विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Plan To Boost Sugar Mills Financial Health High Level Panel To Develop Model For Turning Mills To Energy Hub

चीनी मिलों की आर्थिक सेहत सुधारने की पहल : बनी हाईलेवल कमेटी, मिलों को ऊर्जा हब बनाने के लिए तैयार होगा मॉडल

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Tue, 24 Nov 2026 01:49 PM IST
सार

  • महाराष्ट्र सरकार ने आर्थिक संकट से जूझ रही सहकारी चीनी मिलों को मजबूत करने के लिए चीनी आयुक्त की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति बनाई।

  • पहले 200 से अधिक सहकारी चीनी मिलें थीं, लेकिन अब केवल 75 मिलें ही अपने दम पर संचालन कर रही हैं।

  • समिति दो महीने में रिपोर्ट सौंपेगी। इसमें आरबीआई, नाबार्ड, महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक और चीनी उद्योग के विशेषज्ञ शामिल होंगे।

  • गन्ने की खेती में ड्रोन, एआई, जीपीएस और ड्रिप सिंचाई जैसी तकनीकों के इस्तेमाल के साथ सुक्रोज की मात्रा के आधार पर गन्ने का मूल्य तय करने पर भी विचार होगा।

  • मिलों को ऊर्जा केंद्र बनाने के लिए कंप्रेस्ड बायोगैस, इथेनॉल, ग्रीन हाइड्रोजन और सौर ऊर्जा सहित 10 उत्पादों पर आधारित जीरो-वेस्ट मॉडल तैयार किया जाएगा।

 

चीनी मिलों को आर्थिक मोर्चे पर मजबूती देने के लिए महाराष्ट्र नए मॉडल की तलाश में।
चीनी मिलों को आर्थिक मोर्चे पर मजबूती देने के लिए महाराष्ट्र नए मॉडल की तलाश में। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र सरकार ने आर्थिक मोर्चे पर संकट से जूझ रही चीनी मिलों को मजबूत करने के लिए चीनी आयुक्त की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। इस पहल के तहत सहकारिता विभाग और महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक मिलकर एक अध्य्न करेंगे। यह समिति अगले दो महीनों के भीतर अपनी सिफारिशों के साथ एक विस्तृत रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगी। यह निर्णय 9 सितंबर और 12 अक्टूबर 2026 को हुई मंत्रिस्तरीय समिति की बैठकों में बनी सहमति के बाद लिया गया है।

200 से घटकर 75 रह गईं अपने बलबूते चलने वाली सहकारी मिलें
सरकारी प्रस्ताव के मुताबिक, वर्ष 2000 के दशक में महाराष्ट्र में 200 से अधिक सहकारी चीनी मिलें काम कर रही थीं, लेकिन पिछले 25 वर्षों में पेराई करने वाली सहकारी मिलों की संख्या गिरकर 100 से भी नीचे पहुंच गई है। भारी वित्तीय संकट के कारण कई मिलें दिवालिया होकर परिसमापन (लिक्विडेशन) में चली गईं, कुछ बेच दी गईं और कई पूरी तरह बंद पड़ी हैं। इसके अलावा 30 से 32 सहकारी मिलों को निजी प्रबंधन द्वारा लीज या साझेदारी पर चलाया जा रहा है। वर्तमान में केवल 75 सहकारी मिलें ही अपने दम पर गन्ने की पेराई कर पा रही हैं। यदि पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार की गारंटी पर राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) ने 33 मिलों को वित्तीय सहायता न दी होती, तो यह संख्या और भी कम होती, हालांकि इस मदद के बावजूद मिलों की हालत पूरी तरह नहीं सुधर सकी है।

आरबीआई, नाबार्ड और उद्योग विशेषज्ञों को किया गया शामिल
चीनी आयुक्त की अध्यक्षता वाली इस समिति में सहकारिता आयुक्त एवं सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार, महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक के प्रशासक या प्रबंधक, वसंतदादा शुगर इंस्टीट्यूट, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई), नाबार्ड, राज्य सहकारी चीनी कारखाना महासंघ और वेस्ट इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को सदस्य बनाया गया है। इसके साथ ही समिति में सहकारी और निजी मिलों के प्रतिनिधि, गन्ना अनुसंधान केंद्र के विशेषज्ञ, गन्ना बीज विशेषज्ञ और चीनी आयुक्त द्वारा नामित दो उद्योग विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। इसके अलावा, समिति चीनी उद्योग को एक ऊर्जा हब के रूप में विकसित करने और राष्ट्रीय 'संकल्प 2047' के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए चीनी आयुक्तालय के पुनर्गठित स्टाफ ढांचे की भी सिफारिश करेगी।

गन्ना में ड्रोन-एआई उपयोग और सुक्रोज आधारित भुगतान का खाका होगा तैयार
समिति को गन्ने की खेती और विकास के लिए आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर योजना तैयार करने को कहा गया है। इसमें बीज सप्लाई चेन, टिशू कल्चर, बीज अधिनियम 1966 का पालन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), जीपीएस, ड्रोन, मशीनीकरण, मिट्टी का स्वास्थ्य, ड्रिप सिंचाई और फसल पकने के आधार पर कटाई शामिल हैं। समिति सुक्रोज की मात्रा के आधार पर गन्ना मूल्य तय करने की प्रणाली का एक मसौदा भी तैयार करेगी। इसके साथ ही जोनिंग नियमों के तहत दूरदराज के क्षेत्रों से गन्ना लाने के मानकों और उस पर आने वाले अतिरिक्त ढुलाई खर्च को कौन वहन करेगा, इसका भी अध्ययन किया जाएगा।

मिलों को उर्जा उत्पादन का हब बनाने के लिए खास मॉडल तैयार होगा
जीआर के अनुसार, समिति को मिलों को ऊर्जा हब में बदलने के लिए 10 सह-उत्पादों (बाय-प्रोडक्ट्स) को शामिल करते हुए एक एकीकृत जीरो-वेस्ट बायो-रिफाइनरी मॉडल तैयार करने का निर्देश दिया गया है। इस मॉडल में कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी), पहली और दूसरी पीढ़ी का इथेनॉल, मल्टी-फीड डिस्टिलरी, टिकाऊ विमानन ईंधन, सह-उत्पादन बिजली, सौर ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, जैव-रसायन और बायो-बिटुमेन शामिल होंगे। समिति इस परियोजना के लिए एक वित्तीय व्यवस्था की संभावनाओं को भी परखेगी, जिसमें केंद्र सरकार 20 प्रतिशत, राज्य सरकार 10 प्रतिशत और संबंधित चीनी मिल 70 प्रतिशत की पूंजी लगाएगी।

एनपीए मिलों के कर्ज समाधान के लिए बनेगा रिवाइवल फंड और एस्क्रो खाता
घाटे में चल रही मिलों के पुनरुद्धार के लिए समिति राज्य सहकारी बैंक के साथ मिलकर हर मिल की वित्तीय क्षमता का अलग-अलग आकलन करेगी। इसके तहत हर पेराई सीजन के लिए अलग कैश क्रेडिट खाता खोलने और अगले सीजन से पहले उसकी पूरी अदायगी सुनिश्चित करने, एस्क्रो खाते बनाने, कर्ज स्थगन (मोरेटोरियम), बाहरी निवेशकों की भागीदारी और एक पुनरुद्धार कोष (रिवाइवल फंड) बनाने पर काम होगा। वहीं, गैर-निष्पादित संपत्ति (एनपीए) बन चुकी मिलों के कर्ज समाधान के लिए आरबीआई के सहयोग से योजना बनेगी और एनसीडीसी के माध्यम से मिलने वाली पूंजीगत सहायता के लिए भी एक ठोस नीति तैयार की जाएगी।


विज्ञापन
विज्ञापन