से केवल करीब 4 फीसदी ही उज्ज्वला योजना के लाभार्थी पाए गए। उज्ज्वला 2.0 के तहत प्रवासी मजदूर बिना स्थायी पते के खुद घोषणा करके कनेक्शन ले सकते हैं। इसके बावजूद योजना की जानकारी की कमी एक बड़ी बाधा बनी हुई है।
सर्दियों में सिलेंडर पर 200 रुपये अतिरिक्त सब्सिडी देने का सुझाव
फिलहाल दिल्ली में उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 300 रुपये की सब्सिडी मिलने के बाद एक एलपीजी सिलेंडर करीब 642 रुपये में पड़ता है। जून 2026 से साल में अधिकतम चार सिलेंडरों पर 300 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है।
CEEW ने सुझाव दिया है कि अक्टूबर से मार्च के बीच इन चार सिलेंडरों पर 200 रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी दी जाए। इससे दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के परिवारों को राहत मिल सकती है। इन राज्यों में सर्दियों के दौरान प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ जाता है।
स्टडी के अनुसार, 200 रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी मिलने पर दिल्ली में एक सिलेंडर की कीमत मौजूदा दरों पर करीब 442 रुपये रह जाएगी। इस योजना पर सरकार का सालाना खर्च अधिकतम 4,000 करोड़ रुपये तक हो सकता है। सर्वे में पांच में से चार परिवारों ने कहा कि अगर सिलेंडर की कीमत 400 रुपये हो जाए तो वे केवल एलपीजी से ही खाना पकाएंगे। हालांकि, यह आंकड़ा परिवारों की ओर से दिए गए जवाबों पर आधारित है।
बिजली से खाना पकाने और बायोगैस को भी बढ़ावा देने की सलाह
CEEW ने एलपीजी सब्सिडी के अलावा बिजली से खाना पकाने को भी बढ़ावा देने का सुझाव दिया है। इसके लिए देश के 25 हजार से ज्यादा एलपीजी वितरकों के जरिए परिवारों को रियायती दर पर इंडक्शन चूल्हे और इलेक्ट्रिक प्रेशर कुकर उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
इसके तहत जो परिवार अपनी चार सब्सिडी वाले सिलेंडरों में से दो का इस्तेमाल छोड़ देंगे, उन्हें ये उपकरण छूट पर दिए जा सकते हैं। गरीब परिवारों के लिए इंडक्शन चूल्हा लकड़ी और उपलों वाले चूल्हे का विकल्प बन सकता है।
स्टडी में बायोगैस को भी अच्छा विकल्प बताया गया है। भारत में करीब 4 करोड़ ऐसे परिवार हैं, जिनके पास तीन या इससे ज्यादा मवेशी हैं। इसके बावजूद ग्रामीण परिवारों में एक फीसदी से भी कम लोग खाना पकाने के लिए मुख्य रूप से बायोगैस का इस्तेमाल करते हैं।
CEEW के मुताबिक, उज्ज्वला योजना के एक परिवार पर 10 साल में एलपीजी सब्सिडी और अन्य सरकारी खर्च के रूप में करीब 24,000 रुपये खर्च होते हैं। इस राशि से छोटे बायोगैस संयंत्र की आधी लागत पूरी की जा सकती है। इससे ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ ईंधन मिलेगा और लकड़ी-उपलों के इस्तेमाल से होने वाला प्रदूषण भी कम होगा।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।