वर्तमान में किसान रबी गेहूं की बुवाई में जुटे हुए हैं। इस सीजन अच्छी उपज के लिए किसानों को विशेषज्ञ एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन अपनाने की सलाह दे रहे हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि किसानों को केवल रासायनिक उर्वरकों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए, बल्कि मिट्टी की जांच के आधार पर जैविक खाद, जैव-उर्वरक, रासायनुक खाद और सूक्ष्म पोषक तत्वों का संतुलित मेल अपनाना चाहिए। इस तरह गेहूं की अच्छी उपज और खेती की लागत घटाई जा सकती है।
संतुलित खाद उपयोग में केवल रासायनिक उर्वरक शामिल नहीं
वैज्ञानिकों के अनुसार, नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटाश के अलावा जिंक, मैंगनिज और आयरन जैसे सूक्ष्म पोषक तत्व भी पौधों के कुल विकास और दानो के भराव जैसे मोर्चों पर अहम भूमिका निभाते हैं। किसानों को ध्यान में रखना चाहिए कि संतुलित खाद प्रबंधन केवल रासायनिक खादों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जैविक खादों और सूक्ष्म तत्वो का उपयोग भी शामिल है।
गोबर की खाद, पराली चार और प्रेसमड से सुधरेगी मिट्टी की सेहत
विशेषज्ञों के मुताबिक, फसल अवशेषों और जैविक खादों के उपयोग से मिट्टी में पोषक तत्वों की उपलब्धता बढ़ती है और जमीन की सेहत में सुधार होता है। गोबर की सड़ी खाद, पोल्ट्री खाद, बायोगैस की स्लरी, प्रेसमड, धान की भूसी की राख, गन्ने की खोई की राख और पराली चार का इस्तेमाल करके रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता को कुछ हद तक कम की जा सकती है। वैज्ञानिकों ने यह भी बताया कि दलहनी फसलों की कटाई के बाद बोई जाने वाली गेहूं की फसल में नाइट्रोजन की कम मात्रा की आवश्यकता होती है, क्योंकि दलहन फसलें मिट्टी में नाइट्रोजन का लाभकारी अवशेष छोड़ती हैं।
500 ग्राम कंसोर्टियम बायो-उर्वरक से बीजोपचार की सलाह
किसानों को गेहूं की बुवाई से पहले प्रति एकड़ 500 ग्राम कंसोर्टियम बायो-फर्टिलाइजर से बीज उपचारित करने की सलाह दी जा रही है। इस बीजों की बुवाई करने से पहले बीज को छायादार जगह पर सुखाना जरूरी है।
मिट्टी जांच न होने पर 110 किलो नीम लेपित यूरिया दो बार में डालने का सुझाव
विशेषज्ञों ने उन खेतों के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं जहां मिट्टी परीक्षण की रिपोर्ट उपलब्ध नहीं है। ऐसे मामलों में मध्यम उपजाऊ मिट्टी के लिए प्रति एकड़ 50 किलोग्राम नाइट्रोजन और 25 किलोग्राम फास्फोरस डालने की सिफारिश की गई है। समय पर बोई जाने वाली गेहूं की फसल में प्रति एकड़ 110 किलोग्राम नीम लेपित यूरिया की जरूरत होती है, जिसे पहली और दूसरी सिंचाई के समय दो बराबर हिस्सों में बांटकर दिया जाना चाहिए। हालांकि, वैज्ञानिकों ने सावधान किया कि पिछली फसल के अवशेष प्रबंधन और फास्फोरस खाद के स्रोत के आधार पर इन पोषक तत्वों की खुराक को संतुलित किया जाना चाहिए। जड़ों के बेहतर विकास के लिए बुवाई के समय फास्फोरस को ड्रिल करना चाहिए, जबकि पोटाश का इस्तेमाल केवल उन्हीं खेतों में करना चाहिए जहां जांच में इसकी कमी पाई गई हो।
धान-गेहूं चक्र में मैंगनीज और जिंक की कमी से घट सकती है पैदावार
कृषि वैज्ञानिकों ने आगाह किया है कि लगातार धान और गेहूं की सघन खेती वाले क्षेत्रों में मैंगनीज और जिंक की कमी की समस्या तेजी से बढ़ रही है। यदि समय रहते इस कमी का समाधान न किया जाए, तो पौधों की ताकत कम हो सकती है और गेहूं के उत्पादन में गिरावट आ सकती है। विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे खेतों में इन कमियों के लक्षणों की पहचान शुरुआती अवस्था में ही करें और पत्तियों पर सीधे या मिट्टी में सूक्ष्म पोषक तत्व डालकर तत्काल सुधारात्मक उपाय अपनाएं।