Home›Khabar Junction›
Pushkar Fair 160 Inch Long Moustache Over 28 Awards Unique Style Of Ajmer S Mohan Singh
पुष्कर मेला : 160 इंच लंबी मूंछें, 28 से ज्यादा पुरस्कार... अजमेर के मोहन सिंह का अनोखा अंदाज
गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली
Published by: Mohammad Aamil
Updated Tue, 24 Nov 2026 11:06 AM IST
सार
पुष्कर मेले में अजमेर के मोहन सिंह अपनी 160 इंच से ज्यादा लंबी मूंछों से आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। जानिए कैसे 30 साल के शौक ने उन्हें 28 से ज्यादा पुरस्कार दिलाए।
अजमेर के मोहन सिंह का अनोखा अंदाज
- फोटो : सोशल मीडिया
राजस्थान के पुष्कर मेले में इन दिनों लोक कला, संस्कृति और परंपराओं के कई रंग देखने को मिल रहे हैं। देश-विदेश से आए पर्यटकों के बीच यहां के कलाकार अपनी अनूठी प्रतिभा से सबका ध्यान खींच रहे हैं। इन्हीं में अजमेर के मोहन सिंह भी शामिल हैं, जिनकी पहचान उनकी 160 इंच से ज्यादा लंबी मूंछों से है। मोहन सिंह पिछले करीब 30 सालों से राजस्थानी मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों में हिस्सा लेकर प्रदेश की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। वह अब तक मूंछ प्रतियोगिताओं में 28 से ज्यादा पुरस्कार जीत चुके हैं।
मोहन सिंह के लिए मूंछें सिर्फ चेहरे की सुंदरता या पहचान नहीं, बल्कि राजस्थान की आन-बान और शान का प्रतीक हैं। वह रेलवे के अकाउंटेंट ऑफिस में काम करते हैं और नौकरी के साथ-साथ राजस्थानी लोक संस्कृति को बढ़ावा देने में भी जुटे हैं। वर्ष 2009 से वह लगातार पुष्कर मेले में आ रहे हैं। यहां अपनी खास मूंछों के कारण वह हर बार पर्यटकों और स्थानीय लोगों के आकर्षण का केंद्र बनते हैं।
मूंछों से गेट पर लिख दिया 'ब्रह्मा'
इस बार पुष्कर मेले में मोहन सिंह ने अपनी मूंछों से एक गेट पर 'ब्रह्मा' लिखकर लोगों को हैरान कर दिया। उनकी दोनों मूंछों की कुल लंबाई 160 इंच से अधिक है। उनका दावा है कि एक तरफ की मूंछ 80 इंच से ज्यादा लंबी है।
उनकी इस अनोखी कला को देखने के लिए मेले में आने वाले लोग रुककर तस्वीरें खिंचवाते हैं। मूंछ प्रतियोगिताओं में 28 से ज्यादा पुरस्कार जीतने के कारण उन्हें अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी विशेष रूप से बुलाया जाता है। इसके अलावा वह कई आयोजनों में रावण का किरदार भी निभाते हैं।
13 साल की उम्र में लगा था लंबी मूंछों का शौक
मोहन सिंह बताते हैं कि उन्हें लंबी मूंछें रखने और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का शौक बचपन में ही लग गया था। जब वह 13-14 साल के थे, तब एक भील मेले में गए थे। वहां उन्होंने राजस्थानी संस्कृति से जुड़ी कई प्रतियोगिताएं देखीं।
इस दौरान अलग-अलग लोगों की लंबी और आकर्षक मूंछों ने उन्हें काफी प्रभावित किया। तभी उन्होंने भी अपनी मूंछें बढ़ाने और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का फैसला किया। धीरे-धीरे उनका यह शौक जुनून बन गया और आज यही उनकी खास पहचान बन चुका है।
2028 में रिटायरमेंट, लेकिन संस्कृति से जुड़ाव रहेगा जारी
मोहन सिंह फिलहाल रेलवे के अकाउंटेंट ऑफिस में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2028 में वह नौकरी से सेवानिवृत्त हो जाएंगे, लेकिन राजस्थानी कला और संस्कृति से उनका जुड़ाव आगे भी बना रहेगा। उनका मानना है कि पुष्कर जैसे मेले केवल मनोरंजन के आयोजन नहीं हैं, बल्कि लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने का बड़ा माध्यम हैं।
ऐसे आयोजनों से कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है और नई पीढ़ी भी अपनी संस्कृति से जुड़ती है। मोहन सिंह की कोशिश है कि राजस्थान की आन-बान और शान कही जाने वाली मूंछों की यह परंपरा आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचती रहे। यही वजह है कि नौकरी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ वह पिछले तीन दशक से इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।