विज्ञापन
Home› Khabar Junction› India Gets Approval To Export 8 606 Tonnes Of Raw Sugar To Us Apeda To Oversee Shipments

भारत से अमेरिका जाएगी 8,606 मीट्रिक टन कच्ची चीनी : DGFT ने दी निर्यात को मंजूरी, APEDA को मिली जिम्मेदारी...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Tue, 24 Nov 2026 01:36 PM IST
सार

  • भारत को अमेरिकी वित्त वर्ष 2027 के लिए अमेरिका में 8,606 मीट्रिक टन कच्ची चीनी निर्यात करने की अनुमति मिली है।यह निर्यात कोटा 1 अक्टूबर 2026 से 30 सितंबर 2027 तक मान्य रहेगा।
  • एपीडा इस कोटे के लिए नोडल एजेंसी होगी, जबकि जरूरत पड़ने पर मुंबई स्थित विदेश व्यापार कार्यालय से उत्पत्ति प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे।
  • निर्यातकों को 2015 में तय नियमों, रिपोर्टिंग प्रक्रिया और प्रमाणन संबंधी शर्तों का पालन करना होगा।

भारत ने अमेरिका के लिए चीनी निर्यात को मंजूरी दी, 8,606 मीट्रिक टन का कोटा हुआ तय।
भारत ने अमेरिका के लिए चीनी निर्यात को मंजूरी दी, 8,606 मीट्रिक टन का कोटा हुआ तय। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने एक अक्तूबर से शुरू हुए अमेरिकी वित्त वर्ष 2027 के लिए टैरिफ रेट कोटा व्यवस्था के तहत अमेरिका को 8,606 मीट्रिक टन कच्ची चीनी के निर्यात की अनुमति दे दी है। महानिदेशालय द्वारा सोमवार को जारी सूचना के अनुसार, यह कोटा 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होकर 30 सितंबर 2027 तक की अवधि के लिए मान्य रहेगा।

टीआरक्यू के तहत मुक्त श्रेणी में रहेगा निर्यात, 2015 के नियमों का पालन अनिवार्य
डीजीएफटी की अधिसूचना के अनुसार, एचएस कोड 17010000 के तहत अमेरिका और यूरोपीय संघ को टीआरक्यू योजना के तहत होने वाला चीनी निर्यात 'मुक्त' श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है। हालांकि, यह छूट वर्ष 2015 में इस तरह के निर्यातों के लिए तय की गई शर्तों और नियमों के अधीन होगी। इसके साथ ही, निर्यातकों के लिए मौजूदा 2015 की अधिसूचनाओं में निर्धारित रिपोर्टिंग नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा और अमेरिका को चीनी निर्यात के लिए तय अन्य सभी प्रमाणन आवश्यकताएं भी पहले की तरह लागू रहेंगी।

एपीडा करेगी कोटे का संचालन, मुंबई कार्यालय से जारी होंगे सर्टिफिकेट ऑफ ओरिजिन
महानिदेशालय के अनुसार, नई दिल्ली स्थित कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) इस निर्यात कोटे के लिए नोडल एजेंसी के रूप में काम करेगी और अमेरिका को होने वाले टीआरक्यू निर्यात का संचालन करेगी। जहां भी आवश्यकता होगी, अमेरिका को होने वाले तरजीही चीनी निर्यात के लिए 'सर्टिफिकेट ऑफ ओरिजिन' (उत्पत्ति प्रमाण पत्र) मुंबई स्थित अपर विदेश व्यापार महानिदेशक द्वारा जारी किए जाएंगे। यह प्रमाण पत्र पात्र निर्यातकों और मात्रा के संबंध में एपीडा द्वारा की जाने वाली सिफारिशों के आधार पर ही दिए जाएंगे।

डीजीएफटी प्रमुख लव अग्रवाल ने जारी की सार्वजनिक अधिसूचना
यह आधिकारिक सार्वजनिक सूचना विदेश व्यापार महानिदेशक और भारत सरकार के पदेन अपर सचिव लव अग्रवाल द्वारा जारी की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, यह कदम अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक समझौतों के तहत तय किए गए कोटे के सुचारू क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है, ताकि देश के चीनी निर्यातक समय रहते सभी जरूरी मंजूरियां लेकर अपने कोटे की आपूर्ति पूरी कर सकें।


विज्ञापन
विज्ञापन