विज्ञापन
Home› Khabar Junction› Himachal Pradesh Action Taken Against Land Purchased Fake Farmer Certificates Property Registered Name Governm

हिमाचल प्रदेश : फर्जी कृषक प्रमाणपत्र से खरीदी जमीन पर होगी कार्रवाई, सरकार के नाम दर्ज होगी संपत्ति

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Fri, 13 Nov 2026 02:09 PM IST
सार

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में फर्जी कृषक प्रमाणपत्रों से 200 कनाल से अधिक जमीन खरीदने के छह मामले सामने आए हैं। गगल एयरपोर्ट के पास खरीदी गई जमीन पर अब कार्रवाई की तैयारी है।

सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में फर्जी कृषक प्रमाणपत्रों के आधार पर जमीन खरीदने वालों पर अब कार्रवाई की तैयारी है। ऐसे प्रमाणपत्रों के जरिए खरीदी गई जमीन को प्रदेश सरकार के नाम दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। खासतौर पर गगल एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों में हुई जमीन की खरीद-फरोख्त की जांच अब जिला प्रशासन करेगा। इसके लिए विजिलेंस ब्यूरो पूरे मामले की जानकारी के साथ जिला प्रशासन को औपचारिक पत्र भेजेगा।

इस साल जनवरी से अक्तूबर के बीच ऐसे छह मामलों में 200 कनाल से अधिक जमीन की खरीद-फरोख्त का पता चला है। इन जमीनों की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। जांच में फर्जी कृषक प्रमाणपत्रों के इस्तेमाल और राजस्व रिकॉर्ड में कथित छेड़छाड़ की बात सामने आई है।

जनवरी में दर्ज हुई थीं दो प्राथमिकी
विजिलेंस ब्यूरो ने इस साल जनवरी में धर्मशाला के रक्कड़ निवासी नेक राम के परिवार और अन्य लोगों के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की थीं। इन पर पालमपुर और धर्मशाला में राजस्व रिकॉर्ड से छेड़छाड़ कर जमीन खरीदने और बेचने के आरोप हैं। इन मामलों की जांच के दौरान गगल एयरपोर्ट के आसपास फर्जी कृषक प्रमाणपत्रों के आधार पर जमीन खरीदने के कई अन्य मामले भी सामने आए। इसके बाद विजिलेंस ने अलग-अलग मामलों में जांच और कार्रवाई शुरू की।

जुलाई से अक्तूबर तक सामने आए चार और मामले
जुलाई में कांगड़ा के डूंगा बाजार के एक दंपती और उनके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। अगस्त में गगल निवासी एक परिवार और अन्य लोगों के खिलाफ फर्म के माध्यम से कथित अवैध वित्तीय लेनदेन के दो मामले दर्ज हुए। वहीं, अक्तूबर में दो और मामले सामने आए। इनमें कांगड़ा के एक परिवार, धर्मशाला के खड़ौता क्षेत्र के एक व्यक्ति और अन्य लोगों के साथ संबंधित राजस्व अधिकारियों को भी आरोपी बनाया गया है।

विजिलेंस के पत्र के बाद जिला प्रशासन करेगा कार्रवाई
गगल एयरपोर्ट के आसपास फर्जी कृषक प्रमाणपत्रों के आधार पर खरीदी गई जमीन के मामलों में अब जिला प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा। विजिलेंस ब्यूरो पूरे तथ्यों के साथ कांगड़ा के उपायुक्त कार्यालय को पत्र भेजेगा। इसके बाद नियमों के अनुसार जमीन को प्रदेश सरकार के नाम दर्ज करने सहित अन्य कदम उठाए जाएंगे। कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि गगल एयरपोर्ट के आसपास फर्जी कृषक प्रमाणपत्रों के आधार पर जमीन खरीदने के मामलों में विजिलेंस से पत्र मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन