उत्तराखंड के प्याज किसानों के लिए खुशखबरी है। विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान ने प्याज की एक नई और उन्नत किस्म का विकास किया है, जिसे वीएल प्याज 3 नाम दिया गया है। यह किस्म पहाड़ के मौसम में होने वाले उतार-चढ़ाव को आसानी से सहन कर सकती है। खास बात यह है कि इस किस्म में डंठल निकलने की समस्या नही ंहै, जिससे किसानों को बेहतर भाव मिल सकता है।
बोल्टिंग की पुरानी समस्या से मिलेगी स्थायी मुक्ति
संस्थान के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में प्याज किसानों को डंठल निकलने से नुकसान उठाना पड़ता है। फरवरी और मार्च के महीनों में तापमान में तेजी से होने वाला उतार-चढ़ाव प्याज के पौधों के बीच से डंठल निकालने का कारण बनता है। इस वजह से जमीन के अंदर प्याज का कंद छोटा रह जाता है और अंदर से कड़ा हो जाता है। वैज्ञानिकों ने इसी चुनौती से निपटने के लिए वीएल प्याज-3 को तैयार किया है।
विदेशी और भारतीय किस्मों के संकरण से हुआ निर्माण
संस्थान के वैज्ञानिकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वीएल प्याज-3 को एक विदेशी लाइन 'बीवाईजी 2207 ए' (BYG 2207 A) और भारत की स्थानीय उन्नत किस्म के बीच संकरण कराकर तैयार किया गया है। इस किस्म के पौधों की सामान्य ऊंचाई 50 से 60 सेंटीमीटर तक पहुंचती है। वहीं इसके कंदों का औसत वजन 80 से 120 ग्राम के बीच रहता है, जिसे बाजार की मांग और उपभोक्ता की पसंद के हिसाब से बेहद उपयुक्त माना गया है।
सामान्य तापमान पर छह महीने तक भंडारण की सुविधा
इस नई किस्म की दूसरी सबसे बड़ी खूबी इसकी लंबी भंडारण क्षमता है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, इसे सामान्य तापमान पर भी छह महीने तक बिना खराब हुए सुरक्षित रखा जा सकता है। पहाड़ों में कोल्ड स्टोरेज की सुविधा न होने के कारण अक्सर प्याज जल्दी सड़ने लगता था, लेकिन इस किस्म से किसानों को फसल सड़ने की चिंता से मुक्ति मिलेगी। इसके अतिरिक्त, यह प्याज की फसल को भारी नुकसान पहुंचाने वाले फफूंदजनित 'बैंगनी धब्बा रोग' (पर्पल ब्लॉच) के प्रति भी मजबूत प्रतिरोधी क्षमता रखती है, जिससे दवाओं और कीटनाशकों पर होने वाला खर्च बचेगा।
सुदूर ग्रामीण किसानों को मुफ्त बीज और तकनीक का प्रशिक्षण
संस्थान के अनुसार, इस किस्म को तेजी से किसानों तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। दूरदराज के छोटे काश्ताकारों को इसके बीज मुफ्त का बांटे जा रहे हैं। इसके अलावा किसानों को इस किस्म से वैज्ञानिक खेती का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।