उत्तर भारत के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है। IMD के अनुसार, 27 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करना शुरू करेगा। इसके प्रभाव से 28 अक्टूबर से उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पहाड़ी राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने की संभावना है।
पूर्वी यूपी और उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी
IMD के अनुसार, इस दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि 29 और 30 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश से लेकर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 31 अक्टूबर को भी यहां भारी बारिश होने के आसार जताए गए हैं।
वहीं, पहाड़ी राज्य उत्तराखंड की बात करें तो वहां 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना है। सरकारी बुलेटिन के मुताबिक, 30 अक्टूबर को उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान का हाल
मैदानी इलाकों को लेकर IMD के अनुसार, 28 से 31 अक्टूबर के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में छिटपुट बारिश होने का अनुमान है। राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिमी राजस्थान में 29 और 30 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29 से 31 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश होने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों जैसे हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में भी 29 और 30 अक्टूबर को मौसम खराब रहेगा और बारिश होने का अनुमान है।
आंधी, बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट
बारिश के साथ-साथ कई राज्यों में तेज हवाएं भी मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। 28 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। 29 और 30 अक्टूबर के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 30-40 किमी/घंटा की गति से झोंकेदार हवाएं चलने का अलर्ट है। इसी दौरान हिमाचल प्रदेश में बिजली चमकने की आशंका है।इसी तरह 30 और 31 अक्टूबर: 30 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और पूर्वी राजस्थान में तेज आंधी आ सकती है, जहां हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसी तरह 31 अक्टूबर को पूर्वी यूपी में भी आंधी (40-50 किमी/घंटा) और बिजली कड़कने की चेतावनी दी गई है।