विज्ञापन
Home› Khabar Junction› A Scientific Breakthrough Human Urine Converted Into Fertilizer Using Electricity Shows Npk Like Effects

वैज्ञानिकों का कमाल : बिजली की मदद से इंसानी पेशाब से खाद बनाई, भिंडी-लोबिया पर NPK जैसा असर दिखा; जानें

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Tue, 24 Nov 2026 01:22 PM IST
सार

  • अमेरिका-ईरान तनाव ने विदेशी बाजार में खाद और इसके कच्चे माल की कीमतों को आसमान पर पहुंचा दिया है
  • एनआईटी राउरकेला के वैज्ञानिकों ने इंसानी पेशाब की मदद से स्ट्रुवाइट खाद बनाने की तकनीक विकसित की है।
  • इस तकनीक में मैग्नीशियम इलेक्ट्रोड और हल्की बिजली की सप्लाई से बिना अलग रसायनों के इस्तेमाल से उर्वरक तैयार किया जाता है।
  • प्रयोग में 5 लीटर के रिएक्टर से 98 प्रतिशत से अधिक और 35 लीटर के रिएक्टर से 91 प्रतिशत से ज्यादा फॉस्फोरस निकाला गया।
  • तुलसी, लोबिया और भिंडी पर किए गए परीक्षण में तैयार खाद का असर बाजार में मिलने वाली एनपीके खाद के बराबर पाया गया।
  • यह तकनीक व्यवसाय के नजरिए से भी ठीक बताई गई है, अब इसका खेतों में परीक्षण किया जाएगा।

इंसानी पेशाब से वैज्ञानिकों ने बनाई खाद, तीन फसलों पर दिखा NPK जैसा असर।
इंसानी पेशाब से वैज्ञानिकों ने बनाई खाद, तीन फसलों पर दिखा NPK जैसा असर। - फोटो : AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिका-ईरान तनाव ने खाद सप्लाई चेन पर बुरा असर डाला है। भारत जैसे आयात पर निर्भर देश तैयार खाद और इसके कच्चे माल के लिए काफी ऊंची कीमत चुका रहे हैं। फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अनुसार, घरेलू स्तर पर यूरिया बनाने के लागत 66 हजार टन पर पुहंच गई है, जबित आयाति यूरिया करबी 35 हजार रुपये प्रति टन पर मिल रहा है।

पेशाब से प्राकृतिक खाद, पौधे को लंबे समय तक पोषण
खाद सप्लाई चेन की इस चुनौती के बीच राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान ने इंसानी पेशाब से जरूरी पोषक तत्वों को अलग कर फसलों के लिए उपयोग खाद बनाने की तकनीक का विकास किया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि इस खास इलेक्ट्रोकेमिकल प्रक्रिया के तहत पेशाब से फॉस्फोरस को अलग कर स्ट्रुवाइट में बदला जाता है, जो धीरे-धीरे घुलने वाली और पौधों को लंबे समय तक पोषण देने वाली एक प्राकृतिक खाद का काम करता है। बता दें कि स्ट्रुवाइट पथरी का एक प्रकार है। यह पेशाब की नली में होने वाले इन्फेक्शन यानी UTI का भी कारण बनती है। 

बिना अतिरिक्त रसायनों के मैग्नीशियम इलेक्ट्रोड से तैयार होता है उर्वरक
एनआईटी राउरकेला के बायोटेक्नोलॉजी और मेडिकल इंजीनियरिंग विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर पी. बालासुब्रमण्यम के अनुसार, यह तकनीक पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल और रसायन-मुक्त है। पारंपरिक तरीकों में फॉस्फोरस निकालने के लिए बाहर से लगातार मैग्नीशियम लवण और क्षारीय रासायनिक पदार्थ मिलाने पड़ते हैं, लेकिन इस नई विधि में ऐसी कोई आवश्यकता नहीं होती। इस प्रक्रिया में मैग्नीशियम इलेक्ट्रोड का इस्तेमाल किया जाता है, जिसमें हल्की बिजली की सप्लाई करने पर मैग्नीशियम घुलता है और मूत्र में मौजूद तत्वों संग मिलकर स्ट्रुवाइट बनाता है।

35 लीटर तक के संयंत्र में सफल प्रयोग, 98 फीसदी तक निकला फॉस्फोरस
शोधकर्ताओं ने पुरुषों के मूत्रालयों से मूत्र एकत्र कर प्रयोगशाला में 5 लीटर और 35 लीटर क्षमता वाले दो अलग-अलग रिएक्टरों में इसका परीक्षण किया। प्रयोगों के दौरान 5 लीटर वाले रिएक्टर में 98 प्रतिशत से अधिक और 35 लीटर वाले बड़े रिएक्टर में 91 प्रतिशत से ज्यादा फॉस्फोरस निकालने में सफलता हासिल हुई। रिसर्च स्कॉलर अलीशा जफ्फार के अनुसार, एक्सरे और स्पेक्ट्रोस्कोपी जांच से यह प्रमाणित हुआ कि निकाला गया ठोस पदार्थ शुद्ध स्ट्रुवाइट ही है। इसके बाद जब इस खाद का परीक्षण तुलसी, लोबिया और भिंडी के पौधों पर किया गया, तो इसकी कार्यक्षमता बाजार में मिलने वाली रासायनिक एनपीके खादों के बराबर ही पाई गई।

साढ़े छह साल में लागत वसूली, व्यावसायिक रूप से भी किफायती मॉडल
वैज्ञानिकों ने इस तकनीक को बड़े पैमाने पर बाजार में उतारने के लिए इसके आर्थिक पहलुओं का भी गहन अध्ययन किया है। प्रोफेसर बालासुब्रमण्यम के अनुसार, इस पूरी प्रक्रिया को अमोनियम सल्फेट जैसे दूसरे पोषक तत्वों के उत्पादन से जोड़कर 500 लीटर के प्रस्तावित पायलट पैमाने पर परखा गया। इस अध्ययन में सामने आया कि इस संयंत्र की कुल लागत लगभग 6.5 वर्षों में पूरी तरह वसूल हो जाएगी और इस पर 13 प्रतिशत का आंतरिक रिटर्न (निवेश पर मिलने वाला मुनाफा) मिलेगा। वैज्ञानिकों का कहना है कि एक साथ कई पोषक तत्व निकालने से यह मॉडल आर्थिक रूप से पूरी तरह मजबूत और टिकाऊ साबित होता है।

कच्चे माल के भारी आयात पर घटेगी निर्भरता, जल्द खेतों में शुरू होंगे परीक्षण
फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया के आंकड़ों के मुताबिक, भारत अपनी जरूरत का 86 प्रतिशत रॉक फॉस्फेट, मिश्रित खादों में इस्तेमाल होने वाला 75 प्रतिशत अमोनिया और 52 प्रतिशत सल्फर विदेशों से मंगाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन कच्चे मालों की कीमतों में उतार-चढ़ाव से देश की कृषि व्यवस्था प्रभावित होती है। संस्थान के एसोसिएट प्रोफेसर शिवारमन जे. ने बताया कि अब इस तकनीक को निरंतर चलने वाले संयंत्रों के रूप में विकसित करने और खेतों में वास्तविक फसलों पर इसके परीक्षण करने की तैयारी की जा रही है। वहीं सहायक प्रोफेसर विकास चंद्र महाराज के अनुसार, आगे चलकर इस तकनीक से ग्रीन हाइड्रोजन तैयार करने और पर्यावरण पर इसके प्रभावों का समग्र आकलन करने पर भी काम किया जाएगा।


विज्ञापन
विज्ञापन