विज्ञापन
Home› Khabar Junction› No Rain In North India On October 4 Weather Pattern To Change From October 5 Imd Issues Forecast

उत्तर भारत में 4 अक्तूबर को नहीं होगी बारिश : 5 अक्तूबर से बदलेगा मौसम का मिजाज, IMD ने बताया मौसम का हाल...

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Devesh Saraswat Updated Sun, 04 Oct 2026 11:20 AM IST
सार

  • उत्तर भारत में 4 अक्टूबर को बारिश नहीं, मौसम रहेगा शुष्क
  • 5 अक्टूबर से पहाड़ी और कुछ मैदानी इलाकों में मौसम बदलेगा
  • हिमाचल, उत्तराखंड और पूर्वी यूपी में हल्की बारिश का अनुमान
  • उत्तराखंड में 40 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट
  • यूपी, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में तापमान सामान्य से ऊपर

 

मानसून की विदाई शुरू, तापमान में बढ़ोतरी का दौर आया।
मानसून की विदाई शुरू, तापमान में बढ़ोतरी का दौर आया। - फोटो : गांव जंक्शन
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 उत्तर भारत के राज्यों में 4 अक्तूबर को बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन 5 अक्तूबर से पहाड़ी और कुछ मैदानी इलाकों के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। IMD ने जानकारी दी है कि आने वाले दिनों में कुछ राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जबकि बाकी हिस्सों में गर्मी और शुष्क मौसम का प्रभाव बना रहेगा।

IMD के अनुसार, 4 अक्तूबर को उत्तर भारत के सभी प्रमुख राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहेगा। इन इलाकों में बारिश का कोई भी अनुमान नहीं है।हालांकि, 5 अक्तूबर से मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। IMD के अनुसार, 5 अक्तूबर को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश होने की संभावना है। दूसरी ओर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के पूर्वी व पश्चिमी दोनों हिस्सों में 5 अक्तूबर को भी मौसम पूरी तरह से शुष्क ही बना रहेगा।

तेज हवाओं और आंधी का अलर्ट
पहाड़ी राज्यों में मौसम के इस बदलाव को लेकर विशेष अलर्ट भी दिया गया है। IMD के अनुसार, 5 अक्तूबर को उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर गरज और आकाशीय बिजली चमकने के साथ-साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। विभाग ने बताया है कि इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। प्रशासन और मौसम विभाग ने स्थानीय लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

तापमान में सामान्य से ज्यादा बढ़ोतरी
बारिश न होने के कारण उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। IMD के अनुसार, हाल ही में पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक दर्ज किया गया है। पंजाब और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.1 से 5.0 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। इसके अलावा, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है।

अधिकतम तापमान की बात करें तो जम्मू-कश्मीर और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में यह सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया है। IMD के अनुसार, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में राजस्थान के पिलानी में सबसे अधिक 41.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि जब तक बारिश की गतिविधियां जोर नहीं पकड़तीं, तब तक कुछ इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर ही बना रह सकता है।


विज्ञापन
विज्ञापन