उत्तर भारत के कई हिस्सों में कोहरे का दौर शुरू हो चुका है। पंजाब-हरियाणा समेत कई राज्यों में 22 नवंबर तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। ऐसे में IMD ने इन क्षेत्रों में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
21 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं के आसार
IMD के मुताबिक, 21 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा के झोंकों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने की संभावना भी जताई गई है।
22 नवंबर को भी पूर्वी यूपी में बारिश की संभावना, कोहरा रहेगा जारीप
IMD के अनुसार, 22 नवंबर को भी पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश होने का अनुमान है। हालांकि, इस दिन गरज-चमक या तेज हवाओं को लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए कोई अलग चेतावनी नहीं दी गई है। दूसरी ओर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में घने कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना है।
कोहरे से यातायात और स्वास्थ्य पर पड़ सकता है असर
IMD ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि घने कोहरे के कारण कुछ हवाई अड्डों, राष्ट्रीय राजमार्गों और रेल मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। कम दृश्यता के कारण वाहन चलाने में परेशानी और यात्रा में अधिक समय लगने की आशंका है। विभाग के अनुसार, घने कोहरे में मौजूद धूल के कण और अन्य प्रदूषक सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। इससे खांसी, सांस लेने में परेशानी और घरघराहट जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। अस्थमा और ब्रोंकाइटिस से पीड़ित लोगों को भी परेशानी हो सकती है।
IMD ने कोहरे में सावधानी बरतने की दी सलाह
IMD ने घने कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। यात्रियों को सफर पर निकलने से पहले एयरलाइंस, रेलवे और राज्य परिवहन की सेवाओं के समय की जानकारी लेने को कहा गया है। वहीं, स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से बचने के लिए जरूरत न होने पर कोहरे के दौरान बाहर निकलने से बचने और बाहर निकलते समय चेहरा ढकने की सलाह दी गई है।