पंजाब में MSP पर धान खरीद ने तय लक्ष्य को पार कर लिया है। प्रदेश में 188.07 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद दर्ज की गई है, जो केंद्र के 180 लाख मीट्रिक टन कोटे से ज्यादा है। मंडियों में बंपर आवक जारी रहने की वजह से खरीद प्रक्रिया को बिना रोके जारी रखा है और इस अतिरिक्त खरीद के भुगतान के लिए मान सरकार ने आरबीआई से लगभग 9 हजार करोड़ की अतिरिक्त कैश क्रेडिट लिमिट की मांग की है।
कुल कैश क्रेडिट लिमिट 57,000 करोड़ रुपये करने की मांग
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अनुसार, प्रदेश सरकार ने कुल क्रेडिट लिमिट को 48,581 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 57,000 करोड़ करने का प्रस्ताव भेजा है, जिस पर अभी केंद्रीय बैंक से मंजूरी का इंतजार है। शुरुआत में केंद्र द्वारा तय 180 लाख मीट्रिक टन के लक्ष्य के आधार पर 48,581 रुपये करोड़ की वित्तीय सीमा तय की गई थी। अधिकारियों के मुताबिक, अतिरिक्त खरीद के लिए फिलहाल पहले से मंजूर बची हुई राशि का उपयोग किया जा रहा है, लेकिन आगे के सुचारू भुगतान के लिए नई मंजूरी मिलना आवश्यक है।
केंद्र सरकार से खरीद लक्ष्य 200 लाख मीट्रिक टन करने का अनुरोध
अतिरिक्त कैश क्रेडिट लिमिट संग प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार से धान खरीद लक्ष्य को 20 लाख मीट्रिक टन बढ़ाने की मांग की है। मान सरकार चाहती है कि धान खरीद का लक्ष्य 180 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 200 लाख मीट्रिक टन किया जाए।
अधिकारियों का कहना है कि अधिक उत्पादकता और कपास-बासमती की जगह सामान्य धान की रोपाई ने मंडियों में उम्मीद से अधिक धान की आवक हुई है।
धान खरीद 193 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच सकती है
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, प्रशासन ने पहले ही यह तय किया था कि मंडी में आने वाले हर किसान की पूरी फसल खरीदी जाएगी। सरकारी अनुमान के मुताबिक, इस सीजन में प्रदेश की कुल धान खरीद 192 से 193 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच सकती है। इसी वजह से तय सीमा से अधिक की गई खरीद का समय पर भुगतान करने के लिए अतिरिक्त वित्तीय मंजूरी बेहद जरूरी हो गई है।
माझा और दोआबा में काम पूरा, मालवा के 955 केंद्रों पर खरीद जारी
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के कुल 2,591 खरीद केंद्रों में से 1,636 केंद्रों पर खरीद का काम पूरा कर लिया गया है। माझा और दोआबा क्षेत्रों में फसल की आवक समाप्त होने के बाद केंद्र बंद कर दिए गए हैं। फिलहाल केवल मालवा क्षेत्र में 955 केंद्र चालू हैं, जहां मंडियों में अब भी किसान अपनी फसल लेकर पहुंच रहे हैं।