विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Up Boosts Agricultural Production But Farm Exports Lag Crop Specific Commodity Boards Proposed

कृषि उत्पादन में UP ने गाड़े झंडे, निर्यात उम्मीद से कम, फसलवार कमोडिटी बोर्ड बनाने का सलाह, किसानों को भी लाभ

गांव जंक्शन डेस्क, लखनऊ Published by: Devesh Saraswat Updated Tue, 24 Nov 2026 12:49 PM IST
सार

  • उत्तर प्रदेश कृषि और बागवानी उत्पादन में काफी अच्छा कर रहा है, लेकिन निर्यात उम्मीद के मुताबित नहीं है
  • प्रदेश के कृषि निर्यात में सबसे बड़ा हिस्सा मांस का है, जबकि चावल, चीनी और मसालों का भी निर्यात होता है।
  • कृषि विशेषज्ञों ने निर्यात संभावनाओं वाली फसलों के लिए फसल-वार कमोडिटी बोर्ड बनाने की सलाह दी है।
  • प्रदेश सरकार मसाला बोर्ड की तर्ज पर राज्य स्तर पर बागवानी कमोडिटी बोर्ड गठित करने पर विचार कर रही है।

यूपी के कृषि निर्यात को रफ्तार देने के लिए, सरकार को फसल वार कमोडिटी बोर्ड बनाने की सलाह।
यूपी के कृषि निर्यात को रफ्तार देने के लिए, सरकार को फसल वार कमोडिटी बोर्ड बनाने की सलाह। - फोटो : AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश के कृषि निर्यात को बढ़ावा देने के लिए कृषि उद्योग ने सरकार को फसल के हिसाब से कमोडिटी बोर्ड बनाने की सलाह दी है। जानकारों का कहना है कि कई कृषि और बागवानी फसलों के उत्पादन में आगे रहने के बाद भी प्रदेश का कृषि निर्यात उम्मीद के हिसाब से रफ्तार नहीं पकड़ रहा है। 

खेत से निर्यात तक कमोडिटी बोर्ड का साथ, मखाना-तंबाकू समेत कई बोर्ड स्थापित   
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस समय राज्य का कुल कृषि और संबद्ध निर्यात लगभग 25 हजार करोड़ रुपये है, जिसमें सबसे बड़ा हिस्सा अकेले मांस का है। उद्योग का मानना है कि फसल वार कमोडिटी बोर्ड बनने से वैश्विक पहुंच आसान होगी।  बता दें कि कमोडिटी बोर्ड खेत से लेकर निर्यात तक फसल को बढ़ावा देने का काम करते हैं। इसमें रिसर्च के लिए फंड, किसानों तक को तकनीकी और गुणवत्ता से जुड़ी जानकारी पहुंचाना और बाजार की हिसाब-किताब रखना शामिल है। राष्ट्रीय स्तर पर चाय, कॉफी, रबर, मसाला, तंबाकू और मखाना बोर्ड पहले ही काम कर रहे हैं। 

730 लाख टन कृषि और 600 लाख टन बागवानी उत्पादन, फिर भी सीमित दायरा
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में सालाना 730 लाख टन से अधिक कृषि उत्पादन और 600 लाख टन बागवानी फसलों की भारी पैदावार होती है। इतने विशाल उत्पादन के बावजूद राज्य का कृषि निर्यात मुख्य रूप से चावल, चीनी, मसाले और भैंस के मांस तक ही सीमित बना हुआ है।

बागवानी निर्यात को बढ़ावा देने के लिए यूपी में बोर्ड बने
भारतीय खाद्य एवं कृषि चैंबर (आईसीएफए) के सलाहकार और पूर्व अध्यक्ष एम जे खान के अनुसार, उत्तर प्रदेश का कृषि क्षेत्र बहुत बड़ा है और यहां निर्यात की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन संस्थागत सहयोग के अभाव में राज्य दूसरे अग्रणी राज्यों से पीछे है। उन्होंने बागवानी निर्यात को बढ़ावा देने के लिए कमोडिटी बोर्ड बनाने पर जोर दिया है। वर्तमान में गुजरात, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश देश के शीर्ष कृषि निर्यातक राज्यों में शुमार हैं।

मसाला बोर्ड की तर्ज पर राज्य स्तरीय बोर्ड बनाने पर विचार कर रही सरकार
उत्तर प्रदेश के उद्यान, कृषि निर्यात, विपणन एवं विदेश व्यापार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने पहले ही संकेत दिया था कि सरकार भारतीय मसाला बोर्ड (स्पाइसेज बोर्ड ऑफ इंडिया) की तर्ज पर राज्य स्तरीय बागवानी कमोडिटी बोर्ड गठित करने पर विचार कर रही है। वहीं, हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित एक रोडशो के दौरान खाद्य प्रसंस्करण विभाग के अपर मुख्य सचिव बी एल मीणा ने कहा था कि किसानों और उद्योग जगत के बीच नजदीकी तालमेल से प्रसंस्करण इकाइयों को स्थानीय स्तर पर कच्चा माल मिल सकेगा और किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए भरोसेमंद खरीदार उपलब्ध हो सकेंगे।

लखनऊ में 3 दिसंबर से जुटेगा 25 देशों का प्रतिनिधिमंडल, नितिन गडकरी करेंगे उद्घाटन
इसी बीच, आईसीएफए आगामी 3 से 5 दिसंबर तक लखनऊ में अपने प्रमुख कार्यक्रम 'एग्रोटेक 2026' की मेजबानी करने जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, ब्राजील, नीदरलैंड, ब्रिटेन, यूएई, मलेशिया, मोरक्को, मिस्र, केन्या, नाइजीरिया, न्यूजीलैंड, घाना, सिंगापुर और थाईलैंड सहित 25 देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा 15 से अधिक दूतावासों के राजनयिक भी अंतरराष्ट्रीय कृषि सहयोग, व्यापार और निवेश के अवसरों पर चर्चा करेंगे। एग्रोटेक 2026 के अंतर्गत आयोजित चौथे उत्तर प्रदेश राज्य कृषि शिखर सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 4 दिसंबर को करेंगे, जिसका मुख्य जोर कृषि नीति, निवेश, बुनियादी ढांचे, कृषि व्यवसाय और किसान-उद्योग साझेदारी को मजबूत करने पर रहेगा।


विज्ञापन
विज्ञापन