विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Onion Kharif Onions Have Arrived In The Market Prices Have Softened In Both Wholesale And Retail Markets Ra

Onion: बाजार पहुंची खरीफ प्याज, मंडियों और खुदरा बाजार दोनों जगह नरम पड़े भाव, बेहतर उत्पादन की उम्मीद जगी

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Fri, 20 Nov 2026 10:44 AM IST
सार

  • खरीफ आवक के साथ प्याज की खुदरा और मंडी कीमतों में नरमी आना शुरू।
  • आजादपुर मंडी में प्याज 50-55 रुपये से घटकर 35-40 रुपये प्रति किलो हुआ।
  • खुदरा बाजार में प्याज के दाम 70 रुपये से घटकर 50-55 रुपये प्रति किलो पर आए
  • 2026-27 में प्याज के बेहतर उत्पादन की उममीद जगी

खरीफ प्याज बाजार पहुंचना शुरू हुई, कीमतों में आई नरमी।
खरीफ प्याज बाजार पहुंचना शुरू हुई, कीमतों में आई नरमी। - फोटो : AI Image
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

खरीफ प्याज की नई आवक से गिरने लगे दाम, मंडियों और खुदरा बाजार में मिली राहत
बीते कई महीनों से लगातार ऊंचे स्तर पर रहने के बाद अब मंडियों में प्याज की कीमतों में नरमी देखने को मिल रही है। व्यापारियों और अधिकारियों का कहना है कि प्रमुख उत्पादन राज्यों राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक से खरीफ प्याज की आवक शुरू हो गई है, जिसके चलते मंडियों और खुदार भाव नीचे आ रहे हैं। 

सरकार का दावा- मंडियों संग प्याज की खुदरा कीमतों में नरमी का दौर
उपभोक्ता मामलों के विभाग की सचिव निधि खरे के अनुसार, मंडियों के साथ खुदरा बाजार में भी प्याज की कीमतें नरम पड़ने लगी हैं। उन्होंने बताया कि पिछले सीजन में किसानों को मिले अच्छे दामों ने रबी बुवाई के लिए उपयुक्त माहौल तैयार किया है। इससे आने वाले सीजन 2026-27 के दौरान प्याज के बेहतर उत्पादन और बाजार में पर्याप्त उपलब्धता रहने की उम्मीद बढ़ गई है।

अक्टूबर की महंगाई में प्याज का रहा था बड़ा हाथ
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 8.94 प्रतिशत तक पहुंच गई थी, जिसके पीछे प्याज की कीमतों में आया भारी उछाल मुख्य वजह रहा। पिछले साल के इसी महीने की तुलना में अकेले प्याज की महंगाई दर 116 प्रतिशत पर पहुंच गई थी।

आजादपुर और लासलगांव मंडियों में घटे थोक भाव
देश की सबसे बड़ी कृषि मंडी, दिल्ली की आजादपुर मंडी के एक व्यापारी सुरिंदर बुधिराजा के अनुसार, वहां थोक भाव घटकर 35 से 40 रुपये प्रति किलोग्राम के दायरे में आ गए हैं, जो एक महीने पहले 50 से 55 रुपये प्रति किलोग्राम पर चल रहे थे। वहीं, महाराष्ट्र के नासिक स्थित देश की सबसे बड़ी प्याज थोक मंडी लासलगांव में भाव गिरकर 45 से 47 रुपये प्रति किलोग्राम रह गए हैं, जो पिछले महीने 50 रुपये प्रति किलोग्राम पर थे।

खुदरा बाजार में 70 रुपये से नीचे आया भाव
उपभोक्ता मामलों के विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को प्याज का औसत खुदरा भाव 53.83 रुपये प्रति किलोग्राम रहा, जो एक साल पहले की तुलना में 101 प्रतिशत अधिक है। हालांकि, पिछले तीन महीनों के दौरान जो खुदरा कीमतें 65 से 70 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई थीं, वे अब घटकर 50 से 55 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई हैं।

महाराष्ट्र में रबी उत्पादन घटने से कुल पैदावार में आई थी कमी
आंकड़ों के अनुसार, फसल वर्ष 2025-26 में देश का कुल प्याज उत्पादन 288.9 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले साल के मुकाबले 6.5 प्रतिशत कम है। इस गिरावट की मुख्य वजह देश के कुल उत्पादन में 40 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले महाराष्ट्र में रबी उत्पादन का घटना रहा।

कम उत्पादन के बावजूद निर्यात जारी, बांग्लादेश को खेप घटी
पिछले सीजन में उत्पादन कम रहने के बावजूद प्याज का निर्यात प्रभावित नहीं हुआ। भारत ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में 18.4 करोड़ डॉलर मूल्य के 6.4 लाख टन प्याज का निर्यात किया है। इससे पहले वर्ष 2025-26 के दौरान देश ने 39.7 करोड़ डॉलर मूल्य के 15 लाख टन प्याज का निर्यात किया था, जिसमें बांग्लादेश, मलेशिया, संयुक्त अरब अमीरात, श्रीलंका और नेपाल प्रमुख खरीदार थे। हालांकि, चालू वित्त वर्ष के दौरान बांग्लादेश को होने वाला निर्यात बेहद मामूली रहा है।


विज्ञापन
विज्ञापन